Last Updated:November 14, 2026, 12:34 IST
Anirudh Ravichander And Kaviya Maran Self Respect Marriage: शादी का नाम आते ही आंखों के सामने कई रस्में घूमने लगती हैं. कहीं हल्दी की रौनक तो कहीं मेहंदी की महक, कहीं पंडित के मंत्र तो कहीं अग्नि के सामने लिए जाने वाले सात वचन. लेकिन हर शादी का तरीका एक जैसा नहीं होता. दक्षिण भारत में विवाह की एक ऐसी परंपरा भी है, जो सदियों पुरानी सामाजिक सोच को चुनौती देती आई है. अनिरुद्ध और काव्या ने भी इसी राह को चुना. क्या है ये ‘सेल्फ-रिस्पेक्ट मैरिज’ चलिए बताते हैं…
नई दिल्ली. भारतीय हिंदू शादियों में आमतौर पर मंत्रोच्चार, सात फेरे, पंडित और कई तरह की धार्मिक रस्में देखने को मिलती हैं. लेकिन क्या बिना इन रस्मों के भी शादी हो सकती है? आप सोच रहे होंगे ऐसे को फिर सिर्फ कोर्ट मैरिज में हो सकता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की सह-मालकिन काव्या मारन ने बिना इस तामझाम के शादी की है. 11 नवंबर को दोनों ने ग्रीस में शादी की. लेकिन उनकी शादी पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों से नहीं हुई. तस्वीरें वायरल हुईं, जिसके बाद ये चर्चाएं शुरु हो गईं कि कपल ने ‘सेल्फ-रिस्पेक्ट मैरिज’ का रास्ता चुना.
सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल हुईं तो DMK IT विंग के सेक्रेटरी डॉ. टीआरबी राजा ने बताया भी कि अनिरुद्ध रविचंदर-काव्या मारन ने सेल्फ-रिस्पेक्ट वाली शादी चुनी है. इस शादी में न तो पंडित की जरूरत होती है और न ही संस्कृत के मंत्रों या पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों की. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर यह शादी होती क्या है? इसकी शुरुआत कब हुई और भारत में इसे कानूनी मान्यता कैसे मिली?
सेल्फ-रिस्पेक्ट मैरिज को तमिल भाषा में ‘सुयमरियाथई थिरुमनम’ (Suyamariyathai Thirumanam) कहा जाता है. इसका सीधा मतलब है आत्मसम्मान के साथ विवाह. यह शादी का ऐसा तरीका है, जिसमें दो लोग बिना किसी पुजारी, धार्मिक मंत्रोच्चार या बड़े धार्मिक समारोह के एक-दूसरे को जीवनसाथी स्वीकार कर सकते हैं. फोटो साभार-@anirudhofficial/Instagram
Add News18 as
Preferred Source on Google
इस शादी में कपल अपनी पसंद के मुताबिक कुछ प्रतीकात्मक रस्में निभा सकते हैं. मसलन, एक-दूसरे को वरमाला पहनाना, अंगूठियां बदलना या थाली (मंगलसूत्र) बांधना. इसके लिए किसी एक तय धार्मिक विधि का पालन करना जरूरी नहीं है. इसका मुख्य आधार दोनों लोगों की सहमति और एक-दूसरे को पति-पत्नी के रूप में स्वीकार करना है. फोटो साभार-@anirudhofficial/Instagram
अनिरुद्ध और काव्या ने भी ऐसा ही किया. उन्होंने अपने परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में एक-दूसरे को वर मालाएं और चेन पहनाईं. इस शादी समारोह में रजनीकांत और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन भी शामिल हुए. फोटो साभार-@anirudhofficial/Instagram
सेल्फ-रिस्पेक्ट मैरिज की जड़ें तमिलनाडु के सामाजिक सुधार आंदोलन से जुड़ी हैं. इसकी शुरुआत साल 1925 में समाज सुधारक ईवी रामासामी ने की थी, जिन्हें पेरियार के नाम से जाना जाता है. उन्होंने उस दौर में समाज में फैली जातिगत भेदभाव की व्यवस्था और धार्मिक कर्मकांडों के खिलाफ आवाज उठाई थी. उस समय शादी जैसे फैसलों में जाति की बड़ी भूमिका होती थी. कई हिंदू विवाह ब्राह्मण पुजारियों के जरिए कराए जाते थे और उनमें संस्कृत के मंत्र पढ़े जाते थे. परेशानी यह थी कि शादी करने वाले कई लोग इन मंत्रों का अर्थ तक नहीं समझते थे. पेरियार का मानना था कि दो लोगों की शादी के लिए किसी पुजारी की मंजूरी या धार्मिक कर्मकांड जरूरी नहीं होना चाहिए. उनके मुताबिक, शादी का आधार आपसी सहमति, बराबरी और सम्मान होना चाहिए. फोटो साभार-@anirudhofficial/Instagram
पेरियार का यह आंदोलन सिर्फ शादी के तरीके को बदलने तक सीमित नहीं था. इसका मकसद समाज में महिलाओं और पुरुषों को बराबरी का अधिकार दिलाना भी था. इस आंदोलन ने अंतरजातीय विवाह को बढ़ावा दिया और विधवा पुनर्विवाह का समर्थन किया. साथ ही दहेज प्रथा और जाति के आधार पर होने वाले भेदभाव का विरोध किया. पेरियार का मानना था कि महिलाओं को अपना जीवनसाथी चुनने की पूरी आजादी होनी चाहिए. किसी भी महिला को सिर्फ समाज या परिवार के दबाव में शादी करने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए. इसी सोच के तहत सेल्फ-रिस्पेक्ट मैरिज को बढ़ावा दिया गया. हालांकि, शुरुआत में इस तरह की शादियों को कानूनी मान्यता हासिल नहीं थी. फोटो साभार-@anirudhofficial/Instagram
सेल्फ-रिस्पेक्ट मैरिज को कानूनी पहचान दिलाने में तमिलनाडु की डीएमके सरकार की अहम भूमिका रही. साल 1967 में सीएन अन्नादुरई के नेतृत्व वाली सरकार ने हिंदू मैरिज एक्ट में संशोधन किया. इसके तहत सेक्शन 7-A जोड़ा गया, जिसने तमिलनाडु में इस तरह की शादियों को कानूनी मान्यता दी. यह कानून जनवरी 1968 में लागू हुआ. इस कानून के मुताबिक, शादी के लिए पुजारी या पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान जरूरी नहीं हैं. जोड़े को अपने रिश्तेदारों, दोस्तों या अन्य गवाहों की मौजूदगी में एक-दूसरे को पति-पत्नी के रूप में स्वीकार करना होता है. वे ऐसी भाषा में अपनी सहमति जता सकते हैं, जिसे दोनों समझते हों. फोटो साभार-@anirudhofficial/Instagram
इसके अलावा शादी पूरी करने के लिए तीन तरीकों में से कोई एक तरीका अपनाया जा सकता है. पहला, एक-दूसरे को वरमाला पहनाना. दूसरा, एक-दूसरे की उंगली में अंगूठी पहनाना. तीसरा, दूल्हे की ओर से दुल्हन के गले में थाली बांधना. इनमें से कोई एक रस्म पर्याप्त हो सकती है. इसके लिए सात फेरे लेना या अग्नि के सामने विवाह करना अनिवार्य नहीं है. हालांकि, शादी के लिए कानून में तय दूसरी जरूरी शर्तें पूरी होनी चाहिए. फोटो साभार-@anirudhofficial/Instagram
सेल्फ-रिस्पेक्ट मैरिज को लेकर साल 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने भी एक अहम फैसला सुनाया था. इलावरासन बनाम सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस मामले में अदालत ने स्पष्ट किया कि इस तरह की शादी के लिए सार्वजनिक समारोह या सार्वजनिक घोषणा करना जरूरी नहीं है. दरअसल, कुछ जोड़े परिवार या समाज के विरोध के कारण अपनी शादी को निजी रखना चाहते हैं. कई बार उन्हें अपनी सुरक्षा का भी डर होता है. ऐसे में शादी को सार्वजनिक रूप से घोषित करने की अनिवार्यता उनके लिए परेशानी खड़ी कर सकती है. सुप्रीम कोर्ट ने इसी बात को ध्यान में रखते हुए कहा कि सेल्फ-रिस्पेक्ट मैरिज के लिए हर स्थिति में सार्वजनिक घोषणा जरूरी नहीं मानी जा सकती. फोटो साभार-@anirudhofficial/Instagram
लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंडियादेखें.First Published :
November 14, 2026, 12:34 IST









