आजमगढ़: आगामी त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य को लेकर जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा मतदाता सूची के पुनरीक्षण और सत्यापन का कार्य पूरा कर लिया गया है. सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर मतदाता सूची का सत्यापन अभियान चलाया गया. इस गहन जांच और छंटनी के बाद अनंतिम सूची की तुलना में अंतिम सूची में 1 लाख 31 हजार से अधिक मतदाताओं की कमी दर्ज की गई है.
मतदाता सूची के आंकड़ों में बड़ा अंतर
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजाराम वर्मा ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए पूर्व में 23 दिसंबर 2025 को मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन किया गया था, उस समय जनपद में पंजीकृत कुल मतदाताओं की संख्या 37,07,782 थी. अनंतिम प्रकाशन के बाद प्रशासन द्वारा नियमानुसार दावे और आपत्तियां आमंत्रित की गईं. प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण और डुप्लीकेट मतदाताओं के भौतिक सत्यापन के बाद 10 जून 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया.
अंतिम प्रकाशन के आंकड़ों के मुताबिक, अब जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 35,76,287 रह गई है. इस प्रकार अनंतिम प्रकाशन से लेकर अंतिम प्रकाशन के बीच डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान और विसंगतियों को दूर करने के बाद कुल 1,31,495 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं.
जिले में पदों और मतदान केंद्रों की स्थिति
निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के विभिन्न त्रिस्तरीय पंचायत पदों का ब्योरा साझा करते हुए बताया कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण संपन्न कराने की रूपरेखा तैयार कर ली गई है, जिसके तहत जनपद में ग्राम पंचायत सदस्यों की कुल संख्या 22,223 है. वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य के कुल 2,044 पद निर्धारित हैं और जिला पंचायत सदस्य के लिए कुल 82 पद हैं. जिले में मतदान व्यवस्था के लिए कुल 2,019 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. इन केंद्रों के अंतर्गत कुल 6,053 मतदान स्थल (बूथ) तैयार किए गए हैं, जहां मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे.
पात्र मतदाताओं को पूरक सूची से मिलेगा मौका
दस्तावेजों की कमी या डुप्लीकेट श्रेणी में आने के कारण जिनका नाम सूची में दर्ज नहीं हो सका है, उनके बारे में पूछे जाने पर अधिकारी ने स्थिति साफ की. हालांकि ऐसे लोग जिनको दस्तावेजों की कमी के कारण या किसी कारणवश डुप्लीकेट श्रेणी में दर्ज किया गया है, उन्हें फिर से सूची में नाम दर्ज करने का मौका दिया जाएगा.
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में आयोग की आधिकारिक वेबसाइट बंद है, जब आयोग द्वारा वेबसाइट को दोबारा खोला जाएगा, तब नियमानुसार पूरक मतदाता सूची (सप्लीमेंट्री लिस्ट) तैयार की जाएगी. जिन भी पात्र नागरिकों का नाम छूट गया है, वे उस दौरान आवेदन कर पूरक सूची के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकेंगे.
मतदाता बनने के लिए नियम और जरूरी कागजात
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए व्यक्ति का संबंधित ग्राम पंचायत का मूल निवासी होना अनिवार्य है. इसके साथ ही उसकी न्यूनतम आयु 18 वर्ष पूरी होनी चाहिए. आयु और पहचान के प्रमाण पत्र के रूप में आवेदक का आधार कार्ड या उसकी हाईस्कूल की अंकतालिका/प्रमाण पत्र पूरी तरह से मान्य होगा. ग्रामीण इन दस्तावेजों के आधार पर आयोग की वेबसाइट खुलते ही अपना पंजीकरण करवा सकते हैं.









