PCB ने सेलेक्टर्स को थमाया नोटिस, इमाम-रिजवान के चयन पर 24 घंटे में मांगा जवाब
Last Updated:September 01, 2026, 19:50 IST
PCB show cause notice to selection committee: पाकिस्तान क्रिकेट में जारी उठापटक में नया मोड़ आ गया है. मौजूदा इंग्लैंड दौरे के बीच सात खिलाड़ियों को घर भेजने और कोचिंग स्टाफ में बदलाव के बाद अब पीसीबी ने अपनी ही सेलेक्शन कमिटी के फैसले पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बोर्ड ने वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरे के लिए इमाम उल हक और मोहम्मद रिजवान के चयन को लेकर कमिटी के सदस्यों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा है.
इमाम-रिजवान के चयन पर पीसीबी ने सेलेक्टर्स ने मांगा जवाब.
नई दिल्ली. इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान की लगातार दो शर्मनाक टेस्ट हार के बाद अब गाज टीम के खिलाड़ियों पर ही नहीं, बल्कि चयनकर्ताओं पर भी गिरने लगी है. 7 खिलाड़ियों को बीच दौरे पर घर भेजने और कोचिंग स्टाफ के बदलाव के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपनी ही सेलेक्शन कमेटी को कारण नोटिस थमा दिया है. पीसीबी ने इमाम-उल-हक और मोहम्मद रिजवान को टीम में चुनने का आधार बताने के लिए नोटिस जारी किया है. इतना ही नहीं बोर्ड ने कमिटी को 24 घंटे की डेडलाइन भी दी है.
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक पीसीबी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर सुमैर अहमद की ओर से जारी एक पन्ने के शो-कॉज नोटिस में सेलेक्शन कमिटी से दोनों खिलाड़ियों के चयन का आधार और उसकी वजह बताने को कहा गया है. नोटिस में सेलेक्शन कमिटी से यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि इमाम और रिजवान को चुनते समय कौन से चयन मानदंड, प्रदर्शन और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखा गया था. यानी बोर्ड ने सीधे तौर पर चयन समिति के फैसले पर सवाल खड़ा किया है.
24 घंटे में मांगा जवाब
जिस चयन समिति से जवाब मांगा गया है, उसमें पाकिस्तान क्रिकेट के कई बड़े नाम शामिल हैं. आकिब जावेद, मिस्बाह-उल-हक, सरफराज अहमद और असद शफीक जैसे पूर्व क्रिकेटर इसका हिस्सा हैं. पीसीबी ने नोटिस को ‘तत्काल’ और ‘बेहद महत्वपूर्ण’ बताते हुए समिति को 24 घंटे के भीतर जवाब देने को कहा है. दिलचस्प बात यह है कि इस पूरे घटनाक्रम के बीच मिस्बाह-उल-हक के सेलेक्टर्स कमिटी से इस्तीफा देने की खबरें भी सामने आई हैं. हालांकि, उनका इस्तीफा अभी स्वीकार नहीं किए जाने की बात कही जा रही है.
सात खिलाड़ियों को पहले ही भेज चुका घर
पीसीबी का यह कदम उस बड़े फैसले के एक दिन से भी कम समय बाद आया है, जिसमें इंग्लैंड दौरे पर गई पाकिस्तान टीम में बड़े बदलाव किए गए. लॉर्ड्स में इंग्लैंड के हाथों 194 रन की हार के बाद बोर्ड ने सात खिलाड़ियों को बीच टेस्ट सीरीज में ही वापस पाकिस्तान भेज दिया. इनमें सलमान अली आगा, अली उस्मान, आमिर जमाल, मोहम्मद अवैस जफर और खुर्रम शहजाद के अलावा इमाम-उल-हक और मोहम्मद रिजवान शामिल थे. इन सभी खिलाड़ियों की जगह तीसरे और आखिरी टेस्ट के लिए नए खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया है. तीसरा टेस्ट 9 सितंबर से बर्मिंघम में खेला जाना है.
कोचिंग स्टाफ पर भी चला डंडा
खिलाड़ियों पर कार्रवाई के साथ ही बोर्ड ने कोचिंग स्टाफ में भी बड़ा फेरबदल किया. हेड कोच सरफराज अहमद समेत कुछ अन्य कोचों को भी पद से हटा दिया गया. यानी एक तरफ बोर्ड टीम में बड़े बदलाव कर रहा है, दूसरी तरफ उसी सेलेक्शन कमिटी से उन खिलाड़ियों के चयन का हिसाब मांग रहा है जिन्हें उसने पहले टीम का हिस्सा बनाया था. इसी वजह से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के फैसलों पर सवाल और गहरे हो गए हैं.
पाकिस्तान क्रिकेट में चयन को लेकर विवाद नया नहीं
पाकिस्तान क्रिकेट में चयन प्रक्रिया को लेकर विवादों का इतिहास लंबा रहा है. कई मौकों पर कप्तानों और बोर्ड के प्रभाव ने सेलेक्टर्स के फैसलों को प्रभावित किया है. इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बीच पीसीबी के फैसलों ने पाकिस्तान क्रिकेट को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है. पिछले 24 घंटों में सात खिलाड़ियों की वापसी, कोचिंग स्टाफ में बदलाव, मिस्बाह-उल-हक के कथित इस्तीफे और अब सेलेक्टर्स कमिटी को कारण बताओ नोटिस नोटिस, ये घटनाक्रम तेजी से बदला है. अब सबकी नजर सेलेक्टर्स कमिटी के जवाब पर है. पाकिस्तान क्रिकेट में मैदान के बाहर चल रहा यह विवाद फिलहाल खत्म होता नहीं दिख रहा.
About the Author
परिचय शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
September 01, 2026, 19:50 IST









