बुरा फंसा सहवाग-द्रविड़ के बेटे का टीममेट, गलती पड़ी भारी, BCCI ने लगाया बैन
Last Updated:September 04, 2026, 14:31 IST
Rohit Yadav Ban: क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल यानी कैब ने इन गड़बड़ियों के चलते पहले ही रोहित यादव को अपनी जूनियर टीम से बाहर कर दिया था और बाद में बीसीसीआई को इसकी जानकारी दी. अब बीसीसीआई ने उन्हें दो साल तक घरेलू क्रिकेट खेलने से भी रोक दिया है और सभी संबद्ध राज्य क्रिकेट संघों को इसकी सूचना दे दी है.
सहवाग और द्रविड़ के बेटे
कोलकाता: भारतीय अंडर-19 क्रिकेटर रोहित यादव को बीसीसीआई ने धोखाधड़ी के मामले में दो साल के लिए बैन कर दिया है. बंगाल के लेग स्पिनर रोहित यादव पर आरोप है कि उन्होंने उम्र को लेकर गलत जानकारी दी है. आपको जानकर हैरानी होगी कि रोहित यादव को कुछ हफ्ते पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली भारत के घरेलू वनडे और बहुदिवसीय मुकाबलों के लिए भी टीम में शामिल किया गया था. इस टीम में राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय और वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर को भी जगह मिली है.
लंका दौरे पर भी गए थे रोहित
उत्तर प्रदेश के रहने वाले रोहित ने जुलाई में भारत की अंडर-19 टीम के साथ श्रीलंका का दौरा किया था, उन्होंने वहां छह विकेट लिए थे और टीम को आखिरी टेस्ट जीतने में अहम योगदान दिया था. बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया, ‘उन पर दो साल का प्रतिबंध लगाया गया है.’ रोहित उन 62 खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें सीएबी ने दस्तावेजों और उम्र संबंधी विसंगतियों के कारण 2026-27 और 2027-28 सत्र में किसी भी टूर्नामेंट के लिए पंजीकरण या स्थानांतरण के लिहाज से अयोग्य घोषित किया है.
तीन अलग-अलग बर्थ सर्टिफिकेट
श्रीलंका दौरे के दौरान दस्तावेजों की जांच में उनकी उम्र को लेकर विसंगतियां सामने आईं. रोहित के पास जन्म के तीन अलग-अलग प्रमाणपत्र मिले, जिनमें जन्म वर्ष 2007, 2009 और 2010 दर्ज है. इसके अलावा उनके आधार रिकॉर्ड में भी अलग-अलग जन्म वर्ष पाए गए. बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) में उनका जन्म वर्ष 2007 दर्ज था, जबकि आधार रिकॉर्ड में 2017 और 2020 के अपडेट में 2006 और 2021 में इसे बदलकर 2009 किया गया. इन विसंगतियों के कारण वह आयु वर्ग की क्रिकेट खेलने के लिए अयोग्य पाए गए.
कई और खिलाड़ी भी घोटाले में फंसे
इस सूची में भारत की अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के पूर्व सदस्य रवि कुमार और बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर विशाल भट्टी भी शामिल हैं. रवि 2022 में भारत की अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के अहम सदस्य रहे हैं. सीएबी रिकॉर्ड में उनकी उम्र को लेकर 45 महीने का अंतर पाया गया है. संघ ने कई अन्य आयु वर्ग के खिलाड़ियों के रिकॉर्ड में भी कई वर्षों तक की विसंगतियां चिन्हित की हैं. यह कार्रवाई खिलाड़ियों के दस्तावेजों और जन्म तिथि के रिकॉर्ड की व्यापक जांच का हिस्सा है, जिसकी सूची सीएबी ने अपनी वेबसाइट पर भी जारी की है.
About the Author
Anshul TalmaleDeputy News Editor
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. यहां स्पोर्ट्स कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल डायरेक्शन एंड स्ट्रे…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
September 04, 2026, 14:31 IST










