Last Updated:July 01, 2026, 12:08 IST
JDU to contest UP Elections: जनता दल (यूनाइटेड) के उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में 25 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. उन्होंने बताया कि जल्द ही वह उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे और वहां के पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी चुनाव की रणनीति तय करेंगे. श्रवण कुमार ने कहा कि जेडीयू की कोशिश है कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी के साथ गठबंधन हो और पार्टी को सम्मानजनक संख्या में सीटें मिलें. हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा.
जेडीयू के यूपी प्रभारी श्रवण कुमार ने कहा कि पार्टी यूपी चुनाव की 25 सीटों पर लड़ने की तैयारी कर रही है.
लखनऊ/पटना: बिहार में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सहयोगी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाग्य आजमाने का फैसला लिया है. जेडीयू के उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार ने बुधवार को पटना में पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि पार्टी यूपी चुनाव 2027 में लड़ेगी. उन्होंने दावा किया कि यूपी चुनाव में जेडीयू 25 सीटों पर प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है. श्रवण कुमार ने कहा- ‘मैं उतर प्रदेश जाकर वहां के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलकर आगे की रणनीति तय करूंगा’.
जेडीयू को बीजेपी से गठबंधन की उम्मीद
श्रवण कुमार ने कहा कि पार्टी की कोशिश है कि यूपी चुनाव में बीजेपी के साथ गठबंधन हो जाए. उन्होंने कहा कि प्रयास है कि एनडीए के घटक दल के रूप में जेडीयू को यूपी चुनाव में उतरने का मौका मिले. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इसपर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व अंतिम फैसला लेगा.
2022 यूपी चुनाव में नहीं हो पाया था जेडीयू-बीजेपी का गठबंधन
याद करा दें कि 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान भी जेडीयू ने बीजेपी के साथ गठबंधन करने का प्रस्ताव रखा था, जिसे सिरे से नकार दिया गया था. उस समय जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह थे. साथ ही वह केंद्र सरकार में मंत्री पद भी संभाल रहे थे. उन्होंने पार्टी को भरोसा दिया था कि वह यूपी चुनाव में जेडीयू का बीजेपी से गठबंधन कराने में सफल रहेंगे, लेकिन आखिरी वक्त तक यह संभव नहीं हो पाया था. इसके बाद जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने सार्वजनिक रूप से उन्हें खरी-खोटी सुनाई थी.
यूपी में जेडीयू से गठबंधन क्यों नहीं करती है बीजेपी?
जनता दल यूनाइटेड को लेकर एक आम धारणा है कि वह कुर्मी समाज की राजनीति करती है, क्योंकि पार्टी के सबसे बड़े नेता नीतीश कुमार इसी जाति से हैं. उत्तर प्रदेश बीजेपी ने कुर्मी वोटों साधने के लिए सोनेलाल पटेल की बेटी अनुप्रिया पटेल की पार्टी के साथ लंबे समय से गठबंधन में है. इसके अलावा बीजेपी के मौजूद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी कुर्मी जाति से आते हैं. ऐसे में बीजेपी को लगता है कि उन्हें अब और किसी कुर्मी चेहरे या नेता को गठबंधन में लेने की जरूरत नहीं है.
About the Author
अभिषेक कुमार News18 की डिजिटल टीम में बतौर एसोसिएट एडिटर काम कर रहे हैं. वे यहां बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तसीगढ़, उत्तराखंड की राजनीति, क्राइम समेत तमाम समसामयिक मुद्दों पर लिखते …
और पढ़ेंLocation :
Lucknow,Lucknow,Uttar Pradesh









