Last Updated:May 23, 2026, 13:58 IST
अनुपम खेर ने अब तक 500 से ज्यादा फिल्मों मे काम किया है. उन्होंने साल 1984 में फिल्म सारांश से करियर की शुरुआत की थी. दिलचस्प बात है कि मूवी में उन्होंने बुजुर्ग पिता का रोल निभाकर दिल जीत लिया था. अब अनुपम खेर ने बताया कि उन्होंने ‘सारांश’ के बाद सिर्फ एक हफ्ते में 50 से ज्यादा फिल्में साइन की थीं.
ख़बरें फटाफट
अनुपम खेर ने बताया कि ‘सारांश’ के बाद कैसे उनकी किस्मत चमक उठी थी.
नई दिल्ली. दिग्गज एक्टर अनुपम खेर अपनी कमाल की एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने अब तक 500 से ज्यादा फिल्मों मे अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया है. उन्होंने साल 1984 में महेश भट्ट की फिल्म सारांश से करियर की शुरुआत की थी. कमाल की बात है कि इसमें उन्होंने बुजुर्ग पिता का रोल निभाया था. जब मूवी बनकर रिलीज हुई तो उनकी परफॉर्मेंस को खूब सराहा गया. अब न्यूज18 के साथ एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में अनुपम खेर ने बताया कि उन्होंने ‘सारांश’ के बाद 50 से ज्यादा फिल्में साइन की थीं, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है.
अनुपम खेर ने बताया, ‘जब मैं नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में था, तो हम लोगों ने सोच लिया था कि फिल्मों में जाएंगे. उस जमाने में अगर आप एनएसडी में हैं और फिल्में करने का सपना देख रहे हैं, तो आपको बहुत हीन नजर से देखा जाता था. जब मैं बॉम्बे (अब मुंबई) गया तो मुझे पहली फिल्म सारांश मिली. महेश भट्ट डायरेक्ट कर रहे थे.’
1 हफ्ते में साइन की थीं 57 फिल्में
दिग्गज एक्टर ने आगे कहा, ‘सारांश में काम करने के लिए मुझे 10 हजार रुपये बतौर फीस मिली थी. सारांश के बाद मैंने एक हफ्ते में 57 फिल्में साइन की थीं. उस दौर में मेरी एक साल में 22-25 फिल्में रिलीज होती थीं. यही वजह है कि आज मैं 551वीं कर रहा हूं.’
दिलीप कुमार को देखते ही रह गए थे अनुपम खेर
इसके बाद अनुपम खेर ने दिलीप कुमार के साथ काम करने करने का अनुभव शेयर किया. उनकी फिल्म कर्मा साल 1986 में रिलीज हुई थी और इसमें अनुपम को दिलीप कुमार के साथ काम करने का मौका मिला. दिग्गज एक्टर ने उनकी तारीफ में जमकर कसीदे पढ़े और बताया कि जब उन्होंने पहली बार सामने से दिलीप कुमार को देखा तो वह सुध-बुध खो बैठे थे और उन्हें बस देखते ही जा रहे थे. उन्होंने कहा, ‘दिलीप कुमार जैसा कोई है ही नहीं. जब वो एक्टिंग करते थे तो बिल्कुल रियल लगता था. वह रियलिस्टिक एक्टिंग करते थे.’
‘खोसला का घोंसला 2’ में नजर आएंगे अनुपम खेर
वर्क फ्रंट की बात करें तो अनुपम खेर बहुत जल्द ‘खोसला का घोंसला 2’ में नजर आएंगे. साल 2006 में आई ‘खोसला का घोंसला’ बॉलीवुड की बेहतरीन कॉमेडी फिल्मों में गिनी जाती है. दिबाकर बनर्जी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने दिल्ली के एक मिडिल-क्लास परिवार की कहानी दिखाई थी, जो एक शातिर प्रॉपर्टी डीलर के कब्जे से अपनी जमीन छुड़ाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा देता है. अब इस मूवी का सीक्वल 28 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगा.
About the Author
Kamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …और पढ़ें
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में










