Last Updated:November 14, 2026, 04:01 IST
दिग्गज एक्ट्रेस कामिनी कौशल ने करीब 76 साल हिंदी सिनेमा में काम किया. हालांकि, उन्होंने फिल्मों में एक्टिंग के बारे में कभी नहीं सोचा था. रेडियो के लिए नाटक करने से मिली पहचान ने उन्हें बॉलीवुड में काम दिलवाया. कमाल की बात यह है कि उन्हें पहली फिल्म ‘नीचा नगर’ से ग्लोबल पहचान मिल गई. उन्होंने शाहिद कपूर की फिल्म ‘कबीर सिंह’ में उनकी दादी का रोल निभाया था. वे आमिर खान की फिल्म ‘लाल सिहं चड्ढा’ में भी नजर आई थीं.
नई दिल्ली: कभी प्रेमिका तो कभी मां के किरदार में नजर आई एक्ट्रेस कामिनी कौशल की जिंदगी का सफर भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था. फिल्मों में आने से पहले वह रेडियो पर नाटक किया करती थीं और इसके लिए उन्हें महज 10 रुपए मिलते थे. उस समय उन्होंने अभिनय के बारे में सोचा भी नहीं था. करीब 76 साल तक फिल्मों से जुड़ी रहीं कामिनी कौशल ने दिलीप कुमार, देव आनंद और राज कपूर जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया. (फोटो साभार: Instagram@sairabanu)
कामिनी कौशल का असली नाम उमा कश्यप था. उनका जन्म 24 फरवरी 1927 को लाहौर में हुआ था. उनको बचपन से ही कला और दूसरी एक्टिविटी में दिलचस्पी थी. उन्होंने लाहौर के गवर्नमेंट कॉलेज से अंग्रेजी साहित्य में ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की. बड़ी हुईं तो रेडियो नाटकों में हिस्सा लेने लगी थीं. आकाशवाणी पर नाटक करने के बदले उन्हें 10 रुपए मिलते थे. यही अनुभव आगे चलकर उनके फिल्मी करियर की शुरुआत का कारण बना. (फोटो साभार: Instagram@samim_jnu)
फिल्मकार चेतन आनंद ने रेडियो पर उनकी आवाज सुनी थी. उन्हें कामिनी की आवाज और अभिनय क्षमता पसंद आई. इसके बाद उन्होंने उमा कश्यप को अपनी फिल्म ‘नीचा नगर’ में काम करने का मौका दिया. साल 1946 में रिलीज हुई इस फिल्म से कामिनी ने हिंदी सिनेमा में कदम रखा. (फोटो साभार: Instagram@shoojitsircar)
Add News18 as
Preferred Source on Google
फिल्म ‘नीचा नगर’ में कामिनी के साथ रफीक अनवर नजर आए थे. इस फिल्म को पहले कान फिल्म फेस्टिवल में सम्मानित किया गया था. पहली ही फिल्म ने कामिनी को ग्लोबल पहचान दिला दी. चेतन आनंद ने ही उन्हें उमा कश्यप की जगह कामिनी कौशल नाम दिया था. (फोटो साभार: Instagram@xena_b_)
‘नीचा नगर’ के बाद कामिनी के पास फिल्मों की लाइन लग गई. साल 1947 में वह ‘दो भाई’ और ‘जेल यात्रा’ में नजर आईं. इसके बाद 1948 में उनकी फिल्में ‘आग’, ‘शहीद’, ‘नदिया के पार’ और ‘जिद्दी’ रिलीज हुईं. इन फिल्मों ने उन्हें उस दौर की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया. (फोटो साभार: Instagram@sairabanu)
कामिनी कौशल के करियर में साल 1954 बेहद खास रहा. इस साल आई बिमल रॉय की फिल्म ‘बिराज बहू’ में उन्होंने अहम भूमिका निभाई. प्रेमचंद की कहानी पर बनी फिल्म में उनके अभिनय को काफी सराहना मिली. इस भूमिका के लिए उन्हें 1956 में बेस्ट एक्ट्रेस का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला. इसके बाद, उन्होंने ‘आबरू’, ‘बड़े सरकार’, ‘जेलर’, ‘नाइट क्लब’ और ‘गोदान’ जैसी फिल्मों में काम किया.
(फोटो साभार: Instagram@sairabanu)
समय के साथ कामिनी ने अपने किरदारों में बदलाव किया. पहले जहां वह फिल्मों में अहम एक्ट्रेस के रूप में नजर आती थीं, वहीं बाद में उन्होंने मां और परिवार की बड़ी महिला के किरदार निभाने शुरू किए. मनोज कुमार की फिल्म ‘उपकार’ (1967) से उनके करियर में यह बदलाव साफ दिखाई दिया. इसके बाद, वह ‘पूरब और पश्चिम’, ‘शोर’, ‘रोटी कपड़ा और मकान’, ‘संन्यासी’ और ‘दस नंबरी’ जैसी फिल्मों में मनोज कुमार की मां के किरदार में नजर आईं. राजेश खन्ना के साथ उन्होंने ‘प्रेम नगर’ और ‘महाचोर’ में भी काम किया. (फोटो साभार: Instagram@sairabanu)
कामिनी कौशल ने फिल्मों के अलावा टेलीविजन की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई. वह बच्चों के इवेंट और कठपुतली शो से जुड़ी रहीं. उन्होंने शाहरुख खान की फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ और शाहिद कपूर की ‘कबीर सिंह’ में भी काम किया. आमिर खान की फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ में वह आखिरी बार पर्दे पर नजर आईं. कामिनी कौशल का निधन 14 नवंबर 2025 को मुंबई स्थित उनके घर पर हुआ. वह 98 साल की थीं. (फोटो साभार: Instagram@_navniparihar)
लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंडियादेखें.First Published :
November 14, 2026, 04:01 IST









