भूल जाओ सारे नाम… शुभमन गिल ने वनडे क्रिकेट इतिहास में बनाया कीर्तिमान
Last Updated:June 13, 2026, 21:56 IST
shubman gill 3000 odi runs record: भारतीय क्रिकेट के ‘प्रिंस’ और कप्तान शुभमन गिल ने इंटरनेशनल क्रिकेट में एक बार फिर अपनी क्लास साबित की है. धर्मशाला के खूबसूरत मैदान पर अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे पहले वनडे मुकाबले में गिल ने इतिहास रच दिया. उन्होंने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 3000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दुनिया के बड़े-बड़े दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए एक महारिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. वह भारतीय वनडे इतिहास में सबसे तेज इस मुकाम तक पहुंचने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
शुभमन गिल वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले भारतीय बने.
नई दिल्ली. भारतीय वनडे टीम के स्टार सलामी बल्लेबाज और कप्तान शुभमन गिल के इस फॉर्मेट में एक बड़ा कीर्तिमान नाम करके इतिहास रच दिया है. मौजूदा समय में जबरदस्त फॉर्म में चल रहे गिल का बल्ला रनों की आग उगल रहा है. अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भी गिल के बल्ले से रन बरसे. मैच में अपने 47वें रन की संख्या पार करते ही शुभमन गिल ने वनडे इंटरनेशनल में 3000 रन पूरे कर लिए. इसके साथ ही वह सबसे तेज 3000 वनडे रन पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने यह कारनामा महज 62 पारियों में कर दिखाया है. हाशिम अमला के बाद वह इस रिकॉर्ड की ओवरऑल लिस्ट में दूसरे स्थान पर काबिज हो गए हैं.
शिखर धवन का भारतीय रिकॉर्ड तोड़ा
शुभमन गिल ने इस आंकड़े तक पहुंचने के साथ ही भारत के पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज शिखर धवन का रिकॉर्ड भी चकनाचूर कर दिया है. इससे पहले भारत के लिए सबसे तेज 3000 वनडे रन बनाने का रिकॉर्ड धवन के नाम था, जिन्होंने 72 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था. गिल ने केवल 62 पारियों में यह कमाल करके भारतीय क्रिकेट इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है.
दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों को पछाड़ा
62 पारियों में 3000 रन पूरे कर शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप और पाकिस्तानी स्टार फखर जमान और इमाम उल हक को दूसरे स्थान से बेदखल कर दिया है. इन तीनों ही खिलाड़ियों ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 67-67 पारियां ली थीं. अब गिल इन सबसे आगे निकल चुके हैं. विश्व क्रिकेट में अब केवल दक्षिण अफ्रीका के महान बल्लेबाज हाशिम अमला ही उनसे आगे हैं, जिन्होंने 57 पारियों में यह रिकॉर्ड बनाया था.
वनडे इतिहास में सबसे तेज 3,000 रन (पारियों के आधार पर)
| स्थान | बल्लेबाज (देश) | पारियां |
| 1. | हाशिम अमला (दक्षिण अफ्रीका) | 57 |
| 2. | शुभमन गिल (भारत) | 62 |
| 3. | शाई होप (वेस्टइंडीज) | 67 |
| 4. | फखर जमां (पाकिस्तान) | 67 |
| 5. | इमाम-उल-हक (पाकिस्तान) | 67 |
वनडे क्रिकेट में दूसरा सबसे बेस्ट एवरेज
कम से कम 3000 वनडे रन बनाने वाले दुनिया भर के बल्लेबाजों में शुभमन गिल का बैटिंग एवरेज दूसरा सबसे बेहतरीन है. गिल का औसत 55 से ज्यादा का है. इस मामले में वे केवल भारत के महान बल्लेबाज विराट कोहली (58.71 औसत) से पीछे हैं. गिल का रन बनाने का स्ट्राइक रेट भी 99 से ज्यादा का है, जो कि बेहद शानदार माना जाता है. उन्होंने अपने वनडे करियर में 25 बार 50 से ज्यादा का स्कोर बनाया है, जिसमें 8 शतक शामिल हैं. शुभमन गिल वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक (200 रन) लगाने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों में से एक हैं. वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 2000 रन पूरे करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड शुभमन गिल के ही नाम है. उन्होंने यह मुकाम महज 38 पारियों में हासिल कर लिया था.
About the Author
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
New Delhi,New Delhi,Delhi










