Last Updated:August 25, 2026, 12:36 IST
UP Elections: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक ऐसी घोषणा की है जिसके बाद लोग जाति और धर्म से ऊपर उठकर बीजेपी के प्रति भरोसा जताएंगे. सीएम योगी ने सरकारी नौकरियों को लेकर मंगलवार को बड़ी घोषणा की. उन्होंने कहा कि अगले छह महीने के भीतर वह एक लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी की नियुक्तिपत्र देने जा रहे हैं. उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में सरकारी नौकरी एक ऐसा मुद्दा है जिसमें युवा और उनके परिजन जाति-धर्म के बंधन से ऊपर उठकर वोट डालने जाते हैं.
यूपी चुनाव से पहले CM योगी ने सरकारी नौकरी को लेकर बड़ी घोषणा की है.
लखनऊ: अगर आपसे कोई पूछे कि राजनीति में वो कौन सा दांव है जिसमें वोटर अपनी जात, धर्म, संप्रदाय से ऊपर उठकर वोट करने जाता है. शायद हर कोई इसका जवाब यही देंगे- राष्ट्रवाद और सरकारी नौकरी. जी हां, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सरकारी नौकरी को लेकर इतनी बड़ी घोषणा की है कि वह विपक्षी पार्टियों जरूर परेशान करेगी. वहीं आगामी चुनाव में बीजेपी के लिए बड़े युवा वोटरों और उनके परिजनों का भरोसा पाने के लिए रास्ता बनाएंगे.
छह महीने के भीतर एक लाख सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार कहा- ‘मैं प्रदेश भर के युवाओं को इस बात के लिए आश्वस्त कर रहा हूं कि अगले 6 महीने के अंदर, नोट करिए अगले 6 महीने के अंदर, एक लाख नौजवानों को फिर सरकारी नियुक्ति पत्र अलग-अलग स्टेज में हर सप्ताह उपलब्ध करवाने जा रहे हैं.’ मंच से सीएम की ओर से यह घोषणा होते ही भाषण सुनने आई भीड़ में एक अलग ही ऊर्जा का संचार दिखा. पूरा सभा स्थल तालियों की गड़गड़ाहट और योगी अदित्यनाथ जिंदाबाद के नारों से गूंजायमान हो गया. यहां बता दें कि उत्तर प्रदेश और बिहार देश के दो ऐसे राज्य हैं जहां सरकारी नौकरी को लेकर एक अलग ही किस्म का क्रेज दिखता है.
हमने बिना भेदभाव के नौकरियां दीं
सीएम ने आगे कहा- ‘हमें इस बात को ध्यान में रखना होगा कि जब हम योग्यतम अभ्यर्थियों का चयन बिना भेदभाव के करते हैं, तो उसका लाभ पूरे प्रदेश को मिलता है। उनकी प्रतिभा और उनकी ऊर्जा का लाभ पूरा प्रदेश लेता हुआ दिखाई देता है और यही तो पिछले 9-9.5 वर्ष के अंदर डबल इंजन की भारतीय जनता पार्टी की सरकार की उपलब्धियों में से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी है।’
हमने 9 लाख 30 हजार से ज्यादा सरकारी नौकरियां दी
उन्होंने कहा- ‘मुझे बताते हुए प्रसन्नता है कि इस दौरान हमारी सरकार ने 9 लाख 30 हजार से अधिक उत्तर प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध करवाने में सफलता प्राप्त की है और एक भी नियुक्ति पर कोई प्रश्न नहीं खड़ा कर सकता। हमने पहले दिन से तय कर रखा है कि जो 2017 के पहले की परिपाटी थी कि नियुक्ति का विज्ञापन निकलता था, चाचा-भतीजे की जोड़ी और महाभारत का पूरा खानदान फिर वसूली के लिए प्रदेश भर में निकल पड़ता था, नौजवान भटकता रहता था, परिणाम नहीं आता था और अंततः माननीय न्यायालय को कोर्ट में स्टे लगाना पड़ता था.’
सीएम योगी ने कहा कि जब हम अपनी युवा ऊर्जा को प्रोत्साहित करते हैं, उसको साथ लेकर के चलते हैं परिणाम आते हैं। याद करिए, यही उत्तर प्रदेश 2017 के पहले बीमारू राज्य कहा जाता था, बीमारू राज्य था। युवा पलायन कर रहा था, किसान आत्महत्या कर रहा था, बेटी के सामने सुरक्षा का संकट था, व्यापारी माफिया से तबाह था. किसान अपने खेत में जाने से डरता था, खेत में अगर उसने मोटर लगा रखी है तो कब चोरी हो गई उसको पता ही नहीं होता था, ये यूपी के अंदर होता था.
About the Author
अभिषेक कुमार News18 की डिजिटल टीम में बतौर एसोसिएट एडिटर (सहयोगी संपादक) पद पर कार्यरत हैं. वे यहां बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तसीगढ़, उत्तराखंड की राजनीति, क्राइम समेत तमाम समसामयिक…
Lucknow,Lucknow,Uttar Pradesh
First Published :
August 25, 2026, 12:36 IST










