टेस्ट क्रिकेट के दो धुरंधर बल्लेबाज, जिनका औसत कभी 50 से नीचे नहीं रहा
Last Updated:June 15, 2026, 08:01 IST
unique cricket records: जावेद मियांदाद और हर्बर्ट सटक्लिफ, ये दो ऐसे बल्लेबाज हैं, जिनका पूरे टेस्ट करियर के दौरान कभी औसत 50 से नीचे नहीं गया. 124 टेस्ट मैच खेलने वाले मियांदाद ने 52.57 के बैटिंग एवरेज के साथ संन्यास लिया, जबकि इंग्लैंड के दिग्गज सटक्लिफ ने 54 टेस्ट मैच खेले और उनका एवरेज 60.73 का रहा.
जावेद मियांदाद और हर्बर्ट सटक्लिफ.
नई दिल्ली. टेस्ट क्रिकेट में अगर किसी बल्लेबाज का औसत 50 है तो उसे बेहतरीन माना जाता है. इस एवरेज को पूरे करियर के दौरान बनाए रखना आसान नहीं है. सचिन तेंदुलकर, रिकी पोंटिंग और विराट कोहली जैसे दिग्गजों ने भी अपने करियर में कई बार उतार-चढ़ाव देखा. लेकिन क्रिकेट के इतिहास में दो ऐसे धुरंधर बल्लेबाज भी हुए, जिन्होंने पूरे करियर में कभी भी अपनी औसत को 50 के नीचे नहीं गिरने दिया- चाहे उनका पहला मैच हो या आखिरी. इस एलीट क्लब में इंग्लैंड के हर्बर्ट सटक्लिफ के साथ दूसरा नाम पाकिस्तान के उस बल्लेबाज का है, जिसने अपनी आक्रामकता से विरोधी टीमों के हौसले पस्त कर दिए थे; हम बात कर रहे हैं जावेद मियांदाद की.
इंग्लैंड का ये दिग्गज शामिल
प्रथम विश्व युद्ध के बाद के दौर में इंग्लैंड के हर्बर्ट सटक्लिफ दुनिया के सबसे भरोसेमंद ओपनर बनकर उभरे. उन्होंने 1924 से 1935 के बीच 54 टेस्ट मैच खेले. सटक्लिफ की सबसे बड़ी खूबी यह थी कि उन्होंने अपने पूरे करियर के दौरान एक बार भी अपनी बैटिंग एवरेज को 50 से नीचे नहीं आने दिया. जब उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा, तब उनका बल्लेबाजी औसत 60.73 का था, जो टेस्ट इतिहास के लिहाज से बेहद ही शानदार है. उन्होंने 16 शतकों के साथ 4500 से ज्यादा टेस्ट रन बनाए. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी इस दिग्गज ने 52 के औसत के साथ 50000 से ज्यादा रन बनाए.
पाकिस्तान का वो सिकंदर
जब बात दबाव में बिखरने के बजाय निखरने की हो, तो पाकिस्तान के जावेद मियांदाद का नाम सबसे ऊपर आता है. मियांदाद ने 1976 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में ही शतक जड़कर सनसनी मचा दी थी. उस मैच के बाद से लेकर 1993 में अपने आखिरी टेस्ट तक, मियांदाद का करियर 17 साल लंबा चला, लेकिन उनका ग्राफ कभी 50 के नीचे नहीं आया. 124 टेस्ट मैचों के उतार-चढ़ाव भरे लंबे करियर के बाद जब मियांदाद रिटायर हुए, तो उनका टेस्ट औसत 52.57 का था. मियांदाद ने 23 शतकों के साथ 8000 से ज्यादा रन बनाए. उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 280 रन रहा. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी मियांदाद का औसत 50 से ज्यादा का रहा. उनके नाम 28000 से ज्यादा फर्स्ट क्लास रन हैं.
ब्रैडमैन का औसत भी एक बार गिरा
डॉन ब्रैडमैन का औसत (99.94) भले ही सबसे ज्यादा है, लेकिन उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दौर में (सिर्फ एक बार) 50 से नीचे का औसत देखा था. मगर सटक्लिफ और मियांदाद दो ऐसे नाम हैं, जिनका औसत के मामले में ग्राफ पहले मैच से आखिरी मैच तक हमेशा ’50 प्लस’ ही रहा.
About the Author
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
New Delhi,New Delhi,Delhi










