गिरते-पड़ते जीता पाकिस्तान, एशिया कप के पहले मैच में थाईलैंड ने उड़ाए होश

होमखेलक्रिकेट

गिरते-पड़ते जीता पाकिस्तान, एशिया कप के पहले मैच में थाईलैंड ने उड़ाए होश

Last Updated:September 02, 2026, 00:06 IST

pakistan women vs thailand women: पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप की शुरुआत जीत से की है. हालांकि, थाईलैंड जैसे छोटी टीम के खिलाफ उसे अपने पहले मुकाबले में उसे जीत के लिए काफी पसीना बहाना पड़ा. मुनीबा अली ने अर्धशतक जड़कर पाकिस्तान को लाज बचाई वरना थाईलैंड की टीम बड़ा उलटफेर करने की तरफ बढ़ चुकी थी.

पाकिस्तान ने जीत से किया महिला एशिया कप का आगाज.

नई दिल्ली. पाकिस्तान महिला टीम ने एशिया कप के अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ तो कर दी, लेकिन थाईलैंड ने उसके होश उड़ा दिए. टूर्नामेंट के पांचवें मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 119 रन ही बना पाई. छोटे से लक्ष्य का पीछा करते हुए थाईलैंड की टीम कमजोर बल्लेबाजी के चलते 84 रन तक ही पहुंच सकी. पाकिस्तान ने मुकाबला 35 रन से अपने नाम किया, लेकिन इस जीत में उसकी बल्लेबाजी उजागर हो गई. अगर मुनीबा अली 54 रन की जुझारू पारी नहीं खेलतीं तो शायद पाकिस्तान की टीम उलटफेर का शिकार भी हो सकती थी.

मुनीबा ने संभाली लड़खड़ाती पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही. महज 6 रन के स्कोर पर शवाल जुल्फिकार और गुल फिरोजा पवेलियन लौट गईं. शुरुआती झटकों के बाद मुनीबा अली ने मोर्चा संभाला. मुनीबा ने 52 गेंदों में 54 रन बनाए, जिसमें 4 चौके शामिल रहे. उन्होंने सादफ शमास के साथ 54 रन की अहम साझेदारी कर पारी को संभाला. इसके बाद उम्म-ए-हानी के साथ भी उन्होंने उपयोगी रन जोड़े. हालांकि, 16वें ओवर में 54 रन के निजी स्कोर पर मुनीबा के आउट होते ही पाकिस्तान की पारी फिर लड़खड़ा गई.

आखिरी ओवरों में तूबा ने बढ़ाया स्कोर
पाकिस्तान ने 90 रन तक अपना छठा विकेट गंवा दिया था और ऐसा लग रहा था कि टीम 110 रन के आसपास ही रुक जाएगी, लेकिन तूबा हसन ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बटोरे. तूबा ने सिर्फ 4 गेंदों में नाबाद 12 रन बनाए, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल था. उनकी इस छोटी लेकिन विस्फोटक पारी की बदौलत पाकिस्तान 119/9 तक पहुंच सका. थाईलैंड के लिए थिपाचा पुत्थावोंग और सुलेपॉर्न लामोई ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि फन्निता माया ने दो विकेट झटके.

थाईलैंड को पाकिस्तान ने दिए शुरुआती झटके
120 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे थाईलैंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही. सिर्फ 6 रन पर उसके दो विकेट गिर गए. नट्टाकन चंतम और नरुएमोल चाईवाई ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन पाकिस्तान के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा. चाईवाई ने 33 गेंदों में 17 रन बनाए, जबकि चैनिदा सुत्थिरुआंग ने 24 गेंदों में 25 रन बनाकर संघर्ष किया. लेकिन जरूरी रन रेट बढ़ता गया और थाईलैंड के लिए लक्ष्य लगातार मुश्किल होता चला गया.

सादिया इकबाल ने बरपाया कहर
पाकिस्तान की जीत में गेंदबाजों का योगदान बेहद अहम रहा. सादिया इकबाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. नशरा संधू ने भी 4 ओवर में सिर्फ 6 रन खर्च किए और एक विकेट लिया. तूबा हसन ने 2 विकेट लेकर थाईलैंड की पारी पर और दबाव बनाया. थाईलैंड की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 84 रन ही बना सकी और पाकिस्तान ने मुकाबला 35 रन से जीत लिया. पाकिस्तान की जीत में सबसे अहम योगदान मुनीबा अली का रहा. मुश्किल परिस्थितियों में उन्होंने एक छोर संभाले रखा और 54 रन की पारी खेलकर टीम को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया. उनकी इसी शानदार अर्धशतकीय पारी के लिए मुनीबा अली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

जीत के बाद पॉइंट्स टेबल में पाकिस्तान दूसरे नंबर पर
इस जीत के बाद पाकिस्तान के खाते में 2 अंक हो गए हैं और वह ग्रुप-ए की पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है. भारत भी 2 अंकों के साथ टॉप पर है, लेकिन उसका नेट रन रेट +4.700 है, जो पाकिस्तान के +1.750 से बेहतर है. थाईलैंड के 3 मैचों में 2 अंक हैं और उसका नेट रन रेट -2.050 है, जबकि हांगकांग की टीम एक मैच हारकर अभी बिना अंक के चौथे स्थान पर है.

About the Author

Shivam Upadhyay

परिचय शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…

और पढ़ेंLocation :

New Delhi,New Delhi,Delhi

First Published :

September 02, 2026, 00:06 IST

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति