Last Updated:August 26, 2026, 11:28 IST
Lokmata Ahilyabai Matrushakti Yatra Scheme : प्रदेश सरकार ने लोक कल्याण संकल्प-2022 के तहत ‘सशक्त नारी’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है. इसके तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की सामान्य बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान करने की घोषणा की है. यह फैसला वरिष्ठ महिलाओं को आर्थिक राहत देने के साथ ही उन्हें आवागमन में अधिक स्वतंत्रता और सुविधा देने वाला कदम साबित होगा.
सीएम योगी की सौगात पर बुजुर्ग महिलाएं खुशी, (एआई तस्वीर का भी इस्तेमाल किया गया है)
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुजुर्ग महिलाओं को एक बड़ी सौगात दी है. उन्होंने 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को राज्य परिवहन निगम की बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का ऐलान किया है. आज लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विशेष बसों को फ्लैग ऑफ करेंगे. वहीं, लोकमाता अहिल्याबाई मुफ्त यात्रा योजना की सौगात मिलने पर बुजुर्ग महिलाओं ने योगी सरकार को सराहा. आइए जानते हैं आखिर क्या है योजना, क्या मिलेगा लाभ और कितने लोगों को इसका फायदा मिलने वाला है.
यूपी सरकार यह योजना ऐसे समय शुरू कर रही है, जब रक्षाबंधन करीब है. रक्षाबंधन के मौके पर योगी सरकार महिलाओं को बड़ा तोहफा देने की तैयारी में है. यूपी सरकार ने रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं के लिए सूबे की रोडवेज बसों में फ्री यात्रा की सुविधा जारी रखने का भी ऐलान किया है. इसका लाभ हर उम्र वर्ग की महिलाओं को मिलता है. इसके साथ ही, 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को पूरे साल यूपी रोडवेज की बसों में फ्री यात्रा की सौगात मिलने जा रही है.
सीएम का जताया आभार
न्यूज 18 इंडिया से बात करते हुए बुजुर्ग महिलाओं ने कहा कि हम गरीब हैं. ऐसे में पैसा देकर भी एसी बसों में सफर नहीं कर पाते. मगर, आज योगी जी की वजह से हम फ्री में सफर कर पाएंगे. एक ने कहा कि हम बहुत खुश है. अब फ्री में सफर कर पाएंगे. बहुत अच्छा कदम सरकार ने उठाया है. जैसे ही सुना कुछ ऐसा फैसला आया है तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा.
क्या है योजना?
कैबिनेट ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ को मंजूरी दी है. इसके तहत 60 साल से अधिक आयु की महिलाएं परिवहन निगम की सभी बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी. यात्रा के दौरान आधार कार्ड या वोटर आईडी के माध्यम से आयु का सत्यापन किया जाएगा. सरकारी अनुमान के अनुसार इस योजना का लाभ एक करोड़ से अधिक महिलाओं को मिलेगा. प्रतिदिन लगभग 88 हजार महिलाओं की यात्रा को आधार मानते हुए इस योजना पर हर महीने करीब 22.5 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.
निगम की ओर से जारी होंगे विशेष स्मार्ट कार्ड
इसके अलावा, बताया जा रहा है कि इस योजना को लागू करने के लिए 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को परिवहन निगम की ओर से विशेष स्मार्ट कार्ड उपलब्ध कराए जा सकते हैं. स्मार्ट कार्ड के माध्यम से पात्र महिला यात्रियों की पहचान और निशुल्क यात्रा की व्यवस्था को सुगम बनाया जा सकेगा.
About the Author
काव्या मिश्राSenior Sub Editor
Kavya Mishra is a Senior Sub Editor at News18 Hindi with over seven years of experience in digital and print journalism. She is part of the regional editorial team, covering Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana …
और पढ़ेंLocation :
Lucknow,Uttar Pradesh
First Published :
August 26, 2026, 11:28 IST










