असली और नकली कश्मीरी शॉल-सूट की पहचान कैसे करें? कश्मीर से आएं कारीगर शमीम से जानें

मेरठ: कश्मीरी शॉल और सूट के प्रति महिलाओं में काफी क्रेज देखने को मिलता है. यही वजह है कि जब भी लोग जम्मू-कश्मीर घूमने या मां वैष्णो देवी के दर्शन करने जाते हैं, तो वहां से कश्मीरी शॉल और सूट खरीदकर लाते हैं. इनकी कढ़ाई और कपड़े की अपनी खास पहचान है. लेकिन अलग-अलग शहरों के बाजारों में भी कम कीमत पर कश्मीरी शॉल और सूट मिलने लगे हैं. ऐसे में कई बार लोग असली और नकली कपड़े के बीच अंतर नहीं कर पाते. इसी को ध्यान में रखते हुए Local18 की टीम ने मेरठ खादी महोत्सव में कश्मीरी शॉल और सूट की स्टॉल लगाने वाले कश्मीर निवासी शमीम से खास बातचीत की.

Local18 से बातचीत करते हुए शमीम ने बताया कि लोग अक्सर अपनी बेटियों की शादी में सोने के गहने देते हैं, लेकिन कश्मीर में बहन-बेटियों की शादी पर कश्मीरी शॉल और सूट देने की परंपरा भी है. वहां के लोगों के लिए इन कपड़ों की अहमियत सोने से कम नहीं है. उन्होंने बताया कि बाजार में भले ही कम कीमत पर कश्मीरी शॉल और सूट उपलब्ध हों, लेकिन असली कपड़े की कीमत काफी ज्यादा होती है. साधारण कश्मीरी शॉल की कीमत 8,000 रुपये से शुरू होती है, जबकि कढ़ाई वाले कश्मीरी शॉल की कीमत 40,000 रुपये तक पहुंच जाती है.

कश्मीरी शॉल में इन कलाओं का होता है इस्तेमाल

शमीम के मुताबिक, कश्मीरी शॉल बनाने में कई पारंपरिक कलाओं का इस्तेमाल होता है. इनमें पश्मीना, कानी बुनाई, सोजनी कढ़ाई और आरी कढ़ाई प्रमुख हैं. अगर आप भी करवा चौथ या दीपावली के मौके पर कश्मीरी शॉल या सूट खरीदने की सोच रहे हैं, तो कपड़े की बनावट और कढ़ाई पर खास ध्यान दें.

ऐसे करें असली कश्मीरी कपड़े की पहचान

शमीम ने बताया कि असली कश्मीरी कपड़े को हाथ में लेने पर वह काफी हल्का महसूस होता है. इसकी बनावट भी प्राकृतिक होती है और कपड़े में बारीकियां दिखाई देती हैं. अच्छी पश्मीना में हल्की प्राकृतिक बनावट नजर आ सकती है, जो उसे खूबसूरत बनाती है. वहीं, अगर कपड़ा जरूरत से ज्यादा चिकना या कृत्रिम महसूस हो, तो उसकी गुणवत्ता पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने बताया कि पिछले कुछ सालों से असली पश्मीना में दूसरी तरह की ऊन भी मिलाई जाने लगी है. इसमें 20, 40, 60 और 80 प्रतिशत तक मिश्रण हो सकता है. इसके अलावा, शॉल पर बनी फूल-पत्तियों की कढ़ाई भी उसकी पहचान के बारे में कुछ जानकारी दे सकती है. शमीम के अनुसार, हाथ से की जाने वाली सोजनी कढ़ाई सुई की मदद से तैयार की जाती है. इसलिए कश्मीरी शॉल, सूट या साड़ी खरीदते समय कपड़े की बनावट, बुनाई और कढ़ाई को ध्यान से देखना चाहिए.

कपड़े की खासियत और कारीगरी

शमीम ने बताया कि आमतौर पर कोई कपड़ा खराब हो जाए, तो लोग उसे फेंक देते हैं. लेकिन कश्मीरी कपड़े की कारीगरी इतनी खास होती है कि इसके छोटे-छोटे टुकड़ों की भी कीमत होती है. उन्होंने बताया कि आज कश्मीरी कपड़ा मशीनों से भी तैयार किया जाने लगा है, लेकिन कई कारीगर अब भी इसे हाथों से बनाते हैं. हाथ से तैयार होने वाले एक सूट के कपड़े को बनाने में करीब दो साल तक का समय लग सकता है. ऐसे कपड़ों की कीमत लाखों रुपये तक पहुंच जाती है.

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति