Last Updated:July 19, 2026, 11:21 IST
राजकुमार राव की ‘श्रीकांत’ को 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट हिंदी फीचर फिल्म चुने जाने पर ज्योतिका ने अपनी खुशी जाहिर की है. 25 साल बाद बॉलीवुड में कमबैक करने वाली ज्योतिका के लिए यह जीत बेहद खास है. उन्होंने बताया कि बजट की कमी और कई मुश्किलों से जूझते हुए सिर्फ अपनी साफ नीयत और बेहतरीन कहानी के दम पर फिल्म ने यह मुकाम हासिल किया है. इसके साथ ही ज्योतिका ने राजकुमार राव की लाजवाब एक्टिंग और डायरेक्टर के विजन की जमकर तारीफ की है.
ख़बरें फटाफट
ज्योतिका ने 25 साल बाद ‘श्रीकांत’ फिल्म से किया बॉलीवुड कमबैक.
नई दिल्ली. 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में राजकुमार राव की फिल्म ‘श्रीकांत’ को बेस्ट हिंदी फीचर फिल्म का अवॉर्ड मिला है. दृष्टिबाधित बिजनेसमैन श्रीकांत बोला की जिंदगी पर बनी इस बायोपिक का निर्देशन तुषार हीरानंदानी ने किया है. फिल्म में राजकुमार राव के अलावा ज्योतिका, अलाया एफ और शरद केल्कर ने भी अहम रोल निभाए हैं. इस बड़ी जीत के बाद ज्योतिका ने अपनी खुशी जाहिर की, क्योंकि बॉलीवुड कमबैक करने के बाद उनके लिए यह एक बेहद खास मौका है.
ज्योतिका के लिए श्रीकांत की नेशनल अवॉर्ड की यह जीत इसलिए भी बहुत बड़ी है क्योंकि ‘श्रीकांत’ को बजट की कमी से लेकर कई दूसरी बड़ी मुश्किलों से जूझना पड़ा था, तब जाकर फिल्म आज इस मुकाम पर पहुंची है. सीएनएस-न्यूज18 शोशा के साथ बातचीत में उन्होंने कहा, ‘जब कोई फिल्म बजट से लेकर रिलीज डेट तक, हर मोड़ पर दिक्कतों से लड़ती है और उसके बावजूद सिर्फ अपनी साफ नीयत, बेहतरीन काम और लाजवाब कहानी के दम पर जीत हासिल करती है, तो वो पूरी टीम के लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं रह जाती, बल्कि एक जज्बात बन जाती है.’
शिद्दत और दिल से बनाई फिल्म
ज्योतिका ने आगे कहा, ‘तुषार, निधि हीरानंदानी और टी-सीरीज ने इस फिल्म को पूरी शिद्दत और दिल से बनाया है. उनका मकसद सिर्फ दुनिया को एक ऐसे विजुअली इम्पेयर्ड इंसान की खूबसूरत कहानी दिखाना था, जिसने समाज की रूढ़ियों को चुनौती दी. वो न सिर्फ एमआईटी के स्टूडेंट बने, बल्कि एक कामयाब बिजनेसमैन बनकर दुनिया के सामने मिसाल पेश की.’
ज्योतिका ने की राजकुमार राव ने की एक्टिंग की तारीफ
फिल्म में राजकुमार राव की एक्टिंग को ज्योतिका ने लाजवाब बताया और डायरेक्टर तुषार के विजन और उनके जुनून की जमकर तारीफ की, जिन्होंने ‘श्रीकांत’ जैसी साहसी कहानी को पर्दे पर उतारा. उन्होंने कहा, ‘मैं जितनी भी थैंकफुल रहूं, कम है. मुझे इस बात का बहुत गर्व है कि मैंने फिल्म में देविका टीचर का किरदार निभाया, जो श्रीकांत के सफर में उनका सबसे बड़ा सपोर्ट सिस्टम थी.’
25 साल बाद बॉलीवुड में किया कमबैक
उन्होंने भावुक होते हुए कहा, ‘यह रोल मेरे दिल के बेहद करीब इसलिए भी है क्योंकि करीब 25 साल के लंबे गैप के बाद मैंने बॉलीवुड में यह पहली हिंदी फिल्म साइन की थी. यह सिर्फ एक नेशनल अवॉर्ड नहीं है, बल्कि हमारी पूरी टीम का एक जज्बात है, जो हमेशा हमारे दिलों में रहेगा.’
About the Author
Kamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
और पढ़ें
Source











