Last Updated:January 02, 2026, 13:12 IST
Greater noida news: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है. राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) ने जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रक्तमित्र ऐप की शुरुआत की है। इस ऐप के माध्यम से अब खून की तलाश में मरीजों और उनके परिजनों को दर-दर भटकने की मजबूरी नहीं रहेगी.
ख़बरें फटाफट
ग्रेटर नोएडा: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है. राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) ने जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रक्तमित्र ऐप की शुरुआत की है. इस ऐप के माध्यम से अब खून की तलाश में मरीजों और उनके परिजनों को दर-दर भटकने की मजबूरी नहीं रहेगी. डिजिटल तकनीक के सहारे रक्तदाताओं और जरूरतमंदों को एक ही मंच पर जोड़ा गया है.
रक्तमित्र ऐप से मिलेगा सहायता
डायरेक्टर ब्रिगेडियर डॉ राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, प्रसव और बड़ी सर्जरी के मामलों में तुरंत रक्त की आवश्यकता होती है. कई बार ब्लड समय पर न मिलने से मरीज की हालत बिगड़ जाती है. रक्तमित्र ऐप इसी समस्या का समाधान बनकर सामने आया है. ऐप पर विभिन्न ब्लड ग्रुप के रक्तदाताओं का पंजीकरण किया गया है, जिससे जरूरत पड़ने पर मरीज या उनके तीमारदार सीधे संबंधित रक्तदाता से संपर्क कर सकते हैं.
रक्तमित्र ऐप की कार्यप्रणाली को सरल और उपयोगी बनाया गया है. ऐप पर रजिस्ट्रेशन के बाद रक्तदाताओं का पूरा विवरण उपलब्ध हो जाता है. जरूरतमंद व्यक्ति अपने ब्लड ग्रुप के अनुसार रक्तदाता की जानकारी प्राप्त कर सकता है. आमतौर पर रजिस्ट्रेशन शुल्क 100 रुपये रखा गया है, जबकि जरूरतमंद मरीजों के लिए कई परिस्थितियों में यह सुविधा निःशुल्क भी दी जा रही है. इससे आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को भी लाभ मिलेगा.
आपात स्थित में होगी रक्त की उपलब्धता
उन्होंने बताया कि इस पहल में जिम्स के एमबीबीएस छात्रों की भूमिका भी सराहनीय रही है. छात्रों ने न केवल ऐप को आगे बढ़ाने में सहयोग किया, बल्कि रक्तदान को लेकर जागरूकता फैलाने का भी कार्य किया है. उनका उद्देश्य है कि किसी भी मरीज की जान केवल रक्त की कमी के कारण न जाए. युवाओं की यह सोच समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा भावना को दर्शाती है. बताया कि रक्तमित्र ऐप के जरिए जिम्स प्रशासन जिले में एक मजबूत रक्तदान नेटवर्क तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है. भविष्य में इस ऐप से और अधिक रक्तदाताओं को जोड़ने की योजना है, ताकि आपात स्थिति में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके. कुल मिलाकर, रक्तमित्र ऐप ग्रेटर नोएडा के मरीजों के लिए राहत की सौगात है, जो स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी और मानवीय बनाने में अहम भूमिका निभाएगा.
About the Author
मैं रजनीश कुमार यादव, 2019 से पत्रकारिता से जुड़ा हूं. तीन वर्ष अमर उजाला में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया. तीन वर्षों से न्यूज18 डिजिटल (लोकल18) से जुड़ा हूं. ढाई वर्षों तक लोकल18 का रिपोर्टर रहा. महाकुंभ 2025 …और पढ़ें
Location :
Greater Noida,Gautam Buddha Nagar,Uttar Pradesh
First Published :
January 02, 2026, 13:12 IST
राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान, ग्रेटर नोएडा में अब खून के लिए नहीं भटकेंगे मरीज










