Last Updated:October 19, 2026, 10:11 IST
Gorakhpur News : गोरखपुर के चौरीचौरा रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे क्रासिंग गेट 147 B पर नया ओवरब्रिज बन गया है. यह ओवरब्रिज रेफर किए गए गंभीर मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है.
गोरखपुर में बना ओवरब्रिज.
गोरखपुर: किसी गंभीर मरीज के लिए समय पर अस्पताल पहुंचना जिंदगी और मौत के बीच का अंतर बन सकता है. खासकर तब, जब मरीज को सांस लेने में परेशानी हो, ब्रेन स्ट्रोक आया हो या किसी हादसे में गंभीर चोट लगी हो. ऐसे में एंबुलेंस का हर मिनट कीमती होता है. गोरखपुर के चौरीचौरा में अब ऐसे मरीजों को रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन गुजरने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. चौरीचौरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे क्रॉसिंग गेट संख्या 147 बी पर नया ओवरब्रिज बनकर तैयार हो गया है और इस पर आवागमन भी शुरू हो गया है. इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ गंभीर मरीजों को हायर सेंटर पहुंचाने में भी बड़ी राहत मिली है.
कई बार बन जाती थी चुनौती
दरअसल, चौरीचौरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में हर दिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं. इनमें सामान्य मरीजों के साथ सड़क हादसों में घायल, जहर खाने, आग से झुलसने और ब्रेन स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे मरीज भी शामिल होते हैं. ऐसे मरीजों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज और एम्स जैसे बड़े अस्पतालों में रेफर किया जाता है. लेकिन अब तक इन मरीजों को हायर सेंटर ले जाना कई बार चुनौती बन जाता था.
अब ओवरब्रिज किसी वरदान से कम नहीं
जब रेलवे क्रॉसिंग बंद होती थी, तो एंबुलेंस को फाटक खुलने का इंतजार करना पड़ता था. इस दौरान मरीज और उसके परिजनों की चिंता बढ़ जाती थी. गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिलना बेहद जरूरी होता है, ऐसे में रेलवे फाटक पर लगने वाला इंतजार परेशानी बढ़ा देता था. अब ओवरब्रिज बनने से इस समस्या से काफी हद तक निजात मिल गई है. रेलवे फाटक बंद होने पर भी एंबुलेंस ओवरब्रिज से गुजरकर मरीजों को तेजी से हायर सेंटर तक पहुंचा सकती है. इस तरह नया ओवरब्रिज गंभीर मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है.
लोगों को मिली राहत
इस ओवरब्रिज का फायदा सिर्फ मरीजों और एंबुलेंस तक सीमित नहीं है. मुंडेरा बाजार के बैंक, स्कूलों और रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को भी बड़ी राहत मिली है. इलाके में दो बैंक और कई छोटे-बड़े स्कूल हैं. रेलवे क्रॉसिंग बंद होने पर बैंक में नकदी लेकर जाने वाले वाहनों, स्कूल जाने वाले बच्चों, अभिभावकों और राहगीरों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता था. कई बार जरूरी काम के लिए निकले लोगों का समय भी फाटक पर ही बर्बाद हो जाता था. अब ओवरब्रिज चालू होने से लोगों को बार-बार ट्रेन गुजरने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और उनका सफर पहले के मुकाबले आसान हो सकेगा.
About the Author
Location :
Gorakhpur,Uttar Pradesh
First Published :
October 19, 2026, 10:11 IST










