Last Updated:January 02, 2026, 10:31 IST
Love Jihad News: केजीएमयू में यहां एक महिला रेजिडेंट डॉक्टर ने अपने ही विभाग के एक पुरुष रेजिडेंट डॉक्टर रमीज मलिक पर धोखा देने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया है. आइए जानते हैं पूरा मामला…
लखनऊ का KGMU लव जिहाद मामला.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित चिकित्सा शिक्षण संस्थानों में शामिल किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) एक बार फिर चर्चाओं में आ गया है. इस बार मामला एक रेजिडेंट डॉक्टर पर लगे धर्मांतरण के प्रयास जैसे गंभीर आरोपों से जुड़ा है. आरोप सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल अपने स्तर पर आंतरिक जांच शुरू कर दी है. वहीं, पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ गिरफ्तार वारंट जारी कर दिया है. आरोपी को ढूंढने के लिए उत्तराखंड से लेकर यूपी के जिलों में दबिश जारी है. आइए जानते हैं पूरा मामला और अबतक क्या कुछ हुआ…
यह है मामला
केजीएमयू में यहां एक महिला रेजिडेंट डॉक्टर ने अपने ही विभाग के एक पुरुष रेजिडेंट डॉक्टर रमीज मलिक पर धोखा देने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया. महिला डॉक्टर पश्चिम बंगाल की रहने वाली बताई जा रही हैं, जबकि पुरुष डॉक्टर उत्तराखंड का निवासी है. महिला डॉक्टर के अनुसार, दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई, जो आगे चलकर रिश्ते में बदल गई. आरोप है कि इसी दौरान पुरुष डॉक्टर ने उस पर धर्म बदलने का दबाव बनाना शुरू कर दिया. इस मानसिक तनाव के कारण महिला डॉक्टर की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें इलाज के लिए केजीएमयू में भर्ती कराना पड़ा. फिलहाल उनकी हालत में सुधार है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.
अस्पताल प्रशासन ने की थी पूछताछ
महिला डॉक्टर ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित पुरुष डॉक्टर ने अपनी वैवाहिक स्थिति को लेकर गलत जानकारी दी. बताया गया है कि वह पहले से शादीशुदा था, लेकिन उसने खुद को अविवाहित बताया. जानकारी के मुताबिक, उसकी पहले भी एक हिंदू महिला से शादी हो चुकी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए केजीएमयू प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया है. अस्पताल प्रशासन ने पुरुष रेजिडेंट डॉक्टर को नोटिस जारी कर सोमवार दोपहर 1 बजे पूछताछ के लिए तलब किया है. साथ ही महिला डॉक्टर और उनके परिजनों को भी बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है. केजीएमयू प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जाएगी.
अब गिरफ्तारी वारंट जारी
अब इस मामले में पुलिस सख्त हो गई है. लगातार बढ़ते विवाद को देखते हुए आरोपी डॉक्टर रमीज मलिक के खिलाफ गिरफ्तार वारंट जारी किया गया है. डीसीपी वेस्ट विश्वजीत श्रीवास्तव ने रमीज की गिरफ्तारी के लिए तीन टीम बनाई हैं. तीनों टीम उत्तराखंड, यूपी के बरेली और सुल्तानपुर में दबिश दे रही हैं.Location :
Lucknow,Uttar Pradesh
First Published :
January 02, 2026, 10:31 IST
KGMU Case : डॉ. रमीज को ढूंढने में जुटी पुलिस, यूपी से लेकर उत्तराखंड तक दबिश










