Last Updated:March 11, 2026, 14:17 IST
LPG Gas Shortage Noida: मिडिल ईस्ट में छिड़े युद्ध की तपिश अब नोएडा वालों की रसोई तक पहुंच गई है. शहर में एलपीजी सिलेंडर की भारी किल्लत के बीच हाहाकार मचा हुआ है. वहीं ऐसा आरोप है कि जरूरतमंदों की मजबूरी का फायदा उठाकर सिलेंडर 3000 से 4000 रुपये में ‘ब्लैक’ किया जा रहा है. सेक्टर 54 और 63 की गैस एजेंसियों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें लगी हैं, जहां लोग दो-तीन दिनों से खाली सिलेंडर लेकर भटक रहे हैं.
नोएडा: मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव का सीधा असर अब भारत के औद्योगिक शहर नोएडा में दिखने लगा है. पिछले कुछ दिनों से शहर के विभिन्न हिस्सों में एलपीजी सिलेंडर की भारी किल्लत देखी जा रही है. आलम यह है कि आज बुधवार सुबह से ही नोएडा की गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. घंटों लाइन में लगने के बावजूद लोगों को खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है. उपभोक्ताओं का सीधा आरोप है कि गैस की इस किल्लत का फायदा उठाकर सिलेंडर की कालाबाजारी की जा रही है और जरूरतमंदों से एक सिलेंडर के एवज में 3000 से 4000 रुपये तक वसूले जा रहे हैं.
कमर्शियल सिलेंडर की किल्लत से होटलों पर लटका ताला
गैस संकट का सबसे बुरा असर नोएडा के सेक्टर 54 और सेक्टर 63 स्थित गैस एजेंसियों पर देखने को मिल रहा है. यहां घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ कमर्शियल सिलेंडर लेने वालों की भी लंबी लाइनें लगी हैं. कमर्शियल सिलेंडर का स्टॉक लगभग खत्म होने की कगार पर है, जिसकी वजह से छोटे होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है. कई दुकानदारों का कहना है कि अगर अगले एक-दो दिन में सप्लाई सामान्य नहीं हुई, तो उन्हें अपने होटल बंद करने पड़ेंगे. उपभोक्ता पिछले तीन दिनों से लगातार चक्कर काट रहे हैं.
उपभोक्ताओं का दर्द, ब्लैक में बिक रहे सिलेंडर
गैस एजेंसी पर अपनी बारी का इंतजार कर रहे आकाश कुमार, सपना और मोहम्मद युनुस जैसे कई उपभोक्ताओं ने अपना दर्द साझा किया. उनका कहना है कि वे तीन दिन से काम-काज छोड़कर लाइनों में खड़े हैं. लोगों का आरोप है कि जो सिलेंडर सामान्य दाम पर मिलना चाहिए, वह ब्लैक मार्केट में तीन से चार गुना कीमतों पर बेचा जा रहा है. उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले ऑनलाइन बुकिंग न होने के बावजूद भी कार्ड दिखाने पर सिलेंडर आसानी से मिल जाता था, लेकिन अब नई ऑनलाइन व्यवस्था और किल्लत के बीच गरीब और मध्यम वर्ग का जीना मुहाल हो गया है.
जिम्मेदारों के दावे और नए नियम की उलझन
हैरानी की बात यह है कि जहां एक ओर लोग परेशान हैं, वहीं गैस एजेंसी के जिम्मेदार इस किल्लत को पूरी तरह नकार रहे हैं. गैस एजेंसी मैनेजर मुनीश कुमार का दावा है कि स्टॉक में कोई कमी नहीं है और सुबह से अब तक एक हजार से ज्यादा सिलेंडर बांटे जा चुके हैं. उन्होंने इस भीड़ के पीछे का कारण जागरूकता की कमी बताया है. मैनेजर के मुताबिक, पहले सिलेंडर की दोबारा बुकिंग 20 दिन के भीतर हो जाती थी, लेकिन अब नियम बदलकर 25 दिन कर दिया गया है. उनका कहना है कि लोग समय से पहले बुकिंग की कोशिश कर रहे हैं, जिससे पोर्टल पर समस्या आ रही है. हालांकि, मैनेजर के इन दावों और उपभोक्ताओं की परेशानियों के बीच नोएडा की जनता फिलहाल गैस संकट से जूझ रही है.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Noida,Gautam Buddha Nagar,Uttar Pradesh
First Published :
March 11, 2026, 13:43 IST










