75 साल के जश्न में जापान को पटखनी देने उतरेगा भारत, एशियन गेम्स से पहले ‘जंग’
Last Updated:September 04, 2026, 21:14 IST
india-japan cricket match: 22 सितंबर 2026, मंगलवार को जापान के तोचिगी प्रीफेक्चर स्थित सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा. इस मुकाबले को ‘सुजुकी कप’ नाम दिया गया है. यह मैच भारत-जापान के बीच क्रिकेट संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ जापान में इस खेल को लोकप्रिय बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है
22 सितंबर को जापान के साथ भारतीय सीनियर टीम खेलेगी फ्रेंडली मैच
नई दिल्ली. भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के जश्न की शुरुआत क्रिकेट के मैदान से होगी. जापान क्रिकेट एसोसिएशन (JCA) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने घोषणा की है कि दोनों देशों की पुरुष क्रिकेट टीमें एक विशेष टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेलेंगी.
यह मुकाबला 22 सितंबर 2026, मंगलवार को जापान के तोचिगी प्रीफेक्चर स्थित सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा. इस मुकाबले को ‘सुजुकी कप’ नाम दिया गया है. यह मैच भारत-जापान के बीच क्रिकेट संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ जापान में इस खेल को लोकप्रिय बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
स्पोर्ट 75 का होगा आगाज
यह मुकाबला ‘स्पोर्ट 75’ पहल का पहला चरण होगा. इस पहल का उद्देश्य भारत और जापान के बीच खेल के क्षेत्र में सहयोग और लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा देना है. यह पहल जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई शिखर बैठक के दौरान बनी सहमति से सामने आई है. इसमें भारत की 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी की महत्वाकांक्षा को भी ध्यान में रखा गया है.
क्रिकेट का शामिल होना गर्व की बात
BCCI के मानद सचिव देवजीत सैकिया ने इस ऐतिहासिक अवसर पर खुशी जताते हुए कहा कि भारतीय और जापानी पुरुष टीमों के बीच जापान में होने वाले विशेष टी20 इंटरनेशनल का हिस्सा बनकर बोर्ड बेहद उत्साहित है. उन्होंने कहा कि यह भारतीय टीम के लिए एक नए क्षेत्र में कदम रखने का महत्वपूर्ण मौका है. साथ ही इससे जापान और पूर्वी एशिया में क्रिकेट को नए दर्शकों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी. सैकिया ने भारत और जापान के बीच लंबे समय से चले आ रहे मजबूत रिश्तों और दोस्ती का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के जश्न में क्रिकेट का शामिल होना गर्व की बात है. उन्होंने इस मुकाबले को संभव बनाने के लिए जापान क्रिकेट एसोसिएशन के प्रयासों की भी सराहना की.
क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए अहम कदम
BCCI सचिव ने आगे कहा कि क्रिकेट का विकास केवल उसके पारंपरिक क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहना चाहिए. दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट बोर्ड के तौर पर BCCI अपनी जिम्मेदारी को समझता है और इस खेल को नए देशों तथा नए क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए काम करता रहेगा. उन्होंने भरोसा जताया कि BCCI और JCA आने वाले वर्षों में मिलकर जापान में क्रिकेट को मजबूत करने और दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों को आगे बढ़ाने का काम करेंगे.
BCCI को कहा शुक्रिया
वहीं, जापान क्रिकेट एसोसिएशन के CEO नाओकी मियाजी ने इस मुकाबले को अपने संगठन के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया. उन्होंने कहा कि मौजूदा विश्व चैंपियन को जापान के घरेलू क्रिकेट मैदान पर आमंत्रित करना JCA के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण उपलब्धि है. मियाजी ने BCCI को सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि जापान भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के जुनून और उत्साह का स्वागत करने के लिए तैयार है. उन्होंने स्थानीय जापानी लोगों से भी इस मुकाबले को देखने और जापानी टीम का उत्साह बढ़ाने की अपील की, जो क्रिकेट से परिचित होना चाहते हैं.
भारत-जापान के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के मौके पर होने वाला यह मुकाबला दोनों देशों के बीच खेल और कूटनीति के नए अध्याय की शुरुआत बन सकता है. साथ ही जापान में क्रिकेट के विस्तार के लिहाज से भी इसे बेहद अहम कदम माना जा रहा है.
About the Author
Rajeev MishraAssociate editor
राजीव मिश्रा, खेल पत्रकारिता में एक जाना पहचाना चेहरा है जो अपनी बेबाक विशलेषण के लिए जाने जाते है. वर्तमान में नेटवर्क 18 में एसोसिएट स्पोर्ट्स एडिटर के रूप में कार्यरत हूँ. इस भूमिका में मैं डिजिटल स्पोर्ट्स …
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,Delhi
First Published :
September 04, 2026, 17:48 IST










