Last Updated:August 25, 2026, 14:49 IST
Chandauli News: चंदौली के मुगलसराय कोतवाली के पथरा में पोखरे के समीप रिहायसी मड़ई की मिट्टी की दीवार भरभराकर कर गिर गई. इसमें दबने से 2 साल के मासूम शेट्टी की मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
चंदौली: जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के पथरा स्थित कैथापुर में दर्दनाक हादसा हो गया. पोखरे के पास स्थित कच्चे मकान की मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई. मलबे में दबने से 2 वर्षीय मासूम सेट्टी की मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. दरअसल, चकिया कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर निवासी शिवा वनवासी का 2 वर्षीय बेटा सेट्टी अपने परिजनों के साथ नाना चैतू वनवासी के घर मुगलसराय के पथरा स्थित कैथापुर आया था.
रविवार रात करीब 9 बजे परिवार के लोग घर में थे. इसी दौरान कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई. दीवार के पास सो रहा मासूम मलबे में दब गया. परिजनों और आसपास के लोगों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. घटना से पूरे इलाके में मातम पसर गया.
कच्चे मकानों पर मंडरा रहा खतरा
बच्चे के दादा चैतू वनवासी ने लोकल 18 से कहा कि कच्चे मकान में रहना उनकी मजबूरी है. बारिश के मौसम में मिट्टी की दीवारों में पानी लगने से उनके गिरने का खतरा लगातार बना रहता है. दीवार गिरी और उसकी चपेट में मेरा 2 साल का पोता आ गया, जिसकी मौत हो गई. वहीं, पीड़ित शमशेर ने लोकल 18 से बताया कि आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वे पक्का मकान नहीं बनवा पा रहे हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय विधायक रमेश जायसवाल भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया और अधिकारियों से मामले की जानकारी ली.
गरीब परिवारों को मिलेगा पक्का आवास
मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने लोकल 18 से कहा कि बारिश के मौसम में कच्चे मकानों के गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं. उन्होंने कहा कि वनवासी समाज के कई परिवार लंबे समय से कच्चे मकानों में रह रहे हैं और उन्हें सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना जरूरी है. विधायक ने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई के लिए बात की है. उन्होंने नगरपालिका अधिकारियों को भी मौके की स्थिति देखने और जरूरतमंद परिवारों के लिए जमीन आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश देने की बात कही.
जमीन और आवास दिलाने का आश्वासन
विधायक ने बताया कि लंबे समय से वहां रह रहे पात्र परिवारों को उचित स्थान पर जमीन उपलब्ध कराने और प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिलाने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य है कि गरीब परिवारों को ऐसी जर्जर और असुरक्षित झोपड़ियों में रहने की मजबूरी न हो. विधायक ने पीड़ित परिवार को तत्काल मदद उपलब्ध कराने की भी बात कही. साथ ही अधिकारियों से पात्र परिवारों की जांच कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को कहा.
जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं, प्रशासनिक स्तर पर भी घटना की जानकारी जुटाई जा रही है. मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार और ग्रामीणों ने प्रशासन से कच्चे मकानों में रहने वाले गरीब परिवारों के लिए स्थायी आवास की व्यवस्था कराने की मांग की है.
About the Author
आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ली से साल 2024 में…
और पढ़ेंLocation :
Chandauli,Uttar Pradesh
First Published :
August 25, 2026, 14:49 IST










