Last Updated:October 19, 2026, 18:59 IST
Ayodhya News: अयोध्या के राम मंदिर में कार्तिक मास के पर्वों को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. राम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक समिति की बैठक में गोपाष्टमी पर गोशाला शुरू करने, अन्नकूट उत्सव और दीपों की व्यवस्था पर चर्चा हुई. इसके साथ ही 26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती भव्य रूप से मनाने की तैयारी है. बैठक में राम मंदिर के खुलने और बंद होने के समय पर भी विचार हुआ, लेकिन पुजारियों की संख्या बढ़ाने और पास व्यवस्था में बदलाव पर कोई चर्चा नहीं हुई.
अयोध्याः रामनगरी अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में आगामी कार्तिक मास के पर्वों और धार्मिक आयोजनों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. महंत नृत्य गोपाल दास के आवास मणिरामदास छावनी में आयोजित इस बैठक में कई बड़े महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए. तो चलिए इस रिपोर्ट में विस्तार से जानते हैं. बैठक में महर्षि वाल्मीकि जयंती, गोपाष्टमी, अन्नकूट और दीपोत्सव सहित विभिन्न आयोजनों को व्यवस्थित एवं भव्य तरीके से संपन्न कराने की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया. इसके साथ ही राम मंदिर के खुलने और बंद होने के समय को लेकर भी चर्चा हुई.
कार्तिक मास में पड़ने वाले विभिन्न धार्मिक पर्वों को लेकर राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से तैयारियां की जा रही हैं. बैठक में गोपाष्टमी के अवसर पर गोशाला के शुभारंभ की योजना पर चर्चा हुई. इसके अलावा अन्नकूट उत्सव और लक्षदीपों की व्यवस्था को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया. धार्मिक समिति ने पर्वों के दौरान पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों को परंपराओं के अनुरूप संपन्न कराने पर जोर दिया. अयोध्या में कार्तिक मास के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु धार्मिक आयोजनों में भाग लेने पहुंचते हैं.ऐसे में मंदिर से जुड़े पर्वों की तैयारियों को समय से पूरा करने और धार्मिक कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
26 अक्टूबर को भव्य रूप से मनाई जाएगी महर्षि वाल्मीकि जयंती
बैठक में आगामी 26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती मनाने की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई. इस आयोजन की जिम्मेदारी राम मंदिर ट्रस्ट की नवनियुक्त न्यासी डॉ. निर्मल यादव को सौंपी गई है.कार्यक्रम में महर्षि वाल्मीकि का षोडशोपचार पूजन किया जाएगा. इसके साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों और अलग-अलग आश्रमों के महंतों को भी आमंत्रित करने की योजना बनाई गई है. महर्षि वाल्मीकि को रामायण का रचयिता माना जाता है. भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में उनकी जयंती को विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के साथ मनाने की तैयारी है.आयोजन के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि के योगदान और रामायण की परंपरा को प्रमुखता से प्रस्तुत करने पर जोर दिया जाएगा.
पुजारियों की संख्या और पास व्यवस्था पर नहीं हुई चर्चा
धार्मिक समिति की बैठक के बाद सदस्य महंत कमल नयन दास ने स्पष्ट किया कि बैठक में पुजारियों की संख्या बढ़ाने या पास व्यवस्था में किसी तरह के बदलाव को लेकर चर्चा नहीं हुई. उन्होंने बताया कि इन विषयों पर बैठक में कोई निर्णय नहीं लिया गया. हालांकि, राम मंदिर के खुलने और बंद होने के समय को लेकर विचार-विमर्श जारी है. बैठक में मुख्य रूप से आगामी धार्मिक पर्वों की तैयारियों, पूजा-पद्धति और आयोजनों को भव्य एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर ध्यान केंद्रित किया गया. राम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक समिति समय-समय पर मंदिर की धार्मिक गतिविधियों और पर्वों से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा करती है. आगामी कार्तिक मास के प्रमुख आयोजनों को लेकर हुई यह बैठक भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
About the Author
Abhijeet ChauhanSub-Editor
Abhijeet Chauhan is a Sub-Editor in the editorial team of News18 Hindi Digital, part of the Network18 Group. He has been associated with News18 for nearly four years, having joined the organization through camp…
और पढ़ेंLocation :
Ayodhya,Faizabad,Uttar Pradesh
First Published :
October 19, 2026, 18:59 IST










