Last Updated:November 13, 2026, 19:46 IST
बॉलीवुड की बेबाक एक्ट्रेस स्वरा भास्कर एक बार फिर फिल्म ‘पद्मावत’ के जौहर वाले सीन पर दिए अपने पुराने बयान को लेकर सुर्खियों में आ गईं हैं. हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान स्वरा ने खुलासा किया कि उस विवाद के बाद उन्हें भले ही लोगों की भारी नाराजगी और गालियों का सामना करना पड़ा हो, लेकिन कुछ रेप सर्वाइवर महिलाओं ने खुद आगे आकर उनके बयान का समर्थन किया था. एक्ट्रेस ने कहा कि उन महिलाओं के शब्द सुनकर वह अंदर तक हिल गई थीं और उन्हें अहसास हुआ कि उनकी नीयत बिल्कुल सही थी.
ख़बरें फटाफट
स्वरा भास्कर के बयान पर जमकर हुआ था विवाद. (फोटो साभार: Instagram@reallyswara/IMDb)
नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं. वह अक्सर संवेदनशील मुद्दों पर अपनी राय खुलकर सामने रखती हैं. हाल ही में स्वरा ने साल 2018 में आई फिल्म ‘पद्मावत’ के चर्चित जौहर वाले सीन पर अपनी पुरानी टिप्पणी और उससे उपजे विवाद पर एक बार फिर बात की. एक्ट्रेस ने खुलासा किया कि भले ही उनके बयान की वजह से लोग नाराज हुए थे लेकिन कुछ महिलाओं ने आगे आकर उनके बयान पर सहमति जाहिर की है. स्वरा के मुताबिक, उनकी नीयत साफ थी और लोगों की गालियों से भी उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता है.
फिल्मीज्ञान को दिए एक इंटरव्यू में स्वरा भास्कर ने ‘पद्मावत’ विवाद पर खुलकर बात की. एक्ट्रेस ने बताया कि इस मुद्दे पर उन्हें तब कई लोगों की नाराजगी झेलनी पड़ी थी, लेकिन कुछ ऐसी महिलाएं भी थीं, जो उनका हौसला बढ़ाने आगे आईं. स्वरा के अनुसार, ऐसी ही दो महिलाओं से उनकी मुलाकात अलग-अलग जगहों पर हुई थी-एक महिला उन्हें एयरपोर्ट पर मिली थी, तो दूसरी की मुलाकात रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ के सेट पर हुई थी.
स्वरा भास्कर के बयान पर दो रेप सर्वाइवर ने जताई सहमति
उन दोनों महिलाओं ने स्वरा के पास आकर कहा था, ‘मैं एक रेप सर्वाइवर हूं और मैं आपकी इस बात से पूरी तरह सहमत है.’ एक्ट्रेस ने साझा किया कि जब उन महिलाओं ने खुद आगे आकर ये शब्द कहे, तो वह अंदर तक हिल गई थीं और उनके जिस्म में सिहरन दौड़ गई थी. स्वरा के लिए यह लम्हा बेहद भावुक कर देने वाला था, क्योंकि जब समाज का एक धड़ा उनकी आलोचना कर रहा था, तब असल जिंदगी के सबसे भयानक संघर्षों से जूझ चुकीं इन महिलाओं का समर्थन उनके लिए बहुत बड़ी बात थी.
स्वरा भास्कर ने अपने बयान को बताया सही
उन्होंने आगे कहा, ‘उस वक्त मुझे ऐसा लगा कि मैं जिंदगी भर गाली खा लूंगी, अगर दो लोगों ने मेरी बात सुनकर मेरा साथ दिया. फिर मुझे फर्क नहीं पड़ता कि लोग मुझे गालियां दे रहे हैं. जब दो लोगों ने मुझसे ये बातें शेयर कीं, तब मुझे एहसास हुआ कि मैं बिल्कुल सही थी. मेरी नीयत अच्छी थी, मेरी नीयत साथ थी और जिसके साथ ये सब हुआ कि उन्हें ये अच्छे से पता है.’
क्या है स्वरा भास्कर से जुड़ा विवाद?
स्वरा भास्कर ने 31 अगस्त को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में ‘वुमन लाइफ फ्रीडम टॉक’ कार्यक्रम में एक सवाल का जवाब देते हुए कहा था, ‘जब मैं फिल्म का सीन देख रही थी जिसमें सभी 800 महिलाएं जौहर करती हैं तो मैंने सोचा कि ईश्वर न करे, लेकिन अगर मैं रेप सर्वाइवर होती तो ये फिल्म आखिर मुझे क्या संदेश दे रही है? मैं कायर जैसा महसूस करती कि मैंने खुद की इज्जत बचाने के लिए अपनी जान नहीं ली. क्या आप हमारे जैसे समाज में यही संदेश देना चाहते हैं, जहां रेप एक महामारी की तरह फैल रहा है? क्या हम अपनी रेप सर्वाइवर्स को ये कहना चाह रहे हैं कि आपको जीने का अधिकार नहीं है?
साल 2018 में रिलीज हुई थी ‘पद्मवत’ फिल्म
बताते चलें कि संजय लीला भंसाली के डायरेक्शन में बनी ‘पद्मावत’ साल 2018 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इस फिल्म में दीपिका पादुकोण ने रानी पद्मावती, शाहिद कपूर ने महारावल रतन सिंह और रणवीर सिंह ने अलाउद्दीन खिलजी का किरदार निभाया था. फिल्म रिलीज से पहले ही इसके खिलाफ काफी विरोध और विवाद देखने को मिला था.
About the Author
Kamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
और पढ़ेंFirst Published :
November 13, 2026, 19:46 IST










