T20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका की सबसे बड़ी हार, ऑस्ट्रेलिया का धमाकेदार आगाज
Last Updated:June 13, 2026, 23:44 IST
AUS vs SA Women’s T20 World Cup Highlights: साउथ अफ्रीका की महिला क्रिकेट टीम को टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास की सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ी है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले ही मुकाबले में अफ्रीकी टीम को 65 रन से शिकस्त मिली. उनके बल्लेबाजों ने निराश किया. 173 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफ्रीका की पारी सिर्फ 107 रन पर ही सिमट गई. उनके आखिरी 5 विकेट महज 11 रन के भीतर गिरे.
महिला टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया का जीत से आगाज.
नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया ने विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है. इस टीम ने शनिवार को एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में ‘ग्रुप-ए’ के मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 65 रन से हराया. टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 172 रन बनाए. ऑस्ट्रेलियाई टीम पांचवीं गेंद पर जॉर्जिया वोल (0) का विकेट गंवा चुकी थी. इसके बाद बेथ मूनी ने फोएबे लिचफील्ड के साथ दूसरे विकेट के लिए 18 गेंदों में 23 रन जुटाकर टीम को 24 के स्कोर तक पहुंचाया.
मूनी 9 गेंदों में सिर्फ 7 रन बनाकर पवेलियन लौटीं. यहां से लिचफील्ड ने एलिस पेरी के साथ 18 गेंदों में 37 रन जोड़कर टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकालने की कोशिश की. लिचफील्ड 24 गेंदों में 10 बाउंड्री के साथ 50 रन बनाकर आउट हुईं. कुछ देर बाद एश्ले गार्डनर (1) भी वापस लौट गईं. ऑस्ट्रेलिया ने 62 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए थे.
यहां से पेरी ने जॉर्जिया वेयरहैम के साथ पांचवें विकेट के लिए 38 गेंदों में 58 रन की साझेदारी की. पेरी ने 26 गेंदों में 36 रन बनाए, जबकि वेयरहैम ने 32 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. इनके अलावा, एनाबेल सदरलैंड ने 21 रन जोड़े.विपक्षी खेमे से अयाबोंगा खाका, नॉनकुलुलेको म्लाबा और नादिन डी क्लार्क ने 2-2 विकेट निकाले. मारिजैन कैप और शबनीम इस्माइल ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.
107 रन पर ढेर हुई साउथ अफ्रीका
इसके जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम 16.4 ओवरों में सिर्फ 107 रन पर सिमट गई. साउथ अफ्रीका ने महज 7 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे. यहां से नादिन डी क्लार्क ने लौरा वोल्वार्ड्ट के साथ तीसरे विकेट के लिए 31 गेंदों में 41 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की.
क्लार्क 22 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 25 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद वोल्वार्ड्ट ने मैरिजैन कैप के साथ 27 गेंदों में 34 रन जोड़कर टीम को 82 के स्कोर तक पहुंचाया. कैप 12 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जबकि वोल्वार्ड्ट 39 गेंदों में 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 44 रन बनाकर आउट हुईं. इस टीम ने 96 के स्कोर पर अपना पांचवां विकेट गंवाया, जिसके बाद सिर्फ 107 रन तक ऑलआउट हो गई. विपक्षी खेमे से जॉर्जिया वेयरहैम ने 2.4 ओवरों में सिर्फ 13 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि सोफी मोलिनक्स और अलाना किंग ने 2-2 विकेट निकाले. किम गार्थ और एश्ले गार्डनर को 1-1 विकेट हाथ लगा.
About the Author
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
New Delhi,New Delhi,Delhi











