नई दिल्ली. एक्टर आर. माधवन ने करियर की शुरुआत में कई साउथ फिल्मों में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया है. वह ‘अलाइपायुथे’ से तमिल सिनेमा के नए रोमांटिक हीरो बनकर उभरे थे. साल 2000 में जब मणिरत्नम की यह मूवी रिलीज होने वाली थी, उससे ठीक पहले माधवन को अपनी शादी छिपाने की सलाह दी गई थी, क्योंकि उन दिनों माना जाता था कि एक शादीशुदा एक्टर को जनता बतौर रोमांटिक हीरो कभी स्वीकार नहीं करेगी.
इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस के एक इवेंट में इस किस्से को याद करते हुए आर. माधवन ने बताया कि उन्होंने यह सलाह मानने से साफ इनकार कर दिया था, भले ही इसके लिए उनका करियर ही दांव पर क्यों न लग जाता. आर. माधवन ने फिल्म की रिलीज से महज 6 महीने पहले ही सरिता बिरजे से शादी की थी. ऐसे में फिल्म की टीम को डर था कि एक शादीशुदा नए लड़के की वजह से दर्शक फिल्म से नहीं जुड़ेंगे.
आर. माधवन से कही गई शादी छुपाने की बात
आर. माधवन ने बताया, ‘पब्लिसिटी टीम मेरे पास आई और बोली कि मैडी, जब तुम प्रेस कॉन्फ्रेंस करोगे तो अपनी शादी के बारे में मत बोलना. हमें पता है कि तुम्हारी शादी 6 महीने पहले हुई है, लेकिन मीडिया के सामने यह बात मत आने देना, वरना फिल्म फ्लॉप हो जाएगी.’ यह बात माधवन के गले नहीं उतरी. वो सीधे मणिरत्नम के पास पहुंचे और बोले कि सर, ये लोग मुझसे झूठ बोलने के लिए कह रहे हैं. इस पर मणिरत्नम ने कहा कि तुम्हारा जो मन करे वो करो. माधवन का मानना था कि मणिरत्नम जैसी हस्ती की फिल्म सिर्फ इसलिए फ्लॉप हो जाएगी, क्योंकि हीरो शादीशुदा है, यह खुद मणिरत्नम का भी अपमान था. आखिरकार प्रेस कॉन्फ्रेंस में वही हुआ जिसका डर था.
आर. माधवन ने दिया दिल जीत लेने वाला जवाब
आर. माधवन ने हंसते हुए याद किया, ‘जैसी उम्मीद थी, पहला ही सवाल यही आया कि सर, खबर है कि आपकी शादी हो चुकी है और आपकी पत्नी भी यहीं हैं. क्या आपको भरोसा है कि दर्शक आपको बतौर रोमांटिक हीरो स्वीकार करेंगे?’ माधवन ने तय कर लिया था कि अपनी पत्नी के वजूद को नकारने का तो सवाल ही पैदा नहीं होता. उन्होंने उस पल को याद करते हुए कहा, ‘मैंने साफ कह दिया कि मैं यहां एक एक्टर के तौर पर आया हूं और सिर्फ एक किरदार निभा रहा हूं. लेकिन जो महिला मेरे बगल में बैठी है, जिससे मैंने शादी की है, मैं सिर्फ एक फिल्म के लिए उसे नजरअंदाज नहीं कर सकता और न ही ऐसा नाटक कर सकता हूं कि वो मेरी जिंदगी में है ही नहीं. यह बहुत अपमानजनक बात होगी. अगर मैं रोमांटिक हीरो नहीं बन पाता हूं तो मुझे इसका कोई मलाल नहीं होगा, लेकिन अपनी पत्नी का अपमान करने से बेहतर है कि मैं यह रिस्क उठाऊं.’
ब्लॉकबस्टर रही आर. माधवन की फिल्म
आर. माधवन का यह जवाब हर तरफ छा गया और देखते ही देखते इंडस्ट्री का वो पुराना भ्रम टूट गया, जिसके बारे में उन्हें डराया जा रहा था. उन्होंने बताया, ‘वो इंटरव्यू इतना वायरल हुआ कि लोगों ने मुझे तुरंत दिल से अपना लिया. शादीशुदा लड़का रोमांटिक हीरो नहीं बन सकता- यह सोच हमेशा-हमेशा के लिए बदल गई.’ फिल्म ‘अलाइपायुथे’ बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई और उसने माधवन को तमिल सिनेमा का बड़ा स्टार बना दिया. इस फिल्म से पहले वह ‘घर जमाई’ और ‘सी हॉक्स’ जैसे शोज में काम कर चुके थे.
आर. माधवन को मिली खास सीख
आर. माधवन ने याद किया, ‘जब मैं फिल्मों में आया तो टीवी के लोग कहते थे कि तुम टीवी पर इतना दिख चुके हो कि अब लोग तुम्हें बड़े पर्दे पर देखने के पैसे नहीं देंगे. वहीं कुछ लोगों का कहना था कि मैं तमिल फिल्मों के हिसाब से बहुत गोरा हूं और नॉर्थ इंडियन जैसा दिखता हूं, इसलिए वहां के दर्शक मुझे स्वीकार नहीं करेंगे’. हालांकि, अपने करियर से माधवन ने एक बात सीख ली कि इंडस्ट्री के बने-बनाए नियमों को कभी पत्थर की लकीर नहीं मानना चाहिए. फिर चाहे वो टीवी से आने का टैग हो या फिर रंग-रूप.









