Last Updated:March 12, 2026, 13:39 IST
Fatehpur love Jihad Case: यूपी के फतेहपुर में लव जिहाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक हिंदू विवाहिता को प्रेमजाल में फंसाकर उसका धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आइए आपको लव जिहाद का ये पूरा खेल बताते हैं.
फतेहपुर लव जिहाद केस
फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में लव जिहाद और धर्मांतरण के प्रयास से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस मामले में एक हिंदू विवाहिता को प्रेमजाल में फंसाकर उसका धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया गया है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर थाना राधानगर पुलिस ने आरोपी युवक शहजादा और उसकी मुंहबोली बहन फिजा खातून के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता का अपने पति के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था. इसी दौरान उसकी मुलाकात फिजा खातून से हुई. फिजा खातून ने पीड़िता से पहले अपनी हमदर्दी जताई और फिर उसके करीब आने की कोशिश की. उसके बाद उसे शहजादा नाम के युवक से मिलवाया. बताया जा रहा है कि फिजा ने पीड़िता को यह विश्वास दिलाया कि शहजादा उसकी मदद कर सकता है.
दिल्ली में शहजादा से हुई मुलाकात
पीड़िता की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, फिजा खातून उसे नई दिल्ली ले गई, जहां उसकी मुलाकात शहजादा से कराई गई. आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद शहजादा ने उससे नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया. पीड़िता का कहना है कि जब उसने इस बात का विरोध किया, तो उस पर मानसिक दबाव डाला गया.
तस्वीरें वायरल करने की धमकी
पीड़ित महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि फिजा खातून ने उसे धमकी दी कि अगर वह उनकी बात नहीं मानेगी, तो उसकी और शहजादा की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएंगी. इस धमकी के बाद पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर वापस फतेहपुर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी.
जांच में जुटी पुलिस
परिजनों के साथ पीड़िता थाना राधानगर पहुंची, जहां उसने दोनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. थाना राधानगर पुलिस पीड़िता के आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है. पुलिस ने यह भी कहा है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.
Location :
Fatehpur,Uttar Pradesh
First Published :
March 12, 2026, 13:39 IST










