नई दिल्ली. मुंबई में आयोजित बीसीसीआई की इस समीक्षा बैठक से जुड़ा सबसे बड़ा अपडेट यह है कि मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर व्यक्तिगत कारणों के चलते ऑनलाइन भी शामिल नहीं हो सके. इससे पहले उनके वर्चुअली जुड़ने की संभावना जताई जा रही थी. हालांकि मुख्य कोच गौतम गंभीर, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण और शीर्ष बोर्ड अधिकारियों की मौजूदगी में हुई इस बैठक के बाद कोई आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित नहीं की गई, लेकिन बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने पत्रकारों से बातचीत में रोहित शर्मा की तारीफ की और स्पष्ट किया कि अगरकर के कार्यकाल को लेकर बैठक में कोई चर्चा नहीं हुई. यह समीक्षा बैठक भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिहाज से बेहद खास मानी जा रही है, जहां यूके के निराशाजनक दौरे की समीक्षा के साथ-साथ आगामी न्यूजीलैंड दौरे, जसप्रीत बुमराह व हार्दिक पांड्या जैसे प्रमुख खिलाड़ियों की फिटनेस, रोहित शर्मा के वनडे भविष्य और चयनकर्ताओं, कोचिंग स्टाफ व सीओई के बीच बेहतर तालमेल की योजनाओं पर गहराई से मंथन किया गया.
September 3, 202618:06 IST
BCCI Review Meeting LIVE: खिलाड़ियों की इंजरी पर क्या बोले देवजीत सैकिया
BCCI Review Meeting LIVE Updates: खिलाड़ियों की चोटों और व्यस्त शेड्यूल पर चिंता जताते हुए देवजीत सैकिया ने बताया कि लगातार क्रिकेट खेलने से खिलाड़ियों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है. दो महीने लंबे आईपीएल के तुरंत बाद इंग्लैंड दौरे पर गई 15 सदस्यीय टीम में से 3-4 खिलाड़ी मैच के दौरान ही चोटिल हो गए. वर्तमान एफटीपी (FTP) के तहत इस समस्या से निपटने के लिए बीसीसीआई, कप्तान और मुख्य कोच से फीडबैक लेकर रणनीति बना रहा है. साथ ही चोट के बाद सफल वापसी का प्रोटोकॉल भी तैयार है. अगले एफटीपी में सेना (SENA) देशों के महत्वपूर्ण दौरों से पहले खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त आराम, परिस्थितियों के अनुकूल ढलने और अभ्यास मैचों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.
September 3, 202617:51 IST
BCCI Review Meeting LIVE: बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने रोहित के फ्यूचर प्लान पर दिया बड़ा अपडेट
BCCI Review Meeting LIVE Updates: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की समीक्षा बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने अफवाहों पर विराम लगाने की कोशिश की. उन्होंने स्पष्ट कहा कि रोहित शर्मा बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं, इसलिए किसी भी तरह की भ्रामक खबरों को हवा नहीं दी जानी चाहिए. इसके साथ ही सैकिया ने यह भी साफ कर दिया कि बोर्ड में किसी नए क्रिकेट निदेशक (Director of Cricket) को नियुक्त करने की फिलहाल कोई योजना नहीं है.
September 3, 202617:13 IST
BCCI Review Meeting LIVE: नहीं होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
BCCI Review Meeting LIVE Updates: मुंबई में कई अहम मुद्दों पर हुई लंबी चर्चा के बाद भी बीसीसीआई की तरफ से कोई आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस या मीडिया ब्रीफिंग नहीं की गई. ऐसा लगता है कि बोर्ड इस बार बैठकों के फैसलों और अंदरूनी रणनीतियों को पूरी तरह गोपनीय रखने के मूड में है.
