Last Updated:May 19, 2026, 11:23 IST
थिएटर में रिकॉर्ड तोड़ कमाई के बाद अब रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने नेटफ्लिक्स पर भी तहलका मचा दिया है. फिल्म के इंटरनेशनल ओटीटी रिलीज के साथ ही यह ग्लोबल टॉप 10 में पहुंच गई है और दर्शक इसे ‘साल की सबसे बेहतरीन भारतीय फिल्म’ बता रहे हैं.
नई दिल्ली. रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर: द रिवेंज’ इन दिनों सिर्फ भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ही नहीं, बल्कि इंटरनेशनल लेवल पर भी धूम मचा रही है. सिनेमाघरों की दीवारें तोड़ने के बाद अब धुरंधर का तूफान ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आया तो मानो दुनिया भर के प्रशंसकों ने घुटने टेक दिए. आदित्य धर की ब्लॉकबस्टर स्पाई-थ्रिलर धुरंधर 2 थिएटर में 61 दिन पूरे करने के बाद अब नेटफ्लिक्स पर रिलीज होकर इतिहास रच दिया है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय लोकेशंस में स्ट्रीमिंग शुरू होने के कुछ ही समय बाद ग्लोबल टॉप 10 चार्ट में अपनी जगह बना ली है. फ्लिक्स पेट्रोल की ताजा रैंकिंग के अनुसार फिल्म इस वक्त दुनियाभर में नौवें स्थान पर ट्रेंड कर रही है. सबसे दिलचस्प बात यह है कि 32 देशों में यह फिल्म चार्ट पर बनी हुई है, जिसमें 23 देशों में टॉप-5 और 7 देशों में नंबर वन स्थान है, जिसमें बहरीन, ओमान, कतर और यूएई शामिल हैं.
फिल्म को देखने के बाद सोशल मीडिया पर रिएक्शंस की बाढ़ आ गई है. एक यूजर ने फिल्म को ‘साल की सबसे बेस्ट इंडियन मूवी’ बताते हुए कहा, ‘4 घंटे की महानता… यह वास्तव में ऐतिहासिक है.’ एक अन्य ने कहा- संजय लीला भंसाली के ‘देवदास’ और राजामौली के ‘आरआरआर’ के बाद शायद ही किसी फिल्म को ‘एपिक’ का टैग मिला हो.
Add News18 as
Preferred Source on Google
एक और यूजर ने फिल्म की एक्शन की तुलना हॉलीवुड की सुपरहीरो फिल्म ‘जैक स्नाइडर की जस्टिस लीग’ से कर दी, तो किसी ने इसे ‘(बड़ी, ज्यादा निष्ठुर और ज्यादा स्लो-मोशन’ करार दिया. एक फैंन ने तो इतना प्रभावित होकर भारत घूमने की इच्छा भी जाहिर कर दी. फिल्म की IMDb रेटिंग भी 8.6/10 के शानदार स्कोर पर है. जबकि फिल्म के पहले पार्ट की आईएमबीडी रेटिंग 8.3 है.
बॉक्स ऑफिस की बात करें तो यह फिल्म रणवीर सिंह के करियर का अब तक का सबसे बड़ा हिट प्रोजेक्ट है. 61 दिनों का थिएटर सफर पूरा करने के बाद फिल्म ने भारत में 1,371 करोड़ रुपये ग्रॉस कमाए हैं. वर्ल्डवाइड कलेक्शन अब लगभग 1,800 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है.
आदित्य धर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी हैं. यह उस ‘हमजा’ की कहानी है जो ल्यारी (कराची) का बादशाह बनता है. फिल्म की कहानी हमजा नाम के एक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार रणवीर सिंह ने निभाया है. सेना में जाने का सपना देखने वाला हमजा एक निजी त्रासदी के बाद अपराध और जासूसी की दुनिया में उतर जाता है. इसके बाद कहानी उसके एक साधारण युवक से ल्यारी के सबसे बड़े किंग बनने तक के सफर को दिखाती है. फिल्म में जबरदस्त एक्शन, इमोशन और बदले की कहानी को बड़े पैमाने पर पेश किया गया है.
अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए नेटफ्लिक्स पर ‘रॉ एंड अनकट’ वर्जन उपलब्ध कराया गया है, जो भारतीय सिनेमाघरों में नहीं दिखाया गया था. भारत में यह फिल्म 4 जून से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
Source










