Last Updated:May 07, 2026, 18:11 IST
Kanpur News: पश्चिम बंगाल चुनाव में बीजेपी ने शानदार जीत हासिल की है. इस चुनाव में यूपी से बंगाल कई नेता भेजे गए थे. इसी में कानपुर सांसद रमेश अवस्थी को भी बड़ी जिम्मेदारी मिली थी. जीत के बाद जब वे कानपुर लौटे तो उनका भव्य स्वागत किया गया. उन्होंने इस ऐतिहासिक जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, नितिन नवीन, राष्ट्रीय नेतृत्व एवं पश्चिम बंगाल की जनता को समर्पित किया. उन्होंने कहा कि यह कार्यकर्ताओं की देन है. यह कार्यकर्ताओं की जीत है.
बंगाल विजय के बाद कानपुर में सांसद रमेश अवस्थी का भव्य स्वागत
कानपुर. पश्चिम बंगाल के चुनाव में कई नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी दी गई थी. उसमें से एक बड़ा नाम यूपी के कानपुर से सांसद रमेश अवस्थी का भी है. इस चुनाव में उन्हे जिन सीटों की जिम्मेदारी मिली उसे बखूबी निभाया है. बंगाल में ऐतिहासिक चुनावी प्रदर्शन के बाद जब वे अपने लोकसभा क्षेत्र कानपुर लौटे तो उनका भव्य स्वागत किया गया. पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है. पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया.
दरअसल, रमेश अवस्थी को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी. उन्हें वर्धमान विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी, जिसमें लगभग 29 सेंसिटिव विधानसभा सीटें शामिल थीं. यहां उन्होंने दिन-रात मेहनत की. संगठन कौशल और रणनीतिक कार्यप्रणाली की देन है कि इन सभी क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों ने शानदार प्रदर्शन किया. सबसे बड़ी बात यह है कि यहां 23 सीटों पर ऐतिहासिक जीत भी हासिल की.
इसके अलावा रमेश अवस्थी को प्रशासनिक जिम्मेदारियों का भी दायित्व सौंपा गया था. पार्टी नेतृत्व ने उन पर विश्वास जताते हुए उन्हें राष्ट्रीय टीम में प्रवासी के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदान की. उन्होंने लगभग ढाई महीने से अधिक समय तक पश्चिम बंगाल में रहकर दिन-रात संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई और चुनावी रणनीति को सफलतापूर्वक लागू किया.
साथ ही बड़ी रैलियों के सफल संचालन की जिम्मेदारी भी उनके पास थी, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की रैलियां प्रमुख रूप से शामिल रहीं.
उन्होंने न केवल पश्चिम बंगाल में पार्टी की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया, बल्कि कानपुर सहित संगठन में अपनी एक अलग और मजबूत पहचान भी स्थापित की. उनका यह भव्य स्वागत उनके प्रति कार्यकर्ताओं और जनता के विश्वास, सम्मान और स्नेह का प्रतीक माना जा रहा है.
आज उनकी लोकप्रियता केवल कानपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी निरंतर बढ़ रही है. वे अन्य नेताओं की तुलना में एक अलग एवं प्रभावशाली पहचान रखते हैं, जो उनकी कार्यशैली, समर्पण और जनता से जुड़ाव का परिणाम है. स्टेशन से सीधे भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे सांसद रमेश अवस्थी का क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया. कार्यालय का सभागार पूर्ण रूप से स्वागत सभा में तब्दील हो गया और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला.
इस मौके पर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि उन्हें मिली यह जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं के आशीर्वाद और विश्वास का परिणाम है. उन्होंने इस ऐतिहासिक जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, नितिन नवीन, राष्ट्रीय नेतृत्व एवं पश्चिम बंगाल की जनता को समर्पित किया. सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि बंगाल की जनता ने बम और बारूद की राजनीति का करारा जवाब बैलेट से दिया है. उन्होंने यह भी कहा कि जो सनातन का विरोध करेगा और तुष्टिकरण की राजनीति करेगा, उसका अंत निश्चित है.
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Kanpur,Kanpur Nagar,Uttar Pradesh










