रिलायंस फाउंडेशन का नायाब हीरा, तेजस ने रचा इतिहास, तोड़ा अपना नेशनल रिकॉर्ड

नई दिल्ली: रिलायंस फाउंडेशन के तेजस शिर्से ने इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-9 में इतिहास रच दिया. पंजाब के लुधियाना स्थित गुरु नानक स्टेडियम में तेजस ने सनसनीखेज प्रदर्शन करते हुए अपने ही नेशनल रिकॉर्ड को तोड़ दिया. रिलायंस का प्रतिनिधित्व करते हुए तेजस ने पुरुषों की 110 मीटर हर्डल्स रेस इवेंट में 13.27 सेकंड का समय निकाला और अपने पिछले 13.41 सेकंड के रिकॉर्ड में सुधार किया.

इस इवेंट में रिलायंस के ही उनके साथी एथलीट कृषिक मंजूनाथ दूसरे स्थान पर रहे. तेजस के इस शानदार समय की बदौलत उन्होंने ग्लासगो में होने वाले आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स के क्वालिफिकेशन मानक को भी हासिल कर लिया. इस इवेंट के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स का क्वालिफिकेशन मानक 13.39 सेकंड था.

इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-9 में हर्डल रेस प्रतियोगिता

अपने ही नेशनल रिकॉर्ड को तोड़ने पर तेजस ने क्या कहा?

अपने इस प्रदर्शन के बारे में बात करते हुए तेजस शिर्से ने कहा, “रांची और ताइवान में पोडियम पर रहने के बावजूद कॉमनवेल्थ गेम्स की क्वालिफिकेशन लाइन से चूकने के बाद मैंने आज अपनी मानसिकता बदली. मैंने खुद से कहा कि यह एक फ्री हिट है. आप परफेक्ट शॉट की तलाश नहीं करते. आप बस गेंद को बाउंड्री के पार भेजते हैं या आउट हो जाते हैं.”

View this post on Instagram

उन्होंने आगे कहा, “मैंने बिना किसी दबाव के शुरुआत की. इसे ट्रेनिंग की तरह लिया और अपने पैरों को अपना काम करने दिया. मेरी रिकवरी और ट्रेनिंग का सपोर्ट करने के लिए रिलायंस फाउंडेशन की टीम को बहुत बड़ा श्रेय जाता है. यह परिणाम हमारी टीम वर्क की जीत है!”

विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने वाले तेजस सिर्फ दूसरे भारतीय

तेजस इस सीजन में बेहतरीन फॉर्म में हैं. इससे पहले भी वे अपने ही नेशनल रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच गए थे और पिछले महीने रांची में फेडरेशन कप में गोल्ड मेडल जीता था. तेजस का यह समय 2026 में एशियाई एथलीटों के बीच पुरुषों की 110 मीटर हर्डल रेस इवेंट में छठा सबसे तेज समय है.

रिलायंस फाउंडेशन द्वारा समर्थित इस एथलीट ने भारतीय हर्डल रेस में लगातार नए रिकॉर्ड स्थापित किए हैं. वह पिछले साल पुरुषों की 110 मीटर हर्डल रेस इवेंट में विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने वाले इतिहास के केवल दूसरे भारतीय बने थे.

तेजस के प्रदर्शन पर क्या बोले को जेम्स हिलियर?

तेजस के कोच और रिलायंस फाउंडेशन के एथलेटिक्स डायरेक्टर जेम्स हिलियर ने इस रिकॉर्ड-तोड़ प्रयास के लिए उनके दृढ़ संकल्प को श्रेय देते हुए कहा, “मैं इस प्रदर्शन से बेहद खुश हूं. पिछले कुछ हफ्तों में ट्रेनिंग के दौरान उनके प्रयासों से ऐसे प्रदर्शन के संकेत मिल रहे थे. मैं उनके लिए वास्तव में बहुत खुश हूं क्योंकि वह बहुत कड़ी मेहनत कर रहे हैं.”

View this post on Instagram

उन्होंने आगे कहा, “साल की शुरुआत में उन्हें चोट लगी थी, लेकिन उन्होंने इससे बहुत मजबूती से वापसी की है. यह उनका और रिलायंस की टीम का श्रेय है जिसने उनके साथ इतनी बारीकी से काम किया और उन्हें उनके टॉप के प्रदर्शन तक वापस लाया. मुझे उम्मीद है कि वह इस निरंतरता को बनाए रखेंगे और इस साल के बड़े टूर्नामेंटों में अपने सर्वश्रेष्ठ शिखर पर होंगे.”

इनडोर और आउटडोर तेज ने तोड़े कई बड़े रिकॉर्ड

तेजस को रिलायंस फाउंडेशन के एथलेटिक्स कार्यक्रम का हिस्सा होने से अत्यधिक लाभ हुआ है. उन्होंने पिछले दो सालों में बाधा दौड़ स्पर्धा में इनडोर और आउटडोर दोनों नेशनल रिकॉर्ड कई बार तोड़े हैं. अपने खाते में एक नए नेशनल रिकॉर्ड के साथ 24 साल के तेजस अब इस महीने के अंत में भुवनेश्वर में होने वाली इंटर-स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अच्छा प्रदर्शन करने और कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे.

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति