Last Updated:November 14, 2026, 15:39 IST
OM Trailer Released: धनुष और ममूटी की अगली फिल्म ‘ओएम’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है. फिल्म तस्करी की सच्ची घटनाओं से प्रेरित है. फिल्म मजदूरों और जंगल में काम करने वाले लोगों के शोषण को भी दिखाती है. लाल चंदन के व्यापार को देखकर कुछ दर्शकों को अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा’ की याद आ गई, जिसमें इसी तरह के एक अवैध धंधे को दिखाया गया था. ‘ओएम – चैप्टर 1: उधिरम – द ब्लड वुड’ 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
ख़बरें फटाफट
फिल्म ‘ओएम’ 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. (फोटो साभार: YouTube/Videograb)
नई दिल्ली: धनुष और ममूटी का एक-साथ किसी फिल्म में आना ही काफी रोमांचक है, लेकिन उनके नए ट्रेलर ने फैंस की उत्सुकता और भी बढ़ा दी है! ‘ओएम’ का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है, जिसमें भरपूर एक्शन, ड्रामा और जबरदस्त टकराव देखने को मिल रहा है. फिल्म को राजकुमार पेरियासामी ने निर्देशित किया और लिखा है. ‘ओएम’ सच्ची घटनाओं से प्रेरित है. फिल्म में कई एक्शन सीन भी हैं, जहां धनुष एक खतरनाक हालात में फंस जाते हैं क्योंकि उनका अंडरकवर मिशन और भी मुश्किल हो जाता है. ट्रेलर में तस्करी के धंधे में शामिल लोगों और उन्हें रोकने की कोशिश करने वालों के बीच एक जोरदार टकराव देखने को मिलता है. ट्रेलर देखकर दर्शकों को अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा’ याद आ रही है.
फिल्म की कहानी ‘दो मंदिर वाले शहरों के बीच’ सेट है और दो अलग-अलग दुनियाओं के बीच उलझी हुई है. इसमें धनुष ने दिलचस्प रोल निभाया है. वे तमिलनाडु पुलिस विभाग की ‘ऑर्गेनाइज्ड क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट’ की ‘डी टीम’ के एक अंडरकवर ऑफिसर की भूमिका में हैं. साई पल्लवी एक पुलिस ऑफिसर के रोल में हैं, जबकि ममूटी और नसीरुद्दीन शाह भी अहम और दमदार किरदारों में नजर आ रहे हैं.
‘ओएम’ में तस्करी की दुनिया की मिली झलकियां
फिल्म ‘ओएम’ का ट्रेलर हमें सीधे लाल चंदन की तस्करी की दुनिया में ले जाता है. इसमें धनुष एक फॉरेस्ट कर्मी के रूप में दिखते हैं, लेकिन उनके किरदार की सच्चाई कुछ और ही है. वह असल में एक अंडरकवर पुलिस ऑफिसर हैं, जो इस अवैध धंधे को चलाने वालों का पता लगाने के लिए तस्करों के नेटवर्क में शामिल हो जाते हैं. वे मिशन के तहत एक लकड़हारे का भेष धरते हैं और धीरे-धीरे उस गिरोह का हिस्सा बन जाते हैं. ट्रेलर में उन्हें जंगल में काम करते हुए और इस अवैध धंधे से जुड़े लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश करते हुए दिखाया गया है. लेकिन राह आसान नहीं है. कई बार ऐसी स्थिति आती है जब वह तस्करों और पुलिस के बीच फंस जाते हैं, जिससे उनका मिशन और भी खतरनाक हो जाता है.
साई पल्लवी ने पुलिस अधिकारी का निभाया है रोल
फिल्म ‘ओएम’ के ट्रेलर में उनकी निजी जिंदगी की झलक भी मिलती है. श्रीलीला उनकी पत्नी के किरदार में हैं, जो इस बात से नाखुश हैं कि धनुष की जोखिम भरी नौकरी की वजह से उन्हें और उनके बेटे को दुनिया की नजरों से दूर रहना पड़ता है. फिर एंट्री होती है ममूटी की. वे ‘बर्मा कार्तिकेयन’ का किरदार निभा रहे हैं, जो एक बहुत बड़ा तस्कर है. ऐसा लगता है कि इस अवैध धंधे के पीछे उसी का सबसे बड़ा हाथ है. फिल्म में नसीरुद्दीन शाह भी हैं, हालांकि ट्रेलर से उनके किरदार के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिलती है. फिल्म में साई पल्लवी ने आईपीएस अधिकारी नित्या रेड्डी का किरदार निभाया है. सीबीआई में शामिल होने से पहले वह आंध्र प्रदेश में असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस थीं. वह ‘ऑपरेशन मोल’ को लीड करती हैं और तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने के लिए इंटरपोल के साथ मिलकर काम करती हैं. ट्रेलर में दिखाया गया है कि जब पुलिस इस रैकेट को चलाने वालों के करीब पहुंचती है, तो वह जांच की कमान अपने हाथों में ले लेती हैं.
About the Author
Abhishek NagarSenior Sub Editor
अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
November 14, 2026, 15:39 IST










