ब्रिंग द कप होम…महिला टीम में T20 WC जीतने का दम, रोहित-गंभीर ने बढ़ाया हौसला
Last Updated:June 14, 2026, 15:09 IST
Rohit Gambhir wishes female cricketers for t20 world cup: भारतीय महिला टीम टी20 वर्ल्ड कप में आज से अपना अभियान शुरू करने जा रही है. पहले मुकाबले में भारत की टक्कर पाकिस्तान से है. इससे पहले भारतीय पुरुष क्रिकेटर्स ने शुभकामनाएं दी हैं. रोहित शर्मा, गौतम गंभीर और शुभमन गिल समेत भारतीय टीम के स्टार क्रिकेटर्स ने हौसला बढ़ाया. बीसीसीआई ने इसका एक वीडियो शेयर किया है.
भारतीय पुरुष क्रिकेटर्स ने बढ़ाया महिला टीम का हौसला.
नई दिल्ली. महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम रविवार को अपने अभियान का आगाज पाकिस्तान के खिलाफ करेगी. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है. भारत की पुरुष टीम और हेड कोच गौतम गंभीर ने महिला टीम को विश्व कप में दमदार प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शेयर किए गए वीडियो में रोहित शर्मा, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन और गौतम गंभीर ने भारतीय महिला टीम से विश्व कप में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई.
रोहित ने कहा, “भारतीय महिला टीम पिछले कुछ वर्षों से शानदार क्रिकेट खेल रही है. टी20 क्रिकेट में वे कई बार जीत के करीब पहुंची हैं. इस बार उम्मीद है कि वे खिताब अपने नाम करेंगी. पूरी टीम काफी मजबूत और संतुलित नजर आ रही है. इंग्लैंड की परिस्थितियों में खेलने का उन्हें अच्छा अनुभव मिलेगा. हम सभी उनकी सफलता के लिए दुआ कर रहे हैं और भारतीय टीम को ढेरों शुभकामनाएं देते हैं.”
क्या बोले गौतम गंभीर?
हेड कोच गौतम गंभीर ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा, “मुझे पूरा भरोसा है कि आप 140 करोड़ भारतीयों का सिर गर्व से ऊंचा करेंगी. हर किसी को दुनिया के सबसे बड़े मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका नहीं मिलता. इसलिए इस अवसर का पूरा आनंद लें. गलती करने से मत डरिए और जब भी किसी फैसले को लेकर मन में सवाल हो तो सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़िए. आप सभी को शुभकामनाएं, ट्रॉफी जीतकर घर लेकर आइए.”
गिल-अय्यर का भी खास मैसेज
भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल ने महिला टीम का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि टीम के पास एक बार फिर इतिहास रचने का शानदार मौका है. उन्होंने कहा, “आप पहले भी खिताब जीत चुकी हैं और मुझे भरोसा है कि आप ऐसा फिर से करके दिखाएंगी. हमारी तरफ से आपको ढेरों शुभकामनाएं. वर्ल्ड कप के लिए ऑल द बेस्ट.” वहीं, भारतीय टी20 टीम के नए कप्तान कप्तान श्रेयस अय्यर ने खिलाड़ियों को पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक और आत्मविश्वास से भरा खेल खेलने की सलाह दी. उन्होंने कहा, “भारतीय महिला क्रिकेट टीम को मेरी तरह से शुभकामनाएं. निडर होकर खेलो, पूरी ताकत के साथ मुकाबला करो और जीत के इरादे से मैदान पर उतरो.”
ईशान किशन बोले- उम्मीद है कि हम यह ट्रॉफी जीतेंगे
विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने खिलाड़ियों को कुछ भी अलग न करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि टीम वही प्रोसेस फॉलो करे, जिसके दम पर उन्हें पूरे साल सफलता मिली है. उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि इसे एक और गेम की तरह ही लें. मेरे हिसाब से आप सभी ने पूरे सीजन में बहुत अच्छा किया है. आप कमाल का क्रिकेट खेल रहे हैं. इसी वजह से इसे सिंपल रखें, पूरे साल आपने जो किया है उस पर भरोसा करें. मुझे लगता है कि अगर आप इसे सिंपल रखेंगे तो चीजें अपने आप ठीक हो जाएंगी. हम सभी को आप पर बहुत गर्व है और हमें उम्मीद है कि हम यह ट्रॉफी जीतने में सफल रहेंगी.”
About the Author
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
New Delhi,New Delhi,Delhi










