अल्काराज का जलवा जारी है… पहला सेट गंवाया, फिर लगातार 8 गेम जीतकर पलटा मैच
Last Updated:September 03, 2026, 12:34 IST
Carlos Alcaraz US Open: खुद अल्काराज ने माना कि चार सेट तक चला मुकाबला उनके लिए अच्छा रहा, क्योंकि इससे उन्हें अपनी फिटनेस का अंदाजा हुआ. पहले सेट के बीच में सर्विस टूटने के बावजूद उन्होंने तुरंत लय हासिल कर ली. इस जीत के साथ अल्काराज ने ग्रैंड स्लैम में लगातार 16 मैच जीतने का सिलसिला जारी रखा.
न्यूयॉर्क: मौजूदा चैंपियन और अप्रैल के बाद पहली बार किसी टूर्नामेंट में खेल रहे कार्लोस अल्काराज ने पहला सेट गंवाने के बाद जोरदार वापसी करते हुए यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट के तीसरे दौर में जगह बनाई. अल्काराज ने शुरुआत में पिछड़ने के बाद लगातार आठ गेम जीते और बुधवार रात को जैमे फारिया को 4-6, 6-0, 6-3, 6-2 से हराया.
इस 23 वर्षीय खिलाड़ी ने मैच के बाद कहा,’ईमानदारी से कहूं तो मैं इस मैच को जल्दी समाप्त करना चाहता था, लेकिन मैच के चार सेट तक खिंचना मेरे लिए अच्छा रहा क्योंकि इससे मुझे अपनी फिटनेस का पता चल गया.’
दूसरे वरीयता प्राप्त अल्काराज ने पहले सेट के बीच में अपनी सर्विस गंवा दी, लेकिन इसके बाद उन्होंने जल्द ही लय हासिल कर दी.
उन्होंने कहा, ‘इसके बाद मैंने केवल अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करने की कोशिश की। मैंने शांत रहने की कोशिश की और मैं सोच रहा था कि सब कुछ अच्छा होगा.’
अल्काराज ने पिछले साल फाइनल में यानिक सिनर के खिलाफ मुकाबले तक एक भी सेट नहीं हारा था. उन्होंने तब सिनर को चार सेटों में हराकर यूएस ओपन में अपना दूसरा खिताब जीता था.
अल्काराज ने इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन में अपना सातवां ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था, लेकिन कलाई की चोट के कारण वह इसके बाद फ्रेंच ओपन और विंबलडन में नहीं खेल पाए थे. इस तरह से उन्होंने ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में लगातार 16 मैच जीतने का सिलसिला जारी रखा है.
About the Author
Anshul TalmaleDeputy News Editor
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. यहां स्पोर्ट्स कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल डायरेक्शन एंड स्ट्रे…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
September 03, 2026, 12:34 IST









