Last Updated:May 20, 2026, 23:07 IST
मध्यमवर्गीय परिवार की छोटी-छोटी खुशियों और परेशानियों को बेहद खूबसूरती से दिखाने वाला शो ‘गुल्लक’ अब अपने पांचवें सीजन के साथ लौट रहा है. इस बार मिश्रा परिवार बदलते दौर, सोशल मीडिया और नई टेक्नोलॉजी के बीच खुद को ढालता नजर आएगा. वहीं शांति मिश्रा के किरदार में भी दर्शकों को नया और दिलचस्प बदलाव देखने को मिलेगा.
नई दिल्ली. टीवीएफ का पॉपुलर शो ‘गुल्लक’ एक बार फिर अपने नए सीजन के साथ लौटने जा रहा है. मिश्रा परिवार की छोटी-छोटी बातें, घर की नोकझोंक और दिल को छू लेने वाली कहानी ने लोगों के दिलों में खास जगह बना ली है. अब ‘गुल्लक 5’ में दर्शकों को इस परिवार की जिंदगी में कुछ नए बदलाव देखने को मिलने वाले हैं.
इस बार शो में बदलते दौर, नई टेक्नोलॉजी और सोशल मीडिया के असर को मजेदार अंदाज में दिखाया जाएगा. मिश्रा परिवार अब वक्त के साथ खुद को बदलने की कोशिश करता नजर आएगा.
घर में नया रंग-रोगन होगा, वाई-फाई लगेगा और नई चीजों को अपनाने की कोशिश भी दिखाई जाएगी. हालांकि इन सबके बीच परिवार का प्यार, अपनापन और पुराने संस्कार पहले जैसे ही बने रहेंगे.
Add News18 as
Preferred Source on Google
शो में शांति मिश्रा का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस गीतांजलि कुलकर्णी ने भी नए सीजन को लेकर अपनी खुशी जाहिर की है. उन्होंने बताया कि इस बार कहानी में नई चुनौतियां और नई खुशियां देखने को मिलेंगी. उनके मुताबिक, शांति मिश्रा हमेशा परिवार की ताकत रही हैं, लेकिन इस बार उनका किरदार बदलती दुनिया को समझने और उसके हिसाब से खुद को ढालने की कोशिश करता नजर आएगा.
गीतांजलि ने ये भी कहा कि ‘गुल्लक’ की सबसे खास बात उसकी सादगी और सच्चाई है. यही वजह है कि लोग इस शो में अपने घर और परिवार की झलक देखते हैं. शो हमेशा आम जिंदगी की छोटी-छोटी बातों को बेहद खूबसूरत तरीके से दिखाता आया है.
इस बार शांति मिश्रा की जिंदगी में एक दिलचस्प मोड़ भी आने वाला है. उन्हें ‘बिट्टू की मम्मी’ नाम से सोशल मीडिया पर थोड़ी पहचान मिलने लगेगी. ऑनलाइन दुनिया में अचानक मिल रही अटेंशन को वह काफी एंजॉय करती नजर आएंगी.
‘द वायरल फीवर’ के इस शो में जमील खान, गीतांजलि कुलकर्णी, हर्ष मायर, सुनीता राजवार, हेली शाह और अनंत जोशी अहम किरदारों में दिखाई देंगे. ‘गुल्लक 5’ का प्रीमियर 5 जून को सोनी लिव पर होने जा रहा है.
‘गुल्लक’ के सीजन 5 का ट्रेलर भी रिलीज हो चुका है.ये सीरीज 5 जून को सोनी लिव पर स्ट्रीम होने वाली है. ट्रेलर देखकर पता चलता है कि मिश्रा परिवार का बड़ा बेटा अन्नू अब अपने अलग घर में शिफ्ट होने की तैयारी कर रहा है, जो परिवार के लिए एक बड़ा इमोशनल ट्विस्ट साबित हो सकता है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
Source










