नई दिल्ली: 13 सितंबर से अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू होने जा रही तीन मैच की टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है. बीसीसीआई ने एक सितंबर की शाम प्रेस रीलिज के माध्यम से इसकी जानकारी ही. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम में कोई चौंकाने वाला नाम नहीं है. 13, 15 और 17 सितंबर को होने वाले ये तीनों मैच नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे. यहां आपको बताना जरूरी हो जाता है कि इस सीरीज की मेजबानी बीसीसीआई नहीं बल्कि अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड करेगा.
वैभव सूर्यवंशी समेत टीम में चार-चार ओपनर्स
टीम में संजू सैमसन और ईशान किशन के रूप में दो विकेटकीपर हैं जबकि अभिषेक शर्मा के साथ-साथ वैभव सूर्यवंशी की भी जगह बरकरार हैं, जिन्होंने चंद महीने पहले इंग्लैंड दौरे पर अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था, इसका मतलब टीम मैनेजमेंट का सिरदर्द बरकरार रहेगा कि ओपनिंग किससे कराई जाए और किसे बाहर बिठाया जाए.
पहली बार भारत में भारत के लिए खेलेंगे वैभव
वैभव ने भारत के लिए जो छह टी-20 मैच खेले हैं, वो सारे विदेशी सरजमीं पर हैं, जिसमें तीन इंग्लैंड और तीन जिम्बाब्वे में हुए. इन छह टी-20 मुकाबलों में वैभव ने 189.21 की स्ट्राइक रेट से 193 रन बनाए हैं. जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने दो अर्धशतक भी जमाए हैं. अब भारत में वह पहली बार घरेलू दर्शकों के बीच टीम इंडिया की जर्सी पहनकर उतरेंगे.
चार प्लेयर्स का नाम क्यों अधर में?
नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह और हर्षित राणा की उपलब्धता फिटनेस के आधार पर है. ये सारे खिलाड़ी अपनी इंजरी से उबर रहे हैं. यहां बताना जरूरी हो जाता है कि अफगानिस्तान ने पहले ही अपनी टीम का ऐलान कर दिया है.
भारत की टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी*, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर*, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह*, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा*
अफगानिस्तान की टीम: इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), नूर रहमान (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह ओमरजई, गुलबदीन नईब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नंग्याल खरोती, नूर अहमद, मुजीब-उर-रहमान, फजल हक फारूकी, अब्दुल्ला अहमदजई और नवीन-उल-हक.
रिजर्व खिलाड़ी: एजाज अहमदजई, शाहिदुल्लाह कमाल, फरीद अहमद मलिक










