सिकंदर लोदी ने क्यों तुड़वाया था जौनपुर की बड़ी मस्जिद का दरवाजा? जानिए इतिहास

Last Updated:October 19, 2026, 19:27 IST

Jaunpur History: जौनपुर की ऐतिहासिक बड़ी मस्जिद को लेकर इतिहास में कई तथ्य दर्ज हैं. दिल्ली के सुल्तान सिकंदर लोदी के आक्रमण के दौरान इस मस्जिद के पूर्वी द्वार को तोप से क्षतिग्रस्त कर दिया गया था. आइए जौनपुर की बड़ी मस्जिद के इतिहास के बारे में जानते हैं.

जौनपुर: शिराज-ए-हिंद के नाम से मशहूर जौनपुर की ऐतिहासिक इमारतें अपने भीतर सदियों का इतिहास समेटे हुए हैं. यहां की बड़ी मस्जिद की भव्यता और ऊंचाई आज भी लोगों को आकर्षित करती है. कहा जाता है कि जब दिल्ली के सुल्तान सिकंदर लोदी ने जौनपुर पर आक्रमण किया था, तब इस विशाल मस्जिद को देखकर उसकी सेना को भ्रम हो गया था कि यह कोई बड़ा किला है. इसी संदेह के चलते मस्जिद के पूर्वी द्वार को तोप से क्षतिग्रस्त कर दिया गया था. बाद में स्थानीय लोगों ने चंदा जुटाकर इसका पुनर्निर्माण कराया.

शिक्षाविद डॉ. बृजेश यदुवंशी ने बताया कि सिकंदर लोदी जौनपुर पर आक्रमण करने के उद्देश्य से आया था. वह शाहगंज के रास्ते होते हुए शहर पहुंचा. इसी दौरान जब उसकी सेना बड़ी मस्जिद के पास पहुंची, तो मस्जिद की विशालता और ऊंचाई देखकर उसे किला होने का संदेह हुआ. इसके बाद मस्जिद के पूर्वी द्वार को तोप से क्षतिग्रस्त कर दिया गया. मस्जिद के पूर्वी और उत्तरी हिस्से को भी नुकसान पहुंचने की बात कही जाती है.

विरोध और आपत्ति के बाद रोकी मस्जिद पर कार्रवाई
डॉ. यदुवंशी बताते हैं कि जब स्थानीय उलेमा को इस घटना की जानकारी हुई, तो उन्होंने इसका विरोध किया. इसके बाद फतवा जारी किए जाने की बात सामने आती है. विरोध और आपत्ति के बाद सिकंदर लोदी ने मस्जिद पर आगे की कार्रवाई रोक दी. इस तरह बड़ी मस्जिद को और अधिक नुकसान होने से बचा लिया गया. हालांकि, इस घटना के विवरण को ऐतिहासिक दस्तावेजों से मिलान करना जरूरी है, क्योंकि इसके अलग-अलग मौखिक विवरण प्रचलित हैं.

जौनपुर की बड़ी मस्जिद का निर्माण शर्की शासनकाल में सुल्तान हुसैन शाह शर्की ने 15वीं शताब्दी में कराया था. इसका निर्माण वर्ष 1470 के आसपास माना जाता है. अपनी भव्य वास्तुकला, ऊंचे प्रवेश द्वार और विशाल परिसर के कारण यह मस्जिद जौनपुर की पहचान बन गई है. आज भी यह देश की प्रमुख ऐतिहासिक मस्जिदों में गिनी जाती है.

ऐतिहासिक धरोहर के प्रति आस्था और जुड़ाव
डॉ.यदुवंशी ने बताया कि आक्रमण के दौरान क्षतिग्रस्त हुए पूर्वी द्वार के पुनर्निर्माण में स्थानीय लोगों ने सहयोग किया था. लोगों ने चंदा इकट्ठा करके इसे दोबारा बनवाया. यह घटना जौनपुर के लोगों की अपनी ऐतिहासिक धरोहर के प्रति आस्था और जुड़ाव को भी दर्शाती है. समय के साथ जौनपुर की राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियां बदलती रहीं, लेकिन यहां की ऐतिहासिक इमारतें आज भी बीते दौर की याद दिलाती हैं. बड़ी मस्जिद केवल इबादत का स्थान नहीं, बल्कि शर्की स्थापत्य कला और जौनपुर के गौरवशाली अतीत का प्रतीक भी है. इसकी दीवारें और विशाल संरचना आज भी शहर के इतिहास में रुचि रखने वाले लोगों को आकर्षित करती हैं.

About the Author

आर्यन सेठ

आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ली से साल 2024 में…

और पढ़ेंLocation :

Jaunpur,Uttar Pradesh

First Published :

October 19, 2026, 19:27 IST

Source

dainikupeditor@gmail.com

Writer & Blogger

All Posts
Previous Post
Next Post

ताज़ा खबरे

  • All Posts
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • योजनाये
  • राजनीति