Last Updated:July 20, 2026, 13:31 IST
टीवी शो ‘उड़ने की आशा’ में जल्द ही एक नया मोड़ देखने को मिलने वाला है. शो में रेणुका का किरदार निभा रहीं राधिका विद्यासागर की जगह अब जानी-मानी एक्ट्रेस सोनाली नाइक लेने जा रही हैं. इस नए बदलाव पर बात करते हुए सोनाली ने बताया कि एक स्थापित किरदार को फिर से पर्दे पर जीवित करना काफी जिम्मेदारी का काम है और उन पर इसका दबाव भी है. हालांकि, वह इस चुनौती के लिए तैयार हैं और रेणुका के रोल को अपनी खास शैली और नए अंदाज में दर्शकों के सामने पेश करेंगी.
ख़बरें फटाफट
‘उड़ने की आशा’ में रेणुका किरदार में दिखेंगी सोनाली नाइक.
नई दिल्ली. पॉपुलर टीवी शो ‘उड़ने की आशा’ में रेणुका के किरदार में अब एक नया चेहरा नजर आने वाला है. राधिका विद्यासागर को अब टीवी एक्ट्रेस सोनाली नाइक ने रिप्लेस किया है और वह शो में रेणुका का रोल निभाती दिखाई देंगी. शो में अपनी एंट्री को लेकर सोनाली ने खुलकर बात की और माना कि इस भूमिका को अपनाना उनके लिए आसान नहीं है. उन्होंने कहा कि पहले से स्थापित किरदार को आगे बढ़ाने का उन पर काफी दबाव है, लेकिन वह इसे एक बेहतरीन चुनौती के रूप में देख रही हैं और दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगी.
आईएएनएस से बातचीत में सोनाली नाइक ने कहा, ‘राधिका मेरी बहुत अच्छी दोस्त हैं. हम कई सालों से एक-दूसरे को जानते हैं और उन्होंने रेणुका का किरदार बहुत शानदार तरीके से निभाया है. जब कोई अच्छा कलाकार किसी किरदार को इतनी खूबसूरती से पेश करता है, तो उस भूमिका में आने पर दबाव जरूर होता है. मुझे भी यह दबाव महसूस हो रहा है, लेकिन मैं अपनी तरफ से पूरी कोशिश करूंगी.’
मेरी जिम्मेदारी और भी बढ़ गई
सोनाली के लिए यह अनुभव इसलिए भी खास है क्योंकि उनके करियर में पहली बार ऐसा मौका आया है, जब वह किसी चल रहे टीवी शो में पहले से निभाए जा रहे किरदार को आगे बढ़ा रही हैं. उन्होंने बताया कि इससे पहले उन्होंने कभी किसी कलाकार को रिप्लेस नहीं किया था. एक्ट्रेस ने कहा, ‘आज तक मैंने कभी रिप्लेसमेंट नहीं किया है. जिंदगी में पहली बार मैं किसी ऐसे किरदार में कदम रख रही हूं, जिसे कोई और कलाकार पहले निभा चुका है. इसलिए मेरी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है. इसके अलावा ‘उड़ने की आशा’ पिछले ढाई सालों से बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहा है. दबाव जरूर है, लेकिन मुझे लगता है कि दबाव में काम करना अच्छा होता है, क्योंकि इससे कलाकार और मेहनत करता है और खुद को बेहतर बनाने की कोशिश करता है.’
रेणुका के किरदार में नजर आएंगी सोनाली नाइक
सोनाली ने आगे कहा, ‘मैं अपनी तरह से रेणुका के किरदार को एक नए स्तर पर ले जाने की कोशिश करूंगी. मैं उसे बिल्कुल वैसा नहीं निभाना चाहती, जैसा राधिका ने निभाया है. किरदार की मूल कहानी और स्वभाव वही रहेगा, लेकिन इसमें मेरी अपनी झलक होगी. मैं रेणुका को जिस नजरिए से समझती हूं, उसी तरह उसे पर्दे पर दिखाऊंगी. मुझे लगता है कि दर्शकों को एक अलग रेणुका देखने को मिलेगी.’
रेणुका के किरदार को लेकर कही ये बात
एक्ट्रेस ने आगे बताया, ‘रेणुका के किरदार में कई पहलू हैं. समय के साथ बहुत सारी चीजें बदलती हैं और इंसान के अनुभव भी उसे बदल देते हैं. उसकी जिंदगी में भी काफी कुछ हुआ है. सचिन और सायली घर छोड़ चुके हैं. सायली वह इंसान थी, जिसने परिवार को एक साथ संभालकर रखा था. रेणुका का अपनी हर बहू के साथ अलग रिश्ता है और अपने तीनों बेटों के साथ भी उसका अलग जुड़ाव है.’
अब घर-परिवार कैसे संभालेगी रेणुका?
उन्होंने आगे कहा, ‘यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि अब रेणुका घर को कैसे संभालती हैं. क्या सचिन और सायली वापस आएंगे? अगर वे वापस आते हैं तो रेणुका और सायली का रिश्ता कैसा होगा? कहानी में कई बदलाव आने वाले हैं और मुझे लगता है कि दर्शकों को इसे देखना काफी पसंद आएगा.’ बता दें कि ‘उड़ने की आशा’ में नेहा हरसोरा और कंवर ढिल्लों मुख्य भूमिकाओं में नजर आते हैं. शो जल्द ही कहानी में सात साल का लीप लेने जा रहा है, जिसके बाद किरदारों की जिंदगी में कई नए बदलाव देखने को मिलेंगे.
About the Author
Kamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में










