Last Updated:January 02, 2026, 15:01 IST
Ghaziabad News: गाजियाबाद स्थित भाटिया मोड़ के रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) मरम्मत कार्य की कवायत तेज हो गई है. एक महीने पहले आरडीसी आरओबी से एक गाड़ी नीचे गिर गई थी, जिसमें एक शख्स की जान चली गई थी, जिसके बाद इसके मरम्मत की चर्चा तेज हो गई थी.
गाजियाबाद आरओबी
गाजियाबाद: जिले के आरडीसी और भाटिया मोड़ के रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) पर होने वाले हादसों पर अब ब्रेक लगेगी. दरअसल, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) दोनों आरओबी के फुटपाथों को ऊंचा करेगा और जर्जर हो चुकी रेलिंग की मरम्मत की जाएगी, साथ ही नई रेलिंग भी लगाई जाएगी. इसके लिए विभाग ने कार्ययोजना बनाकर शासन को भेज दी है.
बता दें कि एक महीने पहले आरडीसी आरओबी से एक गाड़ी नीचे गिर गई थी, जिसमें एक शख्स की जान चली गई थी. अब ऐसे हादसों को रोकने के लिए विभाग ने कमर कस ली है और निर्माण कार्यों का पूरा ब्यौरा तैयार कर शासन को सौंप दिया है. विभाग ने साढ़े तीन करोड़ रुपये की कार्ययोजना प्रस्तावित की है. मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा.
इस साल हुआ आरओबी का निर्माण
हापुड़ रोड पर पहले रेलवे फाटक था, जिसके कारण भयंकर जाम की समस्या बनी रहती थी. साल 1986 में यहां आरओबी का निर्माण किया गया था, जिसके बाद लोगों को जाम से निजात मिली. निर्माण के समय ही आरओबी पर रेलिंग लगाई गई थी, जो अब जर्जर हो चुकी है. अन्य स्थानों पर वाहन रेलिंग से टकराने के बाद रुक जाते हैं, लेकिन यहां रेलिंग से टकराने के बाद वाहन सीधे नीचे गिर जाते हैं.
फुटपाथ के बराबर सड़क
वहीं, आरओबी की सड़क जर्जर हो जाने के बाद उसे तोड़ा नहीं गया, बल्कि उसी पर तारकोल की नई परत बिछा दी गई, जिससे सड़क की ऊंचाई बढ़कर फुटपाथ के बराबर हो गई. इससे हादसों की आशंका कई गुना बढ़ गई. इससे पहले भी इस ओवर ब्रिज से वाहनों के नीचे गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं. अब नए निर्माण में इन सभी खामियों को दूर किया जाएगा और मजबूती के साथ निर्माण कार्य किया जाएगा.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.
Location :
Ghaziabad,Uttar Pradesh
First Published :
January 02, 2026, 15:01 IST
आरओबी पर हादसों से जागा गाजियाबाद प्रशासन, अब शुरू होगा मरम्मत कार्य











