Last Updated:May 08, 2026, 18:27 IST
Bulandshahr Accident News: यूपी के बुलंदशहर में नेशनल हाईवे-34 पर एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां भंसौली कट के पास एक बेकाबू तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया. इस दुर्घटना में उत्तम सिंह, उनकी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक समेत फरार हो गया. एसएसपी सहित भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. आरोपी की तलाश जारी है.
Bulandshahr Accident News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है. यहां नेशनल हाईवे 34 पर एक बेकाबू तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को बुरी तरह रौंद दिया. इस दर्दनाक हादसे में बाइक पर सवार पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की सूचना पर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने सभी मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए है. वहीं, इस हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते लोगों का हुजूम जमा हो गया.
खुर्जा से घर लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर नगर के धमेडा अड्डा निवासी उत्तम सिंह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ बाइक पर सवार होकर खुर्जा की तरफ से अपने घर लौट रहे थे. पूरा परिवार हंसी-खुशी सफर कर रहा था, लेकिन जैसे ही उनकी बाइक देहात कोतवाली क्षेत्र के भंसौली कट के पास पहुंची, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और पांचों की जान चली गई.
सड़क पर बिछ गईं लाशें, मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार पूरा परिवार ट्रक के पहियों के नीचे आ गया. ट्रक ने पांचों को बुरी तरह कुचल दिया. राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और एम्बुलेंस को बुलाया, लेकिन अफसोस तब तक सबकी सांसें थम चुकी थीं. हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रक लेकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा.
पुलिस प्रशासन में मचा हड़कंप
हादसे की सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और सभी पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. इस हादसे के बाद काफी देर तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुचारू कराया.
आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं. पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों और टोल प्लाजा के फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Bulandshahr,Uttar Pradesh











