Last Updated:March 12, 2026, 10:04 IST
Honeytrap SPY Case Agra: यूपी एटीएस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में एक युवक को आगरा से गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया आरोपी भारतीय नौसेना में तैनात बताया जा रहा है. आरोप है कि वह आईएसआई को संवेदनशील सैन्य जानकारी मुहैया करा रहा था.
युवक पाकिस्तान को दे रहा था खुफिया जानकारी. (सांकेतिक तस्वीर)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के आगरा में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक शख्स को पाकिस्तानी जासूस के आरोप में गिरफ्तार किया गया. एक शख्स जिसकी कुछ दिन पहले ही शादी हुई थी. घर में खुशियां थीं और हनीमून के लिए दुबई गया था. मगर, उसे नहीं पता था कि वो जब दुबई से लौटेगा तो उसके घरवाले नहीं बल्कि एटीएस इंतजार कर रही होगी. जैसे ही घर पहुंचा तो यूपी एटीएस ने धर दबोचा. जांच पड़ताल की गई तो पता चला कि शख्स सोशल मीडिया पर हसीनाओं से बात करता था. ये हसीना आईआईएस की हैंडलर थीं. आइए जानते हैं पूरा मामला.
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में भारतीय नौसेना के जवान आदर्श कुमार उर्फ लकी को उत्तर प्रदेश एटीएस ने गिरफ्तार किया है. आगरा के रहने वाले आदर्श कुमार पर आरोप है कि वह हनी ट्रैप में फंसकर आईएसआई के हैंडलरों को नौसेना से जुड़ी गोपनीय और संवेदनशील जानकारी उपलब्ध करा रहा था. एटीएस ने उसे लखनऊ मुख्यालय में पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया और मामले की जानकारी भारतीय नौसेना को भी दे दी है.
सीक्रेट चैट से फंसा आदर्श
जांच के मुताबिक आदर्श कुमार वर्ष 2021 में भारतीय नौसेना में भर्ती हुआ था. साल 2023 के दौरान उसकी फेसबुक पर ‘एंजेल’ और इंस्टाग्राम पर ‘आशी’ नाम की फर्जी महिला प्रोफाइल से दोस्ती हुई. धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और बाद में वह इन कथित महिलाओं से व्हाट्सएप पर भी चैट करने लगा. जांच एजेंसियों का कहना है कि ये दोनों प्रोफाइल आईएसआई से जुड़े हैंडलरों द्वारा चलाई जा रही थीं, जिन्होंने हनी ट्रैप के जरिए आदर्श को अपने जाल में फंसा लिया.
यह हैं आरोप
आरोप है कि इस दौरान आदर्श कुमार ने नौसेना के वारशिप और अन्य सैन्य गतिविधियों से जुड़ी कई संवेदनशील जानकारियां, दस्तावेज और तस्वीरें आईएसआई के हैंडलरों को भेजीं. बदले में उसके बैंक खाते में कई बार पैसे भी ट्रांसफर किए गए. एटीएस को इस गतिविधि की भनक लगने के बाद पिछले करीब दो महीनों से आदर्श कुमार की निगरानी की जा रही थी. उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों और संपर्कों पर भी नजर रखी जा रही थी. इसी दौरान जांच एजेंसियों को उसके खिलाफ पुख्ता सबूत मिले.
22 दिन पहले हुई थी शादी
बताया जा रहा है कि करीब 22 दिन पहले ही आदर्श कुमार की शादी हुई थी. शादी के बाद वह अपनी पत्नी के साथ हनीमून मनाने दुबई गया था. वहां से लौटकर जब वह अपने घर आगरा पहुंचा, तभी यूपी एटीएस की टीम ने उसे हिरासत में ले लिया. एटीएस मुख्यालय लखनऊ में लंबी पूछताछ के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया.
अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे अदालत में पेश कर कस्टडी रिमांड मांगी जाएगी ताकि उससे जुड़े नेटवर्क और अन्य संदिग्ध संपर्कों की जानकारी जुटाई जा सके. फिलहाल एटीएस आदर्श कुमार के संपर्क में रहे कई लोगों पर भी नजर रखे हुए है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है.
About the Author
Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…और पढ़ें
Location :
Lucknow,Uttar Pradesh
First Published :
March 12, 2026, 10:04 IST











