जिसे बचपन से अपना आदर्श माना, आज उसी का रिकॉर्ड तोड़कर क्या बोलीं मिताली?
Last Updated:September 04, 2026, 15:01 IST
Smriti Mandhana Women T20 Asia Cup: महिला एशिया कप में हांगकांग के खिलाफ मुकाबले में स्मृति मंधाना ने पूरे विश्व क्रिकेट को हैरान कर दिया. बाएं हाथ की इस आक्रामक बल्लेबाज ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी के दम पर इंटरनेशनल महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. मैच के बाद उन्होंने एक बड़ी अच्छी बात भी कही.
दुबई: स्मृति मंधाना ने अपने करियर का बड़ा हिस्सा मिताली राज की कप्तानी में खेला है. मिताली उनके लिए बचपन से ही आदर्श रही हैं. अब स्मृति मंधाना ने मिताली राज को पीछे छोड़ महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बृहस्पतिवार को भारतीय उपकप्तान ने मिताली के 10,868 अंतरराष्ट्रीय रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. मंधाना के नाम अब तीनों प्रारूपों में कुल 10,880 रन हो गए हैं. स्मृति मंधाना ने कहा कि उन्होंने:
जब तक मैं बल्लेबाजी कर रही थी, मुझे पता ही नहीं था कि मैं कौन सा रिकॉर्ड तोड़ने वाली हूं, क्योंकि मुझे रनों का सही आंकड़ा मालूम नहीं था. मैं जब पीछे मुड़कर देखती हूं तो यह भारतीय क्रिकेट के लिए निश्चित रूप से बहुत अच्छा दिन था. मिताली दीदी ऐसी दिग्गज और आदर्श रही हैं, जिन्हें हम सभी ने बचपन से बल्लेबाजी करते हुए देखा है, उनके रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ पाना मैंने कभी नहीं सोचा था. मुझे इस बात की खुशी है कि इस सूची में शीर्ष दो स्थानों पर भारतीय हैं.
टी-20 एशिया कप में सबसे बड़ा स्कोर
हांगकांग के खिलाफ मंधाना ने शानदार शतक जड़कर एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया. उन्होंने महिला टी-20 एशिया कप में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर का नया रिकॉर्ड बनाया और श्रीलंका की चमारी अटापट्टू के नाबाद 119 रन के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा. उनकी पारी की बदौलत भारत ने पांच विकेट पर 193 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया.
महिला इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा शतक
जवाब में हांगकांग की टीम 16.2 ओवर में सिर्फ 56 रन पर सिमट गई और भारत ने महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय में रनों के लिहाज से अपनी दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की. मंधाना ने महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाली बल्लेबाज का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. उनके शतकों की संख्या अब 18 हो गई है, जिससे उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज मेग लैनिंग (17 शतक) को पीछे छोड़ दिया.
About the Author
Anshul TalmaleDeputy News Editor
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. यहां स्पोर्ट्स कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल डायरेक्शन एंड स्ट्रे…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
September 04, 2026, 15:01 IST










