सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले टेस्ट के 5 कप्तान, 9 साल से अटूट है महारिकॉर्ड
Last Updated:September 02, 2026, 16:16 IST
5 captains most sixes in test: टेस्ट क्रिकेट में कप्तानी के दबाव के साथ आक्रामक बल्लेबाजी करना आसान नहीं होता, लेकिन कुछ दिग्गजों ने अपनी कप्तानी में विस्फोटक पारियां खेलकर इतिहास रचा. मिस्बाह-उल-हक टेस्ट में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप पर हैं. उनके बाद ब्रेंडन मैकुलम, महेंद्र सिंह धोनी, ब्रायन लारा और क्लाइव लॉयड का नाम आता है, जिन्होंने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से नया मुकाम हासिल किया.
टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले दुनिया के 5 कप्तानों की लिस्ट.
नई दिल्ली. टेस्ट क्रिकेट को अक्सर धैर्य और संयम का खेल माना जाता है, जहां बल्लेबाज क्रीज पर समय बिताने को प्राथमिकता देते हैं. हालांकि, जब बात कप्तानी के दबाव की आती है, तो कुछ खिलाड़ियों ने न सिर्फ टीम की कमान संभाली, बल्कि अपने आक्रामक तेवरों से लाल गेंद के क्रिकेट में भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. कप्तान के तौर पर अपनी बल्लेबाजी से विरोधी गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले और टेस्ट इतिहास में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वालों में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मिस्बाह उल हक टॉप पर हैं.
पाकिस्तान के सबसे सफल कप्तानों में शुमार मिस्बाह-उल-हक (Misbah-ul-Haq) इस लिस्ट में शीर्ष स्थान पर हैं. भले ही उन्हें उनकी धीमी और समझदारी भरी बल्लेबाजी के लिए ‘टुक-टुक’ कहा जाता था, लेकिन जब उन्होंने लंबे शॉट खेलने की ठानी तो रिकॉर्ड बना दिया. 2010 से 2017 के बीच मिस्बाह ने 56 टेस्ट मैचों की 99 पारियों में कप्तानी की. 17 बार नाबाद रहते हुए उन्होंने 51.39 की बेहतरीन औसत से 4,214 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 8 शतक और 35 अर्धशतक निकले. मिस्बाह ने बतौर कप्तान टेस्ट में 72 छक्के और 405 चौके जमाए, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 135 रन रहा.
टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले दुनिया के 5 कप्तानों की लिस्ट.
ब्रेंडन मैकुलम दूसरे नंबर पर
आक्रामक बल्लेबाजी को टेस्ट क्रिकेट में नई पहचान देने वाले न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम (Brendon McCullum) इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं. मैकुलम ने 2013 से 2016 के दौरान महज 31 टेस्ट मैचों की 54 पारियों में कप्तानी की. इतने कम मुकाबलों में ही उन्होंने 59 छक्के और 281 चौके जड़ दिए. मैकुलम ने 45.28 की औसत और 2,355 रनों के साथ कप्तान के रूप में बेहतरीन प्रदर्शन किया. उनके नाम 6 शतक और 7 अर्धशतक दर्ज हैं, जिसमें 302 रनों की ऐतिहासिक तिहरी शतकीय पारी भी शामिल है.
महेंद्र सिंह धोनी के नाम टेस्ट में बतौर कप्तान 51 छक्के जड़े
भारत को विश्व क्रिकेट के हर प्रारूप में नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) तीसरे स्थान पर काबिज हैं. धोनी ने 2008 से 2014 के बीच 60 टेस्ट मैचों की 96 पारियों में भारतीय टीम का नेतृत्व किया. अपनी कप्तानी के दौरान धोनी ने 40.63 की औसत से 3,454 रन बनाए. उन्होंने कप्तान के रूप में 51 छक्के और 368 चौके लगाए. धोनी के नाम कप्तान के तौर पर 5 शतक और 24 अर्धशतक दर्ज हैं, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 224 रनों की यादगार दोहरा शतकीय पारी सर्वोच्च रही.
ब्रायन लारा चौथे नंबर पर
दुनिया के महानतम बल्लेबाजों में गिने जाने वाले वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा (Brian Lara) इस लिस्ट में चौथे पायदान पर हैं. 1997 से 2006 के बीच लारा ने वेस्टइंडीज के लिए 47 टेस्ट मैचों की 85 पारियों में कप्तानी की. उन्होंने 57.83 की शानदार औसत से 4,685 रन बनाए. लारा ने कप्तान रहते हुए 49 छक्के और 620 चौके जड़े. इस दौरान उन्होंने 14 शतक और 19 अर्धशतक बनाए. टेस्ट क्रिकेट का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर (नाबाद 400 रन) भी उन्होंने बतौर कप्तान ही बनाया था.
क्लाइव लॉयड के नाम 48 छक्के
वेस्टइंडीज की स्वर्णिम पीढ़ी के नायक क्लाइव लॉयड (Clive Lloyd) इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर हैं. 1974 से 1985 के बीच लॉयड ने 74 टेस्ट मैचों की 111 पारियों में कप्तानी करते हुए 51.30 की औसत से 5,233 रन जुटाए. अपने लंबे करियर में उन्होंने कप्तान के रूप में 48 छक्के और 517 से अधिक चौके लगाए. लॉयड ने 14 शतक और 27 अर्धशतक बनाए, जिसमें 242* रन उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा.
About the Author
Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
September 02, 2026, 16:13 IST










