मुंबई इंडियंस के लिए ‘मजबूरी’ बने हार्दिक पंड्या, नहीं मिल रहा सही खरीदार

नई दिल्ली. आईपीएल 2027 में हार्दिक पंड्या मुंबई इंडियंस के साथ बने रहेंगे या नहीं, क्रिकेट फैंस में इसको लेकर बड़ी दिलचस्पी बनी हुई है. पिछले आईपीएल सीजन उनकी कप्तानी में टीम के शर्मनाक प्रदर्शन के बाद कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हार्दिक का मुंबई से अलग होना तय है. बीते दिनों खबरें आईं कि 5 बार की चैंपियन टीम अपने कप्तान को ट्रेड करने के लिए कई फ्रेंचाइजियों से बात कर रही है. रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि चेन्नई सुपर किंग्स या कोलकाता नाइटराइडर्स से डील होने की संभावना है. हालांकि, अब पता चला है कि अगर हार्दिक अगले सीजन मुंबई के लिए ही खेलते हैं तो इसमें हैरान होने वाली बात नहीं होगी. लेकिन उनसे कप्तानी छीने जाने की पूरी संभावना है. ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक फ्रेंचाइजी को ट्रेड के लिए कोई सही खरीदार नहीं मिल रहा है.

हार्दिक का ट्रेड अटका, सही खरीदार नहीं मिल रहा
हार्दिक पंड्या के ट्रेड को लेकर काफी चर्चा हुई और कई फ्रेंचाइजी ने दिलचस्पी भी दिखाई, लेकिन बातचीत किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी. कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ भी कुछ बातचीत हुई है. हालांकि, वहां से मिलने वाले संभावित ट्रेडेबल खिलाड़ी ने मुंबई इंडियंस को खास प्रभावित नहीं किया. ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन का नाम चर्चा में आया, लेकिन अगले साल ऑस्ट्रेलिया के व्यस्त टेस्ट कैलेंडर और उनके वर्कलोड को देखते हुए MI का थिंक टैंक इस विकल्प को लेकर बहुत उत्साहित नहीं है. यानी समस्या सिर्फ पंड्या को छोड़ने की नहीं है, बल्कि उनके बदले ऐसा खिलाड़ी हासिल करने की है जो मुंबई की जरूरतों को पूरा कर सके.

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक घटनाक्रम पर नजर रखने वाले एक सूत्र ने कहा, ‘हार्दिक के ट्रेड को लेकर बातचीत हुई जरूर है, लेकिन इसे आसान सौदा नहीं माना जा सकता. अगर हार्दिक पंड्या ट्रेड नहीं होते हैं तो हैरानी नहीं होनी चाहिए. खिलाड़ी के साथ भी इस दिशा में बातचीत हुई है. ट्रेड के लिए कई चीजों का एक साथ सही जगह पर होना जरूरी है, इसलिए यह इतना सीधा मामला नहीं है.’

तिलक की कप्तानी में खेलेंगे हार्दिक!
मुंबई इंडियंस अब एक नए कप्तानी दौर की तरफ बढ़ने की तैयारी में है. मैनेजमेंट ने हार्दिक को कप्तान बनाए रखने के बजाय किसी नए चेहरे को नेतृत्व देने के विकल्प पर विचार किया है. इस रेस में तिलक वर्मा का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है. जसप्रीत बुमराह भी संभावित विकल्प हैं, लेकिन मौजूदा समीकरण में तिलक वर्मा का पलड़ा भारी नजर आ रहा है. अगर ऐसा होता है तो हार्दिक पंड्या उसी टीम में एक ऐसे कप्तान के नेतृत्व में खेलेंगे, जो उनसे उम्र और अनुभव दोनों में काफी छोटा है. तिलक की 23 साल है, जबकि हार्दिक 32 साल के हैं.

रोहित शर्मा की भूमिका फिर हुई अहम
रिपोर्ट में बताया गया कि मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा भी टीम की भविष्य की दिशा से जुड़ी चर्चाओं में सक्रिय रूप से शामिल हैं. एक विकल्प यह भी था कि उन्हें दोबारा कप्तानी सौंपी जाए, लेकिन 39 वर्षीय रोहित खुद दोबारा कप्तानी की जिम्मेदारी लेने के इच्छुक नहीं बताए जा रहे हैं. इसलिए फ्रेंचाइजी का झुकाव किसी नए चेहरे को कप्तान बनाने की तरफ है. तिलक वर्मा इसी वजह से मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं. तिलक और रोहित के बीच कैसा बॉन्ड है, यह भी किसी से छिपा नहीं है.

महेला जयवर्धने पर भरोसा बरकरार
मुंबई इंडियंस के कोचिंग सेटअप में फिलहाल बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं. पूर्व श्रीलंकाई कप्तान महेला जयवर्धने के 2027 सीजन में भी मुख्य कोच बने रहने की संभावना है. जयवर्धने ने 2024 में ‘2+1’ साल के कॉन्ट्रैक्ट पर टीम से जुड़ने के बाद 2025 में मुंबई को प्लेऑफ तक पहुंचाया था. 2026 की नाकामी के बावजूद फ्रेंचाइजी जल्दबाजी में पूरे सिस्टम को बदलने के मूड में नहीं है. औपचारिक ऐलान अगले महीने होने की उम्मीद है, बशर्ते आखिरी समय में कोई बदलाव न हो.

सूर्या पर भी MI का भरोसा कायम
सूर्यकुमार यादव को लेकर भी पिछले सीजन के बाद सवाल उठे थे. भारत की टी20 टीम की कप्तानी से हटाए जाने के बाद उनके भविष्य को लेकर भी अटकलें चलीं, लेकिन मुंबई इंडियंस उन्हें रिलीज करने के मूड में नहीं है. हालांकि, फ्रेंचाइजी का मानना है कि किसी खिलाड़ी को सिर्फ एक खराब सीजन के आधार पर बाहर करना उसकी कार्यशैली नहीं है. सूर्यकुमार ने इससे पहले टीम के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है. इन सभी चर्चाओं के बीच देखना दिलचस्प होगा कि मुंबई इंडियंस मैनेजमेंट की आगे की राह क्या होती है. क्या हार्दिक टीम में बने रहेंगे या सीजन नजदीक आते-आते फ्रेंचाइजी कोई बड़ी ट्रेड डील का खुलासा करती है?

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति