How to Get Rid of Termites: घर में लकड़ी के दरवाजे, चौखट और खिड़कियां लगवाने के बाद कई बार लोगों को दीमक की समस्या का सामना करना पड़ता है. दीमक धीरे-धीरे लकड़ी को अंदर से खोखला कर देती है, जिससे दरवाजे और खिड़कियां कमजोर होने लगते हैं. ऐसे में समय रहते इसका उपचार करना जरूरी है. कारपेंटर जीशान ने लकड़ी को दीमक से बचाने के कुछ उपाय बताए हैं.
कारपेंटर जीशान ने बताया कि लकड़ी के फर्नीचर, दरवाजों और खिड़कियों में दीमक लगना एक आम समस्या है. अगर समय पर इसका इलाज न किया जाए, तो यह पूरी लकड़ी को खोखला कर देती है. उन्होंने दीमक से बचाव के आसान घरेलू और बाजार में मिलने वाले उपाय बताए हैं, जिनसे उनके अनुसार दीमक हमेशा के लिए खत्म हो सकती है. उन्होंने बताया कि नई लकड़ी लगाने के बाद भी करीब एक से डेढ़ साल में उसमें दीमक लग सकती है. इसलिए शुरुआत से ही लकड़ी का बचाव करना जरूरी है. अगर एक बार दीमक लग गई, तो वह धीरे-धीरे पूरी लकड़ी को खराब कर देती है.
लाइफटाइम के लिए मिलेगा छुटकारा
कारपेंटर जीशान के मुताबिक, दीमक से बचाव के लिए कुछ घरेलू और बाजार में मिलने वाले उपाय अपनाए जा सकते हैं. उनका दावा है कि इन उपायों से दीमक हमेशा के लिए खत्म हो सकती है.
घरेलू उपाय से मिलेगा छुटकारा
दीमक से राहत के लिए सबसे आसान घरेलू उपाय डीजल है. डीजल लगभग हर घर में मिल जाता है. जीशान के मुताबिक, जहां दीमक लगी हो, वहां डीजल डाल देने से दीमक हमेशा के लिए खत्म हो जाती है. पेट्रोल भी एक घरेलू उपाय है, लेकिन उनके अनुसार पेट्रोल से दीमक तुरंत मर जाती है और फिर दोबारा पनपने लगती है. इसलिए पेट्रोल की तुलना में डीजल ज्यादा असरदार माना जाता है.
बाजार में मिलते हैं दीमक से बचाव के कई उत्पाद
बाजार में दीमक से बचाव के लिए कई तरह के तेल मिलते हैं. इनमें एस्ट्रोलॉजी ऑयल को सबसे बेहतर उपाय बताया गया है. इसके अलावा, नीम का तेल, हर्बल तेल और किलर तेल भी मिलते हैं. क्लोरोपाइरीफॉस प्लस साइपरमेथ्रिन भी बाजार में आसानी से उपलब्ध है. जीशान के मुताबिक, इन तेलों और उत्पादों का इस्तेमाल करने से दीमक खत्म हो जाती है और लंबे समय तक राहत मिलती है. एक्सपर्ट के अनुसार, ये सभी उत्पाद अच्छी गुणवत्ता के हैं और दीमक से बचाव के लिए कारगर हैं.









