वैभव का महारिकॉर्ड तय, AFG के खिलाफ उतरते ही 20 साल पुराना रिकॉर्ड होगा स्वाहा
Last Updated:September 02, 2026, 17:31 IST
Vaibhav Sooryavanshi records: वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड दौरे पर सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़कर सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू का इतिहास रचा था. अब अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज के लिए चुनी गई भारतीय टीम में उनका चयन हुआ है. सीरीज के दौरान मैदान पर उतरते ही वैभव भारत की धरती पर पहला इंटरनेशनल मैच खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे.
वैभव सूर्यवंशी अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में मैदान पर उतरते ही इतिहास रच देंगे.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक नया पन्ना दर्ज होने जा रहा है. वैभव सूर्यवंशी को अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जाने वाली आगामी टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है. वैभव के चयन की खबर आते ही क्रिकेट गलियारों में उनका नाम फिर से चर्चा का विषय बन गया है. इस सीरीज के दौरान मैदान पर कदम रखते ही वैभव एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे, जो भारतीय क्रिकेट इतिहास में अब तक किसी अन्य खिलाड़ी के नाम दर्ज नहीं हो सका है. वैभव सूर्यवंशी ने हाल में इंग्लैंड दौरे पर अपने इंटरनेशनल क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी. इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 मैच खेलकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की ओर से डेब्यू किया था. इसके साथ ही वैभव भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले क्रिकेटर बन गए.
इस उपलब्धि के साथ वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) का सालों पुराना ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया. महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने साल 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था, उस समय सचिन की उम्र 16 साल और 75 दिन थी. कई दशकों तक इस रिकॉर्ड को तोड़ पाना असंभव माना जाता रहा. लेकिन साल 2026 में जब वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेला, तब उनकी उम्र महज 15 साल और 99 दिन थी. इस तरह वैभव ने बेहद कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ी.
पीयूष चावला का ऐतिहासिक रिकॉर्ड टूटने की बारी
अब अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में वैभव सूर्यवंशी के सामने एक और ऐतिहासिक मुकाम हासिल करने का मौका है. इंग्लैंड के खिलाफ वैभव ने विदेशी धरती पर डेब्यू किया था, लेकिन इस बार वह भारतीय सरजमीं पर खेलने के लिए तैयार हैं. अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में जैसे ही वैभव को अंतिम एकादश में शामिल किया जाएगा और वह मैदान पर उतरेंगे, वह भारत में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे.
भारतीय सरजमीं पर सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का यह रिकॉर्ड फिलहाल पूर्व लेग स्पिनर पीयूष चावला (Piyush Chawal) के नाम दर्ज है. पीयूष चावला ने 9 मार्च 2006 को मोहाली के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच खेलकर घरेलू धरती पर अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था. उस समय पीयूष चावला की उम्र 17 साल और 75 दिन थी. पीयूष के अलावा अन्य खिलाड़ियों की बात करें तो दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने 25 मार्च 1998 को बेंगलुरु में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जब अपना पहला टेस्ट मैच खेला था, तब उनकी उम्र 17 साल और 265 दिन थी. उनसे भी पहले 2 दिसंबर 1955 को मुंबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ डेब्यू करने वाले विजय मेहरा की उम्र 16 साल और 265 दिन थी. वैभव अब इन सभी दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए भारतीय सरजमीं पर डेब्यू करने वाले सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी बनने की दहलीज पर खड़े हैं.
अफगानिस्तान सीरीज के लिए चुनी गई मजबूत भारतीय टीम
अफगानिस्तान के खिलाफ इस टी-20 सीरीज के लिए चुनी गई भारतीय टीम में अनुभव और युवाओं का बेहतरीन संतुलन देखने को मिल रहा है. टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है, जबकि तिलक वर्मा को उप-कप्तान की जिम्मेदारी दी गई है. बल्लेबाजी विभाग में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे विस्फोटक बल्लेबाज मौजूद हैं, जहां संजू और ईशान विकेटकीपिंग का विकल्प भी प्रदान करेंगे.
ऑलराउंडर के तौर पर शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर को टीम में शामिल किया गया है. वहीं स्पिन गेंदबाजी का जिम्मा वरुण चक्रवर्ती और रवि बिश्नोई के कंधों पर होगा. तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई जसप्रीत बुमराह करेंगे, जिनका साथ देने के लिए अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा को टीम में जगह दी गई है. इस मजबूत और संतुलित टीम में वैभव सूर्यवंशी की मौजूदगी सभी का ध्यान अपनी ओर खींच रही है. क्रिकेट प्रशंसक अब यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि यह युवा सितारा अफगानिस्तान के खिलाफ किस तरह अपनी बल्लेबाजी का जलवा बिखेरता है.
About the Author
Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
September 02, 2026, 17:31 IST









