Last Updated:June 12, 2026, 13:43 IST
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप 5 स्पिनर की लिस्ट में एशिया के 3 नाम हैं. सबसे ऊपर श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन (800), हैं. दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज शेन वॉर्न (708) और फिर भारत के महान स्पिनर अनिल कुंबले का नाम आता है.
क्रिकेट की दुनिया में हमेशा से ही बल्लेबाजों को स्पिनर परेशान करते रहे हैं. तेज गेंदबाजों का सामना फिर भी करने में बैटर सहज होते हैं लेकिन घूमती हुई बॉल से निपटना सबके बस की बात नहीं होती. इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी फिरकी से धाक जमाने वाले टॉप 5 स्पिनर की बात हम इस स्टोरी में करेंगे. टेस्ट क्रिकेट में राज करने वाले फिरकी उस्तादों की लिस्ट में शेन वार्न, मुथैया मुरलीधरन और भारतीय दिग्गज अनिल कुंबले का नाम आता है.
मुथैया मुरलीधरन (श्रीलंका) – 800 विकेट: टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में टॉप पर श्रीलंकाई ऑफ-स्पिनर मुरलीधरन का नाम है. 133 टेस्ट मैच खेलने के बाद उन्होंने 800 विकेट चटकाने का असाधारण कारनामा अंजाम दिया. ये एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड है जिसका टूटना नामुमकिन जैसा है. उनके अनोखे एक्शन ने दुनिया भर के बल्लेबाजों को परेशान किया. 67 फाइव-विकेट हॉल और 22 टेन-विकेट सबकुछ बयां कर देता है.
शेन वॉर्न (ऑस्ट्रेलिया) – 708 विकेट: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज लेग-स्पिनर शेन वॉर्न को ‘किंग ऑफ स्पिन’ कहा जाता है. उन्होंने अपने करियर में 145 टेस्ट खेलकर 708 विकेट (औसत 25.41) हासिल किए थे. उनकी ‘बॉल ऑफ द सेंचुरी’ माइकल ऐटन को आज भी याद किया जाता है. 37 फाइव-विकेट हॉल के साथ वॉर्न ने ऑस्ट्रेलिया को अनेक मैच जिताए.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अनिल कुंबले (भारत) – 619 विकेट: भारतीय लेग-स्पिनर अनिल कुंबले ‘जंबो’ के नाम से जाना जाता है. टेस्ट मैच की एक पारी में सभी 10 बल्लेबाजों को आउट करने का कारनामा उन्होंने अंजाम दिया. पाकिस्तान के खिलाफ 1999 में दिल्ली के फिरोजशाह कोटला में ये ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था. भारत के लिए ऐसा अब तक कोई नहीं कर पाया. कुंबले से पहले इंग्लैंड के गेंदबाज जिम लेकर ने एक पारी में 10 विकेट लेने का कमाल किया था. भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड के एजाज पटेल ने 2021 में इसे दोहराया था.
नाथन लायन (ऑस्ट्रेलिया) – लगभग 567 विकेट: आधुनिक युग के ऑफ-स्पिनर नाथन लायन ने वॉर्न की विरासत को आगे बढ़ाया. 141 टेस्ट में 567 विकेट लेकर वे ऑस्ट्रेलिया के दूसरे सबसे सफल टेस्ट गेंदबाज बने.
रविचंद्रन अश्विन (भारत) – 537 विकेट: भारत के रविचंद्रन अश्विन आधुनिक स्पिन गेंदबाजी के मास्टर रहे. महज 106 टेस्ट में उन्होंने 537 विकेट (औसत 24.00) अपने नाम किए. अपने कैरम बॉल और ऑफ स्पिन से बल्लेबाजों को उन्होंने जमकर फसाया. अश्विन न सिर्फ गेंदबाज बल्कि उपयोगी बल्लेबाज भी साबित हुए.











