मेरठ: उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है. अब उन्हें अपनी संपत्तियों से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए बार-बार आवास विकास परिषद के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. उत्तर प्रदेश शासन ने उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेरठ आवास विकास परिषद कार्यालय में हर शनिवार शिकायत निवारण कैंप आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं.
क्रांति धरा मेरठ के उन उपभोक्ताओं के लिए यह पहल किसी राहत से कम नहीं है, जिन्होंने उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद मेरठ से आवासीय या व्यावसायिक संपत्तियां खरीदी हैं. लंबे समय से ऐसे उपभोक्ता अपनी समस्याओं को लेकर परिषद कार्यालय के चक्कर काटते आ रहे थे, लेकिन समाधान नहीं मिल पा रहा था. अब शासन ने उन्हें बड़ी राहत देते हुए निर्देश दिए हैं कि हर शनिवार कार्यालय परिसर में शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं की समस्याएं तत्काल सुलझ सकें.
ऑन द स्पॉट होगा समाधान: प्रबंधक
लोकल-18 की टीम से बातचीत में उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद मेरठ कार्यालय के संपत्ति प्रबंधक सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि पहले केवल प्रथम और तृतीय शनिवार को ही कैंप लगाए जाते थे. लेकिन उपभोक्ताओं की बढ़ती संख्या और रुचि को देखते हुए अब इसे प्रत्येक शनिवार आयोजित करने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस कैंप में उपभोक्ताओं की समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान किया जाएगा. अब किसी को कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी.
हर प्रकार की समस्याओं का त्वरित निवारण
संपत्ति प्रबंधक के अनुसार इस शिकायत निवारण कैंप में आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों से जुड़ी सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा. इसमें संपत्ति से संबंधित रिफंड, आवेदन, कब्जा पत्र, लीज डीड, ट्रांसफर, नई योजनाओं की जानकारी और अन्य प्रशासनिक मामलों से जुड़ी शिकायतें शामिल होंगी. सभी शिकायतों का निपटारा तत्काल किया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
नई योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी कैंप में
सुनील कुमार शर्मा ने यह भी बताया कि इन कैंपों में केवल शिकायतों का निवारण ही नहीं, बल्कि आवास विकास परिषद की नई योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी. उपभोक्ताओं को यह बताया जाएगा कि वे इन योजनाओं का लाभ कैसे उठा सकते हैं. इससे उन्हें भविष्य में बेहतर आवासीय सुविधाएं मिल सकेंगी और सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता भी बढ़ेगी.
पहले झेलनी पड़ती थी दिक्कतें, अब मिलेगा त्वरित समाधान
अभी तक उपभोक्ताओं को अपनी समस्याओं को लेकर परिषद कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे. दस्तावेज जमा करने के बावजूद उनकी शिकायतों का समय पर निपटारा नहीं हो पाता था. इससे लोग परेशान रहते थे. अब हर शनिवार आयोजित होने वाले इन कैंपों से यह उम्मीद की जा रही है कि उपभोक्ताओं की परेशानी काफी हद तक कम हो जाएगी और शिकायतों का निवारण तेज़ी से होगा.