September 3, 202616:22 IST
BCCI Review Meeting LIVE: सैकिया के बाहर आने का इंतजार
BCCI Review Meeting LIVE Updates: बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया अभी भी बोर्ड मुख्यालय परिसर में डटे हुए हैं, जिससे कयासों का दौर तेज हो गया है. मुंबई में हुई इस हाई-प्रोफाइल समीक्षा बैठक के खत्म होने के बाद अब सभी की निगाहें उन्हीं पर टिकी हैं. क्रिकेट प्रशंसकों और मीडिया के बीच यह उत्सुकता बनी हुई है कि क्या वह बाहर आकर बैठक में लिए गए फैसलों पर मीडिया को कोई आधिकारिक बयान देंगे. हालांकि बोर्ड की तरफ से प्रेस कॉन्फ्रेंस की कोई पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सैकिया की मौजूदगी से यह उम्मीद लगाई जा रही है कि जल्द ही बैठक से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं.
September 3, 202616:13 IST
BCCI Review Meeting LIVE: बीसीसीआई की रिव्यू मीटिंग खत्म
BCCI Review Meeting LIVE: मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में भारतीय क्रिकेट टीम के हालिया प्रदर्शन को लेकर बुलाई गई हाई-प्रोफाइल समीक्षा बैठक अब खत्म हो चुकी है. इस महत्वपूर्ण मंथन में मुख्य कोच गौतम गंभीर, चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और नेशनल क्रिकेट एकेडमी (CoE) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण जैसे दिग्गज शामिल रहे. बैठक का पूरा ध्यान टीम के हालिया नतीजों का विश्लेषण करने, खिलाड़ियों की चोटों से जुड़ी चिंताओं को दूर करने और 2027 वनडे वर्ल्ड कप समेत आगामी सीरीज के लिए ठोस रणनीति तैयार करने पर केंद्रित था.
September 3, 202616:11 IST
BCCI Review Meeting LIVE: गंभीर-गिल रवाना
BCCI Review Meeting LIVE Updates: मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में आयोजित अहम समीक्षा बैठक के समापन के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर, श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल रवाना हो चुके हैं, जबकि मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर इस बैठक में वर्चुअली शामिल हुए. फिलहाल नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया बोर्ड कार्यालय में ही मौजूद हैं.
September 3, 202616:09 IST
BCCI Review Meeting LIVE: क्या BCCI की कोई आधिकारिक ब्रीफिंग नहीं होगी ?
BCCI Review Meeting LIVE Updates: बीसीसीआई मुख्यालय से वीवीएस लक्ष्मण के बाहर निकलने के बाद यह साफ हो गया है कि बोर्ड की इस अहम बैठक का समापन हो चुका है. ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ के सूत्रों के मुताबिक, बीसीसीआई इस पूरे मामले पर कोई औपचारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने के मूड में नहीं है, जिसका मतलब है कि आगे की अपडेट्स आधिकारिक घोषणा के बजाय मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए ही सामने आएंगी. फिलहाल बोर्ड परिसर में मौजूद पत्रकारों द्वारा ही अगले कुछ घंटों में पल-पल की ताजा जानकारियां छनकर बाहर आने की संभावना है, इसलिए स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने तक नए अपडेट्स पर नजर बनाए रखना जरूरी है.
September 3, 202616:05 IST
BCCI Review Meeting LIVE: एशियन गेम्स में टीम इंडिया के साथ हेड कोच बनकर जापान जाएंगे लक्ष्मण
BCCI Review Meeting LIVE: बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) के निदेशक और पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण इस महीने जापान के आइची नगोया में होने वाले एशियाई खेलों में भारतीय पुरुष टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे. खेल मंत्रालय द्वारा जारी दल सूची के अनुसार, लक्ष्मण के मार्गदर्शन में सहयोगी स्टाफ के रूप में सुनील जोशी, ऋषिकेश कानित्कर और शुभादीप घोष टीम के साथ मौजूद रहेंगे. वर्ष 2023 के हांगझू एशियाई खेलों में भी लक्ष्मण भारतीय टीम के मुख्य कोच थे, जहां भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था.










