Last Updated:May 19, 2026, 11:07 IST
साल 2024 में तेजा सज्जा की फिल्म आई थी जिसने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था. फिल्म ने छप्परफाड़ कमाई कर हर किसी को हैरान कर दिया था. तेजा सज्जा की ‘हनुमैन’ सिर्फ एक सुपरहीरो फिल्म नहीं है, बल्कि यह भारतीय पौराणिक आस्था और आधुनिक सिनेमा का शानदार संगम था. अब 2 साल बाद ये फिल्म एक बार फिर सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है.
नई दिल्ली. तेजा सज्जा की सुपरहीरो फिल्म ‘हनुमैन’ ने बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई की थी. इसे देश ही नहीं विदेशों में भी काफी पसंद किया गया था. तेजा सज्जा अभिनीत इस फिल्म का निर्देशन प्रशांत वर्मा ने किया है. फिल्म जनवरी 2024 में रिलीज हुई थी और रिलीज के साथ ही यह पूरे देश में चर्चा का विषय बन गई.
तेलुगु भाषा में बनी इस फिल्म को हिंदी सहित कई भाषाओं में डब किया गया और हर जगह इसे शानदार प्रतिक्रिया मिली. फिल्म की कहानी काल्पनिक गांव अंजनाद्री में रहने वाले हनुमंथु नाम के युवक के इर्द-गिर्द घूमती है.
हनुमंथु एक साधारण, थोड़ा शरारती लेकिन नेकदिल लड़का है. उसकी जिंदगी तब बदल जाती है जब उसे भगवान हनुमान के आशीर्वाद से अलौकिक शक्तियां प्राप्त होती हैं. अब ये सुपरहीरो फिल्म एक बार फिर थिएटर्स में दस्तक देने जा रही है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
फिल्म के निर्माताओं ने आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है कि ‘हनुमैन’ का 3डी वर्जन 25 जून 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा. इस घोषणा के साथ मेकर्स ने एक नया पोस्टर भी जारी किया, जिसमें बताया गया कि दर्शकों का दिल जीतने वाली यह ब्लॉकबस्टर अब और ज्यादा भव्य अनुभव के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही है.
फिल्म में अमृता अय्यर, विनय राय, राज दीपक शेट्टी और वरलक्ष्मी सरथकुमार ने भी अहम भूमिकाएं निभाईं. संगीत और बैकग्राउंड स्कोर ने फिल्म के भावनात्मक और आध्यात्मिक प्रभाव को और मजबूत किया.
हनुमान की पारंपरिक कहानी को पर्दे पर नए तड़के के साथ पेश करने वाली फिल्म लगभग 40 करोड़ की लागत से बनाई गई थी. फिल्म ने अपने बजट से तीन गुना कमाई कर मेकर्स को मालामाल कर दिया था. फिल्म ने देश और दुनिया में जमकर कमाई की थी. तेजा सज्जा स्टारर फिल्म ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 350 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था.
प्रशांत वर्मा के निर्देशन में बनी ‘हनुमैन’ को उनके महत्वाकांक्षी सिनेमैटिक यूनिवर्स की पहली फिल्म माना जाता है. इस फिल्म की जबरदस्त सफलता के बाद इसके सीक्वल ‘जय हनुमान’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ऋषभ शेट्टी भी फिल्म में अहम भूमिका निभाते दिखेंगे.
अब ये देखना दिलचस्प होगा कि 2 साल पहले दर्शकों ने जिस फिल्म को शानदार रिस्पांस दिया था क्या उसे दोबारा थिएटर में वही प्यार मिलेगा. फिल्म को 3D में देखने के लिए कुछ दर्शक काफी उत्साहित हैं.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
Source










