Last Updated:June 13, 2026, 16:17 IST
5 cricketer missed 10000 test runs: टेस्ट क्रिकेट में 10,000 रन बनाना किसी भी बल्लेबाज के लिए एक ऐसा शिखर है, जहां पहुंचना उसके करियर को एवरेस्ट बना देता है. लेकिन क्रिकेट इतिहास में कुछ ऐसे भी दिग्गज हुए हैं, जिन्होंने इस जादुई आंकड़े के बेहद करीब पहुंचकर भी अपनी मर्जी से या परिस्थितियों के चलते संन्यास ले लिया. उनके लिए रन केवल एक संख्या थे, मील का पत्थर नहीं. क्रिकेट के उन 5 महान बल्लेबाजों के बारे में आइए जानते हैं जो 10 हजार के क्लब में शामिल होने से पहले ही रिटायर हो गए.
न्यूजीलैंड क्रिकेट के इतिहास में केन विलियमसन (Kane Williamson) का नाम सुनहरे अक्षरों में लिखा जा चुका है. इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के दौरान जब विलियमसन ने अचानक अपने संन्यास की घोषणा की, तो पूरा क्रिकेट जगत हैरान रह गया. विलियमसन 10 हजार के जादुई आंकड़े से महज 485 रन पीछे रह गए. उन्होंने अपने करियर में 110 टेस्ट मैच खेले, जिसकी 195 पारियों में 19 बार नाबाद रहते हुए 9,515 रन बनाए. उनका बल्लेबाजी औसत 54.06 का रहा, जो उनकी निरंतरता को दर्शाता है.
केन विलियमसन ने अपने टेस्ट करियर में 33 शतक और 38 अर्धशतक जड़े, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 251 रन रहा. उन्होंने 18,306 गेंदों का सामना करते हुए 51.97 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए. उनके बल्ले से 1063 चौके और 28 छक्के निकले, जबकि बतौर फील्डर उन्होंने 96 कैच लपके.
भारतीय क्रिकेट को अपनी कप्तानी से एक नई आक्रामकता देने वाले विराट कोहली (Virat Kohli) ने मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहकर सबको चौंका दिया. जब उन्होंने संन्यास लिया, तब उनके पास फिटनेस भी थी और फॉर्म भी, लेकिन उन्होंने मील के पत्थरों के पीछे भागने के बजाय सही समय पर हटना चुना. कोहली टेस्ट में 10 हजार के आंकड़े से केवल 770 रन दूर रह गए. उन्होंने अपने 123 टेस्ट मैचों के करियर की 210 पारियों में 13 बार नाबाद रहते हुए 9,230 रन बनाए. इस दौरान उनका औसत 46.85 का रहा.
Add News18 as
Preferred Source on Google
विराट कोहली ने टेस्ट में 30 शतक और 31 अर्धशतक लगाए, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 254 रन रहा. 55.57 के स्ट्राइक रेट से खेलने वाले कोहली ने 16,608 गेंदों का सामना किया और अपने करियर में 1027 चौके और 30 छक्के जड़े. मैदान पर चीते जैसी फुर्ती रखने वाले विराट ने 121 कैच भी पकड़े.
साउथ अफ्रीका के अब तक के सबसे सफल कप्तानों में से एक ग्रीम स्मिथ (Graeme Smith) ने साल 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के दौरान सिर्फ 33 साल की उम्र में संन्यास लेकर सबको स्तब्ध कर दिया था. स्मिथ जिस लय में थे, उसे देखते हुए उनका 10,000 रन बनाना तय माना जा रहा था, लेकिन उन्होंने जल्दी जाने का फैसला किया. ग्रीम स्मिथ इस ऐतिहासिक आंकड़े से 735 रन पीछे रह गए.
ग्रीम स्मिथ ने 117 टेस्ट मैचों की 205 पारियों में 13 बार नाबाद रहते हुए 9,265 रन बनाए. उनका औसत 48.25 का रहा और उन्होंने 27 शतकों के साथ-साथ 38 अर्धशतक भी लगाए. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 277 रन था. उन्होंने 15,525 गेंदों का सामना किया और 59.67 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से रन बटोरे. स्मिथ ने अपने करियर में 1165 चौके और 24 छक्के लगाए, साथ ही स्लिप में अपनी बादशाहत दिखाते हुए 169 कैच लपके.
दक्षिण अफ्रीका के एक और दिग्गज हाशिम अमला (Hashim Amla) अपनी बेजोड़ तकनीक, एकाग्रता और शांत स्वभाव के लिए जाने जाते थे. साल 2019 में जब उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया, तो वह भी इस खास क्लब का हिस्सा बनने से चूक गए. हाशिम अमला 10 हजार के आंकड़े से 718 रन से चूक गए. अमला ने अपने करियर में 124 टेस्ट मैच खेले और इसकी 215 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 16 बार नाबाद रहे. उन्होंने 46.64 के औसत से कुल 9,282 रन बनाए.
हाशिम अमला के नाम टेस्ट में 28 शतक और 41 अर्धशतक दर्ज हैं, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 311 रन है (जो साउथ अफ्रीका के लिए पहला तिहरा शतक भी था). उन्होंने कुल 18,573 गेंदों का सामना किया और उनका स्ट्राइक रेट 49.97 का रहा. उनके बल्ले से 1170 चौके और 14 छक्के निकले, जबकि फील्डिंग में उन्होंने 108 कैच पकड़े.
विराट कोहली के सबसे अच्छे दोस्त और दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में शुमार एबी डिविलियर्स (AB de Villiers) की गिनती भी दिग्गज बल्लेबाजों की सूची में होती है. लेकिन टेस्ट क्रिकेट में 10000 रन बनाने वालों की स्पेशल लिस्ट में उनका नाम भी शामिल नहीं है. डिविलियर्स ने जब अचानक संन्यास लिया, तब वे इस आंकड़े से 1,235 रन दूर थे. उन्होंने साउथ अफ्रीका के लिए 114 मैचों की 191 पारियों में 18 बार नाबाद रहते हुए 8,765 रन बनाए.
डिविलियर्स का टेस्ट औसत कमाल का रहा, उन्होंने 50.66 की औसत से रन बनाए. उन्होंने अपने करियर में 22 शतक और 46 अर्धशतक जड़े, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 278 रन रहा. उन्होंने 16,077 गेंदों का सामना करते हुए 54.51 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए. उनके नाम 1024 चौके और 64 छक्के दर्ज हैं. एक बहुमुखी खिलाड़ी के रूप में उन्होंने 222 कैच लपके और बतौर विकेटकीपर 5 स्टंपिंग भी की.










