Last Updated:July 02, 2026, 17:45 IST
Kanpur News: यूपी के कानपुर में टी-20 लीग के चौथे सीजन की मेजबानी की तैयारियां यहां जोर-शोर से चल रही थीं, लेकिन एक खबर ने उनमें नाराजगी पैदा कर दी. दरअसल अब यह मेजबानी कानपुर में ना होकर लखनऊ में होगी.
कानपुर: कानपुर शहर के ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है. जिस यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन की मेजबानी की तैयारियां यहां जोर-शोर से चल रही थीं, वह अब कानपुर से छिनकर लखनऊ पहुंच गई है. दिल्ली में हुई उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की बैठक में फैसला लिया गया कि इस बार 14 अगस्त से शुरू होने वाले लीग के सभी मुकाबले लखनऊ के इकाना स्टेडियम में कराए जाएंगे. हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा एक-दो दिनों में होने की संभावना है.
कुछ दिन पहले ही यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर और यूपीसीए के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कानपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे विश्वास के साथ कहा था कि 14 अगस्त से छह सितंबर तक लीग का चौथा सीजन ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेला जाएगा. इसके बाद आयोजन की तैयारियां भी शुरू कर दी गई थीं. लेकिन अब अचानक पूरा टूर्नामेंट लखनऊ स्थानांतरित करने का फैसला कर दिया गया. इससे यूपीसीए की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं. क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि जब ग्रीनपार्क की कमियां पहले से मालूम थीं, तो कानपुर में आयोजन की घोषणा आखिर क्यों की गई.
पांच करोड़ रुपये किराया और स्टेडियम की खामियां बनीं वजह
सूत्रों के मुताबिक, खेल विभाग ने ग्रीनपार्क स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग के आयोजन के लिए करीब पांच करोड़ रुपये किराया तय किया था. इसके अलावा नए शासनादेश के तहत प्रति मैच ढाई लाख रुपये शुल्क भी निर्धारित किया गया था. बताया जा रहा है कि यूपीसीए इन शर्तों से सहमत नहीं था. वहीं बारिश के मौसम में स्टेडियम का खराब ड्रेनेज सिस्टम और सी बालकनी की जर्जर स्थिति को भी बड़ा कारण माना गया. इन सभी कारणों के चलते टूर्नामेंट को इकाना स्टेडियम में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया.
कानपुर के क्रिकेट प्रेमियों में नाराजगी
ग्रीनपार्क से लीग छिनने की खबर के बाद शहर के क्रिकेट प्रेमियों में भारी नाराजगी है. उनका कहना है कि उत्तर प्रदेश के सबसे ऐतिहासिक क्रिकेट मैदान को लगातार बड़े आयोजनों से दूर किया जा रहा है. लोगों का आरोप है कि यूपीसीए ने पहले कानपुर में आयोजन का प्रचार किया और अब अंतिम समय में फैसला बदल दिया. इससे खिलाड़ियों, दर्शकों और स्थानीय क्रिकेट से जुड़े लोगों की उम्मीदों को झटका लगा है. लोगों ने सरकार से ग्रीनपार्क की सुविधाओं को जल्द बेहतर बनाने और यूपीसीए से भविष्य में ऐसे फैसलों में पारदर्शिता बरतने की मांग की है.
खेल विभाग के पत्र के बाद से ही लगने लगे थे कयास
कुछ दिन पहले खेल विभाग ने यूपीसीए को पत्र भेजकर ग्रीनपार्क स्टेडियम के उपयोग के लिए पांच करोड़ रुपये शुल्क जमा कराने को कहा था. उसी समय से यह चर्चा शुरू हो गई थी कि यदि शुल्क और अन्य शर्तों पर सहमति नहीं बनी तो यूपी टी-20 लीग कानपुर से बाहर जा सकती है. अब दिल्ली में हुई बैठक के बाद यह आशंका सही साबित होती दिखाई दे रही है. यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने पुष्टि की है कि दिल्ली में हुई बैठक में लीग को लखनऊ में कराने का फैसला लिया गया है. उन्होंने कहा कि इसकी आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है और एक-दो दिनों में यूपीसीए की ओर से औपचारिक जानकारी जारी कर दी जाएगी.
About the Author
आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ल…और पढ़ें
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Kanpur Nagar,Uttar Pradesh











