20 साल के बैटर के तूफान में उड़ा जिम्बाब्वे, SA ने तीन दिन में दूसरी बार रौंदा

होमखेलक्रिकेट

20 साल के बैटर के तूफान में उड़ा जिम्बाब्वे, SA ने तीन दिन में दूसरी बार रौंदा

Last Updated:September 01, 2026, 22:30 IST

SA vs ZIM T20I: साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को तीन दिन में लगातार दूसरी बार टी20 में मात देते हुए विंडहोक में 43 रन से हराया. लुहान-ड्रे प्रेटोरियस ने करियर की सर्वश्रेष्ठ 94 रन की पारी खेली, जिसकी बदौलत साउथ अफ्रीका ने 185/7 का स्कोर खड़ा किया. जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 142 रन पर ही ढेर हो गई.

लुहान-ड्रे प्रेटोरियस ने खेली 94 रन की मैच विनिंग पारी.

नई दिल्ली. साउथ अफ्रीका ने नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में जिम्बाब्वे को 43 रन से मात दी. यह ट्राई सीरीज साउथ अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे के बीच खेली जा रही है. फिलहाल साउथ अफ्रीका 3 में से 2 मैच जीतने के बाद टॉप पर है. दिलचस्प यह है कि ये दोनों जीत साउथ अफ्रीका को पिछले तीन दिनों में जिम्बाब्वे के खिलाफ ही मिली हैं. उसे नामीबिया ने अपने पहले मुकाबले में हरा दिया था. मेजबान नामीबिया 2 में से 1 मैच जीतकर दूसरे पायदान पर है. जिम्बाब्वे ने 3 में से 2 मैच गंवा दिए हैं और टीम तीसरे स्थान पर है.

प्रेटोरियस की तूफानी पारी, लेकिन शतक से चूके
मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम ने 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 185 रन बनाए. टॉप ऑर्डर के तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके. लुहान-ड्रे प्रेटोरियस ने जॉर्डन हरमन के साथ बतौर सलामी जोड़ी 46 गेंदों में 68 रन की साझेदारी की. जॉर्डन 25 गेंदों में 2 छक्कों और 1 चौके के साथ 28 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद प्रेटोरियस ने देवाल्ड ब्रेविस के साथ दूसरे विकेट के लिए 46 गेंदों में 86 रन जोड़कर टीम को 154 के स्कोर तक पहुंचाया.

ब्रेविस ने भी खेली दमदार पारी
ब्रेविस 27 गेंदों में 3 छक्कों और 2 चौकों के साथ 41 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया. यहां से किसी भी जोड़ी के बीच दहाई के आंकड़े की साझेदारी नहीं हो सकी. प्रेटोरियस 51 गेंदों में 94 रन बनाकर आउट हुए. उनकी इस पारी में 3 छक्के और 12 चौके शामिल रहे. विपक्षी खेमे से वेस्ली मधावेरे ने 20 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि ब्रैड इवांस ने 2 विकेट निकाले. न्यूमैन न्यामहूरी को 1 सफलता हाथ लगी.

142 रन पर सिमटा जिम्बाब्वे
इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 17.4 ओवरों में 142 रन पर सिमट गई. बेन करन ने ब्रायन बेनेट (13) के साथ पहले विकेट के लिए 20 रन की साझेदारी की. करन 4 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया. आलम ये रहा कि 66 के स्कोर तक 8 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए. यहां से कप्तान सिकंदर रजा ने न्यूमैन न्यामहूरी के साथ मिलकर 9वें विकेट के लिए 22 गेंदों में 39 रन जोड़कर टीम को किसी तरह शतक के पार पहुंचाया. सिकंदर 33 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 45 रन बनाकर पवेलियन लौटे.

इसके बाद न्यामहूरी ने कुंडई माटिगिमु के साथ अंतिम जोड़ी के रूप में 30 गेंदों में 42 रन जुटाकर हार के अंतर को कम किया. विपक्षी खेमे से कप्तान ब्योर्न फोर्टुइन ने 24 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि डुआन जानसेन ने 3 विकेट चटकाए. इनके अलावा, प्रेनेलन सुब्रायेन और नकाबायोमजी पीटर को 1-1 विकेट हाथ लगा.

About the Author

Shivam Upadhyay

परिचय शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…

और पढ़ेंLocation :

New Delhi,New Delhi,Delhi

First Published :

September 01, 2026, 22:30 IST

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति